Madhya Pradesh News: आय से अधिक संपत्ति मामले में मध्य प्रदेश के जबलपुर में आरटीओ संतोष पाल सिंह के घर हुई छापेमारी में बड़ा खुलासा हुआ है। EOW (Economic Offences Wing) ने यह छापेमारी संतोष पाल के सभी ठिकानों पर की गई है। छापेमारी के दौरान उनके घर से करीब 16 लाख रुपये नकद और सोने के कई जेवरात बरामद किए गए हैं। लंबे समय से संतोष पाल की आय से अधिक संपत्ति होने की शिकायत मिल रही थी।
न्यूज 18 के मुताबिक, संतोष पॉल पर आरोप है कि उसके पास वैध स्रोतों से प्राप्त आय की तुलना में करीब 650 गुना अधिक संपत्ति है। बताया जाता है कि वह 300 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति के मालिक हैं। EOW की टीम ने पाल के शताब्दीपुरम स्थित आलीशान पेंटहाउस और गढ़ा फाटक स्थित पुश्तैनी मकान पर एक साथ दबिश दी।
जानकारी के मुताबिक, संतोष पल लगभग 4 साल से जबलपुर में ही अपने पद पर बना हुआ है। सूत्रों ने बताया कि उसके कई रिश्तेदार आरटीओ के विभिन्न कामों में ठेका और पार्टनरशिप में शामिल हैं। पिछले दिनों संतोष पाल के खिलाफ कई शिकायतें दर्ज कराई गई थी।
इन शिकायतों में फर्जी जाति प्रमाण पत्र, ऑटो चालक को गांजा बेचने के झूठे आरोप में फंसाने की धमकी देना, रजिस्ट्रेशन, लाइसेंस, परमिट सहित वीआईपी नंबर्स की मनमानी फीस वसूलना और कमीशन लेने जैसे आरोप भी लगे। आरोप है कि पद पर रहते हुए संतोष ने करोड़ों रुपए की अवैध संपत्ति बनाई है।
घर देखकर अवाक रह गए अधिकारी
संतोष पाल के शताब्दीपुरम स्थित घर पर बुधवार रात ईओडब्ल्यू टीम ने सर्च शुरू की। रात करीब 10.30 बजे टीम आरटीओ के आलीशान घर और भीतर रखा साजो-सामान देखकर अवाक रह गई। गुरुवार सुबह भी ईओडब्ल्यू की टीम ने संतोष पाल के कई संपत्ति की छानबीन शुरू की। तलाशी अभियान के दौरान टीम को 16 लाख रुपए नकद और सोने चांदी के जेवर मिले।
आरटीओ संतोष पाल के शताब्दीपुरम स्थित घर पर छापा मारने के साथ ही ईओडब्ल्यू की टीम रात को ही उसके ग्राम दियाखेड़ा चरगवां मे करीब डेढ़ एकड़ जमीन में बने आलीशान फार्म हाउस एवं जीरो डिग्री विजय नगर वाले घर पर भी पहुंच गई।
अब तक की कार्रवाई में ईओडब्ल्यू को 16 लाख रुपए नगद एवं सोने चांदी के जेवर मिले हैं। इसके अलावा जमीन की खरीद-फरोख्त से संबंधित दस्तावेज भी मिले हैं। तीनों स्थानों पर अब भी छानबीन की कार्रवाई जारी है, जिसमें और भी खुलासे हो सकते हैं।