उत्तर भारत के ज्यादातर राज्य इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में हैं। लू लगने के चलते देश के अलग-अलग राज्यों में मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गर्मी से लोगों के हाल बेहाल हैं। गर्म हवाओं के थपेड़ों से कई लोगों की हालत खराब हो गई है। भीषण गर्मी की वजह से राजधानी में अब तक कम से कम 34 लोगों की मौत हो गई है। इसमें ज्यादातर लोग हीटस्ट्रोक से पीड़ित थे। दिल्ली सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि पिछले 48 घंटों में गर्मी से जुड़ी बीमारियों से पीड़ित 310 मरीज अस्पतालों में भर्ती हुए हैं।
