भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार को कहा कि दक्षिण उत्तर प्रदेश में अलग-अलग इलाकों में हीटवेव यानी लू जारी है। साथ ही एजेंसी ने भारी बारिश के कारण पश्चिमी तट के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार सुबह आंशिक रूप से बादल छाए रहे और न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने ये जानकारी दी। शुक्रवार को दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में बारिश होने पर लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक, पिछले 24 घंटे में शहर में चार मिलीमीटर (mm) बारिश हुई।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, शनिवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
देशभर में कैसा रहेगा मौसम?
IMD ने भविष्यवाणी की है कि अगले 4-5 दिनों में केरल, कर्नाटक, महाराष्ट्र और गोवा में भारी से बहुत भारी बारिश होगी। पूरे भारत में मानसून के आगे बढ़ने की स्थितियां भी अनुकूल मानी गईं।
बारिश ने दिल्ली और दूसरे उत्तर-पश्चिमी राज्यों के बढ़ते तापमान से राहत दी है, डेक्कन हेराल्ड के अनुसार भारी बारिश के कारण केरल के नौ जिलों में NDRF को तैनात किया गया है।
महाराष्ट्र के पालघर में बारिश के कारण एक पुल डूब गया है। ठाणे में पेड़ गिरने की घटनाएं बढ़ी हैं और एक घटना में छह बच्चे घायल हो गए।
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, केरल में बारिश जल्दी शुरू हो गई है और पिछले महीने में बारिश के कारण हुईं दुर्घटनाओं में 11 मौतें हुई हैं।
IMD ने तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, केरल, माहे, कोंकण और गोवा के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। महाराष्ट्र, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड के कुछ हिस्सों में भी बारिश होगी।
IMD के अनुसार, बारिश के साथ-साथ बंगाल की खाड़ी से पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड और बिहार में हवा के तेज झोंके भी आने की संभावना है।
उत्तर पश्चिम भारत में भीषण गर्मी धीरे-धीरे खत्म हो रही है। IMD के अनुसार, उत्तर प्रदेश में तापमान ऊपर ही बना हुआ है, उरई (पश्चिमी उत्तर प्रदेश) में अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
दिल्ली-चंडीगढ़-हरियाणा, गुजरात और राजस्थान के कुछ इलाकों में अभी भी अधिकतम तापमान 40-42 डिग्री सेल्सियस के बीच चल रहा है। IMD का अनुमान है कि लू की स्थिति आखिरकार 23 से 25 जून के बीच खत्म हो जाएगी।
हालांकि, पिछले कुछ दिनों में हल्की आंधी और हवाओं के कारण दिल्ली के तापमान में कमी आई है, लेकिन सफदरजंग में तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस पर बना हुआ है।
ANI के मुताबिक, 18-20 जून तक नोएडा में शव परीक्षण के लिए 75 शव प्राप्त हुए हैं और कोरोनर ने अभी तक यह रिपोर्ट नहीं दी है कि क्या ये सभी हीटवेव से हुई मौतें हैं।
PTI के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने गुरुवार को कहा कि देश में हीटवेव से 114 मौतें हुई हैं और लगभग 41,984 हीटस्ट्रोक के मामले सामने आए हैं।