Job Vacancies In Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने कहा है कि नोएडा इंटरनेशनल फिल्म सिटी प्रोजेक्ट का निर्माण 6 महीने के भीतर शुरू होने की उम्मीद है। यूपी सरकार के तरफ से जारी एक बयान में दावा किया गया है कि नोएडा फिल्म सिटी बनने से 50,000 रोजगार पैदा होंगे। इसके अलावा लगभग 7 लाख लोग अप्रत्यक्ष रूप से भी लाभान्वित होंगे। फिल्म सिटी के निर्माण के लिए बॉलीवुड निर्माता बोनी कपूर की कंपनी बेव्यू प्रोजेक्ट्स और यमुना प्राधिकरण ने एक समझौते पर गुरुवार को हस्ताक्षर किए।
बेव्यू प्रोजेक्ट्स ने 31 जनवरी को उत्तर प्रदेश सरकार को 18 प्रतिशत राजस्व हिस्सेदारी की पेशकश के साथ बोली जीती थी। फिल्म निर्माता बोनी कपूर और रियल एस्टेट डेवलपर आशीष भूटानी द्वारा समर्थित गठजोड़ 'बेव्यू प्रोजेक्ट्स' ने फिल्म सिटी के विकास के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के उपक्रम यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किए।
पीटीआई के मुताबिक राज्य सरकार ने लखनऊ में जारी बयान में कहा, "फिल्म सिटी के निर्माण से राज्य और पड़ोसी राज्यों के 50,000 लोगों के लिए रोजगार के अवसर खुलेंगे, जबकि अप्रत्यक्ष रूप से पांच से सात लाख लोगों को नौकरी के अवसर मिलेंगे।"
6 महीने में शुरू होगा निर्माणकार्य
बयान के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट का निर्माण छह महीने के भीतर शुरू हो जाएगा। जबकि तीन साल के भीतर यहां फिल्म शूटिंग और संबंधित गतिविधियां भी शुरू हो जाएंगी।
योगी सरकार ने कहा कि इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य फिल्म इंडस्ट्री में अवसर चाहने वाले उत्तर प्रदेश के लोगों खासकर युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा करना। यहां से मुंबई, हैदराबाद और चेन्नई जैसे स्थापित केंद्रों के लिए एक विकल्प देना है।
फिल्म सिटी का निर्माण नोएडा के पास यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सेक्टर-21 में सार्वजनिक-निजी भागीदारी में 1,000 एकड़ भूमि पर किया जाएगा। पहले चरण में करीब 230 एकड़ भूमि विकसित की जाएगी।
वहीं, 1,000 एकड़ जमीन में से 220 एकड़ वाणिज्यिक और 780 एकड़ औद्योगिक इस्तेमाल के लिए है। पीटीआई द्वारा देखे गए आधिकारिक दस्तावेज के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई वाली सरकार की इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत 1,510 करोड़ रुपये है।