Rojgar Mela 2024: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने सोमवार को 'रोजगार मेले' के तहत हाल ही में भर्ती किए गए एक लाख से अधिक कर्मियों को नियुक्ति-पत्र वितरित किए। वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने राजधानी दिल्ली में समेकित कर्मयोगी भवन परिसर के पहले चरण का शिलान्यास भी किया। इस परिसर का उद्देश्य मिशन कर्मयोगी की विभिन्न शाखाओं के बीच तालमेल और सहयोग को बढ़ावा देना है।
नवनियुक्त युवा विभिन्न मंत्रालयों एवं विभागों जैसे राजस्व विभाग, गृह मंत्रालय, उच्च शिक्षा विभाग, परमाणु ऊर्जा विभाग, रक्षा मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, जनजातीय मामलों के मंत्रालय और रेलवे मंत्रालय में विभिन्न पदों पर भर्ती होकर सरकार में शामिल होंगे।
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के मुताबिक, रोजगार मेला देश में रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता को पूरा करने की दिशा में एक कदम है। नवनियुक्तों को कर्मयोगी पोर्टल पर एक ऑनलाइन मॉड्यूल 'कर्मयोगी प्रारंभ' के माध्यम से खुद को प्रशिक्षित करने का अवसर भी मिल रहा है, जहां 'कहीं भी किसी भी को डिवाइस' सीखने के प्रारूप के लिए 880 से अधिक ई-लर्निंग कोर्स उपलब्ध कराए गए हैं।
- इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "पहले की सरकारों में नौकरी के लिए विज्ञापन जारी होने से लेकर नियुक्ति पत्र देने तक बहुत लंबा समय लग जाता था। इस देरी का फायदा उठाकर उस दौरान रिश्वत का खेल भी जमकर होता था। हमने भारत सरकार में भर्ती की प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बना दिया है। सरकार का बहुत जोर है कि भर्ती प्रक्रिया एक तय समय के भीतर पूरी कर ली जाए। इससे हर युवा को अपनी योग्यता साबित करने का समान अवसर मिलने लगा है। आज हर युवा के मन में विश्वास है कि वो कड़ी मेहनत और अपनी प्रतिभा के दम पर अपनी जगह बना सकता है।"
- पीएम मोदी ने कहा, "2014 के बाद से ही हमारा प्रयास रहा है कि नौजवानों को भारत सरकार के साथ जोड़कर उन्हें राष्ट्रनिर्माण का सहभागी बनाएं। पहले की सरकार ने अपने 10 साल में जितनी सरकारी नौकरियां दी थीं, उससे लगभग 1.5 गुना ज्यादा सरकारी नौकरियां भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार ने अपने 10 सालों में दी हैं।"
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा, "1 करोड़ परिवारों के लिए रूफ टॉप सोलर पावर योजना की घोषणा की गई है। अब छत पर सोलर पैनल लगाने वालों को डबल फायदा होगा। उनका बिजली बिल जीरो होगा और जो अतिरिक्त बिजली वो पैदा करेंगे उससे आय भी होगी। रूफ टॉप सोलर की इतनी बड़ी योजना से देश में रोज़गार के भी लाखों अवसर बनेंगे।"
- पीएम मोदी ने कहा कि आज हर युवा के मन में विश्वास है कि वो कड़ी मेहनत और अपनी प्रतिभा के दम पर अपनी जगह बना सकता है। 2014 के बाद से ही हमारा प्रयास रहा है कि नौजवानों को भारत सरकार के साथ जोड़कर उन्हें राष्ट्रनिर्माण का सहभागी बनाएं।
- प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत, दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम है। देश में स्टार्टअप्स की संख्या अब 1.25 लाख के आसपास पहुंच रही है। इनमें बड़ी संख्या में स्टार्टअप टीयर 2 और टीयर 3 शहरों में हैं। उन्होंने कहा कि इन स्टार्टअप्स से युवाओं के लिए लाखों रोजगार बन रहे हैं। इस बार के बजट में स्टार्टअप को मिलने वाली टैक्स छूट को आगे बढ़ाने का भी ऐलान किया गया है।
- पीएम मोदी ने कहा कि देश में जब कनेक्टिविटी का विस्तार होता है, तो उसका प्रभाव एक साथ कई चीजों पर पड़ता है। कनेक्टिविटी बेहतर होने से नए बाजार बनने लगते हैं, पर्यटन स्थलों का विकास होता है। उन्होंने कहा कि कनेक्टिविटी बेहतर होने से नए बिजनेस तैयार होते हैं और इससे रोजगार के लाखों अवसर बनते हैं। यानी कनेक्टिविटी अच्छी होने का सीधा प्रभाव देश के विकास पर पड़ता है।