Credit Cards

Weather Update: दिल्ली सहित पूरे उत्तर भारत में अगले कुछ दिनों में पड़ेगी भीषण गर्मी, IMD ने इन राज्यों के लिए जारी किया अलर्ट

सर्दियों के बाद देश के कई हिस्सों में रिकॉर्ड तापमान देखा जा रहा है और कई राज्यों में आने वाले दिनों में लू चलने की भी संभावना है

अपडेटेड Mar 15, 2022 पर 12:28 PM
Story continues below Advertisement
दिल्ली और मुंबई में मार्च महीने में ही असामान्य उच्च तापमान दर्ज किया गया, जहां पारा रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया

Weather Update: मार्च महीने के शुरू होते ही देश के कई राज्यों में गर्मी (Heat) की तपिश बढ़ने लगी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक देश के अधिकांश हिस्सों में अगले कुछ दिनों गर्मी अपना सितम दिखाएगी। सर्दियों के बाद देश के कई हिस्सों में रिकॉर्ड तापमान देखा जा रहा है और कई राज्यों में आने वाले दिनों में लू चलने की भी संभावना है। पिछले कुछ दिनों लगातार तापमान में बढ़ोतरी हो रही है और लोगों को गर्मी का एहसास होना शुरू हो गया है।

दिल्ली और मुंबई में मार्च महीने में ही असामान्य उच्च तापमान दर्ज किया गया, जहां पारा रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक मुंबई में सामान्य तापमान से आठ डिग्री अधिक तापमान दर्ज किया गया। विभाग ने मुंबई में भीषण गर्मी की चेतावनी जारी की है।

इन राज्यों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने का अनुमान


आईएमडी के मुताबिक राजधानी दिल्ली के अलावा पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में मार्च से मई के दौरान अधिकतम तापमान 'सामान्य से अधिक'' रहने का अनुमान है। विभाग ने कहा कि पश्चिमी तथा इससे लगे मध्य भारत के भागों, उत्तर-पश्चिमी भारत और पूर्वोत्तर भारत के उत्तरी हिस्सों में कई स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा रहने की बहुत अधिक संभावना है।

ये भी पढ़ें- Jammu-Kashmir: धारा 370 हटने के बाद जम्मू-कश्मीर में लागू हुए 800 से अधिक केंद्रीय कानून, निर्मला सीतारमण ने लोकसभा में दी जानकारी

हालांकि, आईएमडी ने कहा कि प्रायद्वीपीय भारत के अधिकांश हिस्सों, पूर्वी व पूर्वोत्तर भारत तथा उत्तरी मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा कि इस अवधि के दौरान हिंद-गंगा क्षेत्र के मैदानी इलाकों में लू का कहर सामान्य से कम रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में मौसम का पारा और बढ़ने वाला है और होली के बाद लोगों को गर्मी और तेज तपती हवाओं का और सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में गर्मी तेजी से बढ़ेगी। कुछ राज्यों में लू चलने की भी संभावना है।

दिल्ली का हाल

राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 18.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया था। मंगलवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है और आसमान साफ रहने का अनुमान है। आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, बुधवार को न्यूनतम और अधिकतम तापमान क्रमशः 20 डिग्री सेल्सियस और 35 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक, 15 और 16 मार्च को राजधानी में हवा की गति अधिक होगी, इसलिए अधिकतम तापमान में और वृद्धि नहीं हो सकती है। लेकिन मौसम के औसत से ऊपर गर्म रहेगा। IMD के अनुसार 18 मार्च तक, अधिकतम तापमान में वृद्धि होगी।

इन राज्यों में होली बाद पड़ेगी भीषण गर्मी

IMD के मुताबिक होली के बाद दिल्ली, मुंबई, राजस्थान, गुजरात, कोंकणगोवा, तटीय आंध्र प्रदेश, केरल, तेलंगाना और तमिलनाडु के अलग-अलग इलाकों में तेज गर्मी पड़ने वाली है। इन राज्यों में तापमान 38 डिग्री से भी ज्यादा हो सकता है। 16 और 17 मार्च को ओडिशा और पश्चिम राजस्थान में तेज लू चलने की संभावना है। मुंबई में अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री के साथ साल के उच्चतम स्तर पर गया। अधिकतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री अधिक रहा और ठाणे, पालघर और रायगढ़ में लू की चेतावनी जारी की गई है।

मुंबई में पिछले साल दर्ज किया गया उच्चतम तापमान 28 मार्च को 40.9 डिग्री सेल्सियस था। मुंबई ने 1956 में 18 मार्च को 41.7 डिग्री के साथ अब तक का उच्चतम तापमान दर्ज किया था। मौसम विभाग के मुताबिक, गुजरात में गर्मी जारी है, जिसके चलते उत्तर भारत का तापमान तेजी से बढ़ रहा है। इसके अलावा आने वाले दिनों में ओडिशा के कुछ हिस्सों और राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों में लू चल सकती है। वहीं, उत्तर प्रदेश में अब गर्मी ने दस्तक दे दी है और होली बाद राज्य में लू चलने की भी संभावना है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।