हैदराबाद से शुक्रवार की सुबह बहुत ही चौंकाने वाली खबर आई है। यहां 26 साल की वेटरिनेरियन के साथ हुए गैंगरेप के चार आरोपियों का पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया है। साइबराबाद की पुलिस ने बताया कि चारों आरोपियों- मोहम्मद, जोलू शिवा, जोलू नवीन और चिंताकुंटा चेन्नाकेश्वुलु को पुलिस एनकाउंटर में मार गिराया गया है।
न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, साइबराबाद पुलिस कमिश्नर वीसी सज्जनर ने बताया कि पुलिस चारों आरोपियों को शुक्रवार की तड़के सुबह तीन बजे के आसपास शादनगर के पास चतनपल्ली के क्राइमसीन पर क्राइम सीन रीक्रिएट करने ले गई थे, जहां आरोपियों ने भागने की कोशिश की। पुलिस को भाग रहे आरोपियों पर फायरिंग करनी पड़ी और चारों आरोपियों की मौत हो गई।
एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस एनकाउंटर में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। चारों आरोपियों की डेडबॉडी को सरकारी अस्पताल ले जाया गया है।
बता दें कि पुलिस ने 29 नवंबर को चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया था और शादनगर के एक कोर्ट में पेश किया था, जहां से उन्हें 14 दिनों की ज्यूडिशियल कस्टडी में भेज दिया गया था। तेलंगाना सरकार ने 4 दिसंबर को इस केस के तेज ट्रायल के लिए महबूबनगर में फास्ट-ट्रैक सेटअप किया था।