Indian Railways: अगर आप भी ट्रेन से यात्रा करते हैं तो आपके लिए एक बड़ी खुशखबरी है। भारतीय रेलवे (Indian Railways) ने कहा है कि आज यानी 14 फरवरी से IRCTC सभी ट्रेनों में यात्रियों को खाना मुहैया कराएगी। एक बयान में कहा गया है कि इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) आज (14 फरवरी) से भारतीय रेलवे की पैसेंजर ट्रेनों में पके हुए भोजन की सर्विस को फिर से शुरू करने के लिए तैयार है, जो देश में कोविड-19 महामारी के कारण निलंबित कर दी गई थी।
IRCTC ने यात्रियों की जरूरत और कोरोना लॉकडाउन प्रतिबंधों में ढील के चलते ट्रेनों में खाना देने की सुविधा फिर शुरू करने का फैसला किया है। यह सेवाएं लगभग 428 ट्रेनों में पके हुए भोजन के रूप में बहाल की जा चुकी हैं। प्रीमियम ट्रेनों (राजधानी, शताब्दी, दुरंतो) में पका हुआ भोजन पहले ही 21 दिसंबर को बहाल कर दिया गया था।
रेलवे द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि 428 ट्रेनों में पका हुआ खाना पहले ही बहाल किया जा चुका है। कुल ट्रेनों में से दिसंबर 2021 तक 30 प्रतिशत और जनवरी 2022 तक 80 प्रतिशत ट्रेनों में पके हुए भोजन के रूप में बहाल की जा चुकी हैं। जबकि शेष 20 प्रतिशत को 14 फरवरी 2022 तक बहाल कर दिया जाएगा।
आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि प्रीमियम ट्रेनों (राजधानी, शताब्दी, दुरंतो) में पका हुआ खाना दिसंबर 2021 में पहले ही बहाल कर दिया गया था। आईआरसीटीसी रेल मंत्रालय का एक सार्वजनिक उपक्रम है, जो भारतीय रेल के यात्रियों को प्रीमियम सेवाएं प्रदान करने में सबसे आगे रहा है।
बता दें कि 23 मार्च 2020 को कोरोना वायरस महामारी के कारण सुरक्षा उपायों को देखते हुए खान-पान सेवाओं को निलंबित कर दिया गया था। देश में कोविड के दरों में सकारात्मक गिरावट के साथ पांच अगस्त 2020 से ट्रेनों में भोजन-सेवा शुरू की गई थी।
यह सुविधा सभी यात्रियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए सहजता से यात्रियों तक निरंतर पहुंचाया जा रहा है। इस महामारी को देखते हुए खान-पान की सुविधाओं में उच्च मात्रा में स्वास्थ्यवर्धक सामग्रियों को शामिल किया गया है, जिससे यात्रियों को पौष्टिक आहार मिल सके और वह सुरक्षित महसूस करें।