जम्मू-कश्मीर: 300 फुट गहरी खाई में गिरी बस, 38 लोगों की मौत, पीएम ने किया मुआवजे का ऐलान

Jammu Kashmir Accident: बस बटोटे-किश्तवाड़ नेशनल हाईवे पर त्रुंगल-अस्सार के पास सड़क से फिसल गई और 300 फुट नीचे खाई में गिर गई। अधिकारियों ने बताया कि बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है और अब तक 25 शव बरामद किए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि घायलों को जिला अस्पताल किश्तवाड़ और जीएमसी डोडा में भर्ती कराया गया है

अपडेटेड Nov 15, 2023 पर 3:07 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Jammu Kashmir Accident: इस हादसे में 19 यात्री घायल हो गए हैं

Jammu Kashmir Accident: जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में बुधवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यात्रियों को लेकर जा रही एक बस सड़क से फिसलकर करीब 300 फुट गहरी खाई में गिर गई, जिससे कम से कम 38 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में 19 यात्री घायल हो गए। मृतकों की संख्या अभी बढ़ने की आशंका है। अधिकारियों ने बताया कि बस की रजिस्टर्ड संख्या JK02CN-6555 है। बताया जा रहा है कि बस में लगभग 40 से अधिक यात्री सवार थे।

बस बटोटे-किश्तवाड़ नेशनल हाईवे पर त्रुंगल-अस्सार के पास सड़क से फिसल गई और 300 फुट नीचे खाई में गिर गई। अधिकारियों ने बताया कि बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है और अब तक 25 शव बरामद किए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि घायलों को जिला अस्पताल किश्तवाड़ और जीएमसी डोडा में भर्ती कराया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर हैं और दुर्घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं। एक अधिकारी ने बताया कि बचाव अभियान अभी भी जारी है। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि वह लोगों की मौत से बेहद दुखी हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने बताया कि उन्होंने डोडा के जिला आयुक्त हरविंदर सिंह से बात की है और आधिकारिक तौर पर मरने वालों की संख्या 36 है।


सिंह ने सोशल मीडिया प्लटेफॉर्म X पर बताया कि डोडा बस दुर्घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 36 हो गई और 19 लोग घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि घायलों को आवश्यकता के अनुसार जिला अस्पताल किश्तवाड़ और जीएमसी डोडा में शिफ्ट किया जा रहा है। अधिक घायलों को शिफ्ट करने के लिए हेलीकॉप्टर सेवा की व्यवस्था की जाएगी। आवश्यकतानुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध करायी जा रही है। मैं लगातार संपर्क में हूं।

पीएम मोदी ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान

पीएम नरेंद्र मोदी ने डोडा हादसे पर दुख जताया है। पीएम मोदी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के डोडा में हुई बस दुर्घटना दुखद है। उन परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल जल्द से जल्द ठीक हो जाएं। प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये दिए जाएंगे। साथ ही घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।