VIDEO: कर्नाटक में पेड़ से होने लगी पैसों की बारिश, कांग्रेस उम्‍मीदवार के भाई के घर IT की छापेमारी में 1 करोड़ रुपये जब्त

आयकर विभाग ने कांग्रेस उम्‍मीदवार के भाई के कर्नाटक के मैसूर स्थित घर पर छापेमारी कर एक करोड़ की नकदी जब्त की है। हैरानी की बात यह है कि आम के पेड़ पर एक बक्से में छिपाकर एक करोड़ रुपये रखे गए थे। आईटी अधिकारियों ने मैसूर में सुब्रमण्यम राय के घर पर छापेमारी की थी, जहां पेड़ पर बक्से में रखे गए एक करोड़ रुपये बरामद किए गए

अपडेटेड May 03, 2023 पर 2:22 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
सुब्रमण्य राय पुत्तूर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी अशोक राय के भाई हैं

Karnataka Elections 2023: आचार संहिता लागू होने के बावजूद कर्नाटक विधानसभा चुनाव में जमकर पैसा बहाया जा रहा है। हालांकि चुनाव आयोग (EC) सभी उम्‍मीदवारों पर कड़ी नजर रख रहा है और जमकर छापेमारी कर रहा है। इस क्रम में बुधवार को आयकर विभाग (Income Tax Department) ने कांग्रेस उम्‍मीदवार के भाई के कर्नाटक के मैसूर स्थित घर पर छापेमारी कर एक करोड़ की नकदी जब्त की है। हैरानी की बात यह है कि आम के पेड़ पर एक बक्से में छिपाकर एक करोड़ रुपये रखे गए थे। आईटी अधिकारियों ने मैसूर में सुब्रमण्यम राय (Subramania Rai) के घर पर छापेमारी की थी, जहां पेड़ पर बक्से में रखे गए एक करोड़ रुपये बरामद किए गए।

सुब्रमण्य राय पुत्तूर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी अशोक कुमार राय (Ashok Kumar Rai) के भाई हैं। इस कार्रवाई का वीडियो भी सामने आया है। आयकर विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सुब्रमण्यम राय आम के पेड़ पर एक बॉक्स में पैसे छिपाकर रखे थे। एक करोड़ कैश बरामद होने के बाद आईटी अधिकारियों की छापेमारी आज पूरे दिन जारी रहेगी।

सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में IT अधिकारियों को आम की टहनी पर रखे एक बक्से के बारे में पूछताछ करते हुए देखा जा सकता है। जब इस बक्से को खोला गया तो उसमें से करारे-करारे नोट निकलने, जो एक करोड़ रुपए के थे। जिस पेड़ से एक करोड़ रुपए बरामद हुए हैं, वो काफी घना पेड़ है।


जिस पेड़ से एक करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए हैं वो उनके गार्डेन के बीचों बीच लगा हुआ है। IT विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि घर में कई बक्सों में रुपए छिपाकर रखे गए हैं। जिस पुत्तूर से सुब्रमण्यम राय के भाई अशोक राय चुनाव लड़ रहे हैं, वो दक्षिण कन्नड़ जिले में पड़ता है।

ये भी पढ़ें- 'मोहम्मद शमी होटल में महिलाओं के साथ...', क्रिकेटर पर संगीन आरोप लगा सुप्रीम कोर्ट पहुंची हसीन जहां

कर्नाटक में लगातार हो रही छापेमारी

बता दें कि आयकर विभाग ने पिछले कुछ हफ्तों में चुनावी राज्य कर्नाटक में कई छापे मारे हैं। बेंगलुरू पुलिस ने दो लोगों को एक करोड़ रुपये नकदी के साथ पकड़ा है। वसूली 13 अप्रैल को सिटी मार्केट क्षेत्र के पास एक ऑटो से की गई थी।

चूंकि कर्नाटक में आदर्श आचार संहिता लागू है, इसलिए राज्य में उचित दस्तावेजों के बिना बड़ी मात्रा में नकदी ले जाने की अनुमति नहीं है। पिछले महीने भी I-T टीमों ने निजी रियल एस्टेट डेवलपर अंकिता बिल्डर्स के कार्यालय और इसके मालिक नारायण आचार्य के हुबली स्थित आवास पर छापेमारी की थी। कर्नाटक में 10 मई को मतदान होगा और नतीजे 13 मई को आएंगे।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।