आयकर विभाग (Income Tax Department) ने ओडिशा और झारखंड में बौध डिस्टिलरीज प्राइवेट लिमिटेड (Boudh Distilleries Private Limited) पर छापेमारी की है। कंपनी से जुड़े परिसरों से भारी मात्रा में कैश बरामद किए गए हैं। IT अधिकारियों के मुताबिक ओडिशा के बोलांगीर एवं संबलपुर और झारखंड के रांची एवं लोहरदगा में तलाशी चल रही है। अभी तक 50 करोड़ रुपये तक के नोटों की गिनती पूरी हो चुकी है। न्यूज एजेंसी ANI को सूत्रों ने बताया कि नोटों की संख्या अधिक होने के कारण कैश गिनने वाली मशीनों ने काम करना बंद कर दिया है।
कंपनी की वेबसाइट के अनुसार, बौध डिस्टिलरीज प्राइवेट लिमिटेड का मुख्यालय ओडिशा में है, जिसमें 6 व्यावसायिक प्रभागों में 4 कंपनियां शामिल हैं। यह ग्रुप पूरे ओडिशा सहित झारखंड में भी सक्रिय है। कंपनियों में बौध डिस्टिलरी प्राइवेट लिमिटेड (ENA, CO2, DDGS), बलदेव साहू इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड (Fly Ash Bricks) क्वालिटी बॉटलर्स प्राइवेट लिमिटेड (IMFL Bottlling) और किशोर प्रसाद बिजय प्रसाद बेवरेजेज प्राइवेट लिमिटेड (Sales & Marketing of IMFL brands) शामिल हैं।
बौध डिस्टिलरी प्राइवेट लिमिटेड पर टैक्स चोरी की शिकायत के बाद आयकर विभाग के अधिकारियों ने बुधवार को कई स्थानों पर छापेमारी की। कंपनी के तमाम ब्रांचों पर दो दिन से छापमारी जारी है। आयकर विभाग की छह टीम मामले की जांच कर रही है। आयकर विभाग की टीम के साथ CRPF के जवान भी मौजूद हैं। इसके अलावा छापेमारी वाले स्थानों पर भारी संख्या में सुरक्षाबल तैनात हैं।
इसके अलावा बुधवार को आयकर विभाग की टीम ने झारखंड से राज्यसभा के कांग्रेस सांसद धीरज प्रसाद साहू के रांची, लोहरदगा और ओडिशा स्थित पांच से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की थी। धीरज साहू झारखंड के एक प्रमुख व्यावसायिक और राजनीतिक परिवार से आते हैं। वह कांग्रेस की ओर से दो बार राज्यसभा के लिए चुने गए हैं। ओडिशा के सुंदरगढ़ में भी उनसे संबंधित ठिकानों पर छापेमारी की गई थी।