Exclusive: 'माहौल ठीक नहीं, लोग डरे हुए हैं', जहांगीरपुरी के व्यापारियों के मन में दहशत, पथराव के बाद अफवाहों का बाजार भी गर्म

jahangirpuri Violence: जब पुलिस एक आरोपी के घर उसे गिरफ्तार करने पहुंची, तो उसके परिवार के सदस्यों ने जवाबी कार्रवाई में उन पर पथराव किया

अपडेटेड Apr 19, 2022 पर 12:55 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
जहांगीरपुरी के व्यापारियों के मन में दहशत (Moneycontrol Hindi)

Jahangirpuri Violence Exclusive: जहांगीरपुरी (Jahangirpuri), दिल्ली के उत्तर पश्चिम जिले का यह इलाका, जहां ज्यादातर मध्यम और निम्न मध्यम वर्ग की आबादी रह रही है। इन दिनों हनुमान जयंती के दौरान हुई हिंसा (Hanuman Jayanti Violence) को लेकर यह इलाका चर्चाओं में है। हिंसा और बवाल किसी भी इलाके में हो, जाहिर है उसका असर वहां रह रहे लोगों पर तो पड़ता ही है। मगर इन्हीं लोगों में एक वर्ग ऐसा भी है, जिसे ऐसी घटनाओं से न सिर्फ अपनी जान जाने, बल्कि रोजी रोटी छिनने का भी डर बना रहता है।

हम बात कर रहे हैं, व्यापारी वर्ग की। दिल्ली में हुई इस ताजा हिंसा को हर कोई जाहिर है एक धर्मिक कोण से ही देख रहा है, क्योंकि बवाल हुआ तो अलग-अलग धर्मों के दो पक्षों में ही था। इस बीच जहांगीरपुरी इलाके के व्यापारियों की तरफ शायद ही किसी का ध्यान गया हो।

जब हम जहांगीरपुरी पहुंचे, तो बवाल वाले इलाके को छोड़ कर बाकी जगाहों पर सब कुछ आम दिनों की तरह ही सामान्य था। दुकानें खुली थीं और सोमवार का दिन था, तो नौकरी-पेशे वाले लोग अपने-अपने काम पर जा रहे थे। इस दौरान हम जहांगीरपुरी की मेन मार्केट से भी गुजरे। इसे देख कर तो बिल्कुल नहीं लग रहा था कि यहां आस-पास में ऐसी कोई घटना हुई भी है। बता दें कि ये मार्केट बवाल वाले इलाके के बिल्कुल पीछे है। मतलब C ब्लॉक के एकदम पीछे।


इसके बाद शाम करीब 4 बजे जब हम वापस मेन मार्केट से निकले, तो माहौल में कुछ तनाव था। देख कर ऐसा लग रहा था कि जैसे यह बाजार बंद था और अब दुकानें खोली जा रही हैं। सच भी यही था कि बाजार अब से पहले करीब एक से डेढ घंटा बंद रहा। उसका कारण है, C-ब्लॉक में दोपहर को पुलिस पर हुआ पथराव।

क्राइम ब्रांच की टीम पर पथराव

दरअसल दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच सोमवार को C-ब्लॉक में एक संदिग्ध को पकड़ने गई थी। इस शख्स का हिंसा के दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था, जिसमें यह गोली चलाते दिख रहा था।

हालांकि, जब पुलिस उस व्यक्ति के घर पहुंची, तो उसके परिवार के सदस्यों ने जवाबी कार्रवाई में उन पर पथराव किया। इसमें एक व्यक्ति को भी हिरासत में लिया गया है और पुलिस के एक इंस्पेक्टर के पैर में भी चोट आई। पुलिस ने कहा कि स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है।

इसी घटना के चलते यह पूरा बाजार अचानक बंद हो गया। दोबारा जब बाजार खुला तो, अपनी-अपनी दुकानों के बाहर कुछ व्यापारी खड़े थे और आपस में बात कर रहे थे। उनसे जब हमने बात की, तो उन्होंने बताया कि माहौल बहुत तनावपूर्ण है।

'लोग डरे हुए हैं, माहौल सही नहीं है'

कपड़े के एक व्यापारी, जिन्होंने अपना नाम कृष्णा बताया, ने कहा कि देखिए लोग डरे हुए हैं। माहौल सही नहीं है। हमारी तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहा है। हमें भी तो कोई देखे।

