Indian Air Force Day 2021: भारतीय वायुसेना ने आज शुक्रवार को अपना 89वां स्थापना दिवस (Air Force Day 2021) मनाया। देश को गौरवान्वित करने वाले इस मौके पर वायु सेना प्रमुख और तीनों सशस्त्र बलों के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में स्थित हिंडन एयरबेस (Hindon Airbas) पर भव्य कार्यक्रम हुआ।
इस मौके पर हिंडन एयरबेस पर भारतीय वायुसेना द्वारा 1971 में हुए भारत-पाकिस्तान युद्ध की विजयगाथा को दर्शाया गया, जिसमें भारत ने पाकिस्तान को हराकर बांग्लादेश के रूप में एक नए देश का निर्माण किया था। इस साल भारत पाकिस्तान युद्ध के 50 साल पूरे होने पर वायुसेना इस बार विजय वर्ष के तौर पर मना रही है।
Pune Airport: 14 दिनों के लिए बंद रहेगा पुणे एयरपोर्ट, जानिए क्यों
भारतीय वायुसेना के विमानों ने दुनिया को आकाश में अपनी ताकत दिखाई। इस दौरान परेड ग्राउंड पर वायुसैनिकों ने कदमताल कर सामंजस्य का परिचय दिया तो आकाश में कई लड़ाकू विमानों के साथ राफेल (Rafale), तेजस (Tejas) और सुखोई-30 (Sukhoi Su-30) की दहाड़ भी दुनिया ने सुनी।
हिंडन एयरबेस पर भारतीय विमान और हेलिकॉप्टर्स अपना दमखम दिखाया। भारतीय जवानों ने हैरतअंगेज करतबों के जरिए अपना शौर्य दिखाया। वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल विवेक राम चौधरी, नौसेना प्रमुख करमबीर सिंह, सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे और चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत वायुसेना दिवस के मौके पर हिंडन एयरबेस पर मौजूद थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वायु सेना दिवस पर शुभकामनाएं दीं और कहा कि भारतीय सशस्त्र सेना का यह अंग साहस, तत्परता और दक्षता का प्रतीक है। वायु सेना की स्थापना 08 अक्टूबर 1932 को हुई थी। वायु सेना भारतीय सशस्त्र सेना का महत्वपूर्ण अंग है जो वायु युद्ध, वायु सुरक्षा और वायु चौकसी जैसे महत्वपूर्ण काम देश के लिए करती है।
इस मौके पर चीफ ऑफ एयर स्टाफ, एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी ने कहा कि पूर्वी लद्दाख में पिछले साल हुए घटनाक्रम की प्रतिक्रिया में त्वरित कार्रवाई भारतीय वायु सेना की, किसी भी परिस्थिति से निपटने की तैयारी का प्रमाण थी। उन्होंने 89वें वायु सेना दिवस के मौके पर दिए संबोधन में यह भी कहा कि भारतीय वायु सेना को देश को यह दिखाना होगा कि बाहरी ताकतों को हमारी सीमाओं का उल्लंघन करने नहीं दिया जाएगा।
वायु सेना प्रमुख ने समारोह में कहा कि चूंकि हमारी चुनौतियां लगातार बढ़ रही है तो हमारी ताकत और यह सुनिश्चित करने का संकल्प भी बढ़ रहा है कि हवाई ताकत का सबसे अच्छा इस्तेमाल किया जाए। जब मैं आज हमारे सामने के सुरक्षा परिदृश्य को देखता हूं तो मैं महसूस करता हूं कि मैंने महत्वपूर्ण समय में कमान संभाली है।
सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।