वहीं उनके बराबर में खड़े एक और कपड़े के व्यापारी ने कहा कि हम यहां जितने भी लोग हैं, सभी को 20 से 25 साल यहां हो गए हैं। आज से पहले इस तरह की घटना यहां कभी नहीं हुई। यह पहला मौका है, जब इस इलाके में इतना तनाव बना हुआ है।

पथराव के बाद जहांगीरपुरी की मेन मार्केट पूरी तरह से नहीं खुली (Moneycontrol Hindi) पथराव के बाद जहांगीरपुरी की मेन मार्केट पूरी तरह से नहीं खुली (Moneycontrol Hindi)

इन सभी दुकानदारों को चिंता था कि न जाने कब क्या हो जाए। कृष्णा ने आगे बताया कि देखिए अभी लोगों को इतना डर है कि कई दुकानें पूरी तरह से खुली हैं, लेकिन कई व्यापारियों ने आधी ही दुकानें खोली हैं।

उन्होंने कहा कि पूरे जहांगीरपुरी का यह मेन मार्केट है। कोई भी किसी भी समुदाय से हो, ज्यादातर लोग यहां से ही शॉपिंग करते हैं। इसलिए भी हमें ज्यादा डर है।

व्यापारियों को चिंता यह भी थी कि कुछ ही दिनों बाद ईद आने वाली है और खरीदारी का समय है। ऐसे में अगर तनाव रहेगा, तो लोग घरों से बाहर नहीं निकल पाएंगे और बाजार में बिक्री भी कम होगी।

पथराव की घटना के बाद उड़ी अफवाहें

इससे कुछ दूर चलने पर हमने एक और व्यापारी से बात की, उन्होंने बताया कि जैसे ही हमें पथराव की जानकारी मिली हमने तुरंत दुकान बंद कर दी। उन्होंने एक नई बात भी बताई कि इस घटना के बाद यह भी अफवाह उड़ने लगी कि K-ब्लॉक और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के पास में भी बवाल हो गया है। हालांकि, वहां ऐसा कुछ नहीं हुआ था।

उन्होंने कहा कि कल ही डीसीपी उषा रंगरानी अमन समिति में लोगों को समझा कर गईं थीं कि न किसी तरह कि अफवाह फैलानी है और न ही अफवाहों पर विश्वास करना है। व्यापारी ने कहा, "मैं खुद उस अमन समिति की मीटिंग में मौजूद था।"

पथराव के बाद खुला जहांगीरपुरी का मेन मार्केट (Moneycontrol Hindi) पथराव के बाद खुला जहांगीरपुरी का मेन मार्केट (Moneycontrol Hindi)

इन सभी दुकानदारों ने कैमरे पर बात करने और अपनी ज्यादा पहचान जाहिर करने से इनकार कर दिया था। इनका कहना था कि हमारे काम-धंधे यहां हैं, हमें यहीं रहना है। इसलिए हम ज्यादा सामने नहीं आ सकते हैं।

रात में पुलिस कैसे करती है दुकानों की सुरक्षा

वहीं दूसरी तरफ बाजार के गेट पर तैनात दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने कहा कि हां पथराव के बाद बाजार एक घंटा बंद रहा था। हालांकि, इसके बाद यहां आला आधिकारी पहुंचे और उन्होंने बाजार खुलवान के लिए कहा।

हेड कांस्टेबल से जब हमनें दुकानों की सुरक्षा को लेकर सवाल पूछा तो, उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं है कि रात में यहां कोई नहीं होता है। रात को बाजार बंद होने के बाद यहां अलग-अलग जगहों पर पांच-पांच लोगों की टीम तैनात की जाती है। उन्होंने कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है। पुलिस यहां इन लोगों की सुरक्षा के लिए हमेशा मौजूद रहती है।

Jahangirpuri Violence : जहांगीरपुरी पहुंची फॉरेंसिक टीम, अभी तक 23 आरोपी पकड़े गए

बता दें कि शहर के जहांगीरपुरी इलाके में शनिवार को हनुमान जयंती शोभायात्रा के दौरान झड़प हुई थी, जिसमें नौ पुलिसकर्मी और एक नागरिक घायल हो गया था।

दिल्ली पुलिस कमिश्नर राकेश अस्थाना ने कहा कि शनिवार को हुई झड़पों की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है। इस संबंध में 14 टीमों का गठन किया गया है। क्राइम ब्रांच की टीम सोमवार दोपहर जहांगीरपुर में पहुंची और वीडियो सूबत में पहचाने गए लोगों के घरों पर दबिश दी। इसके अलावा फॉरेंसिक टीमों ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर सबूत इकट्ठा किए।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।