Kolkata Doctor Murder: 'आंख, मुंह और गुप्तांग से बह रहा था खून...' रेप के बाद हत्या! पोस्टमार्टम में कई चौंकाने वाले खुलासे, एक गिरफ्तार

Kolkata Doctor Rap Murder: अधिकारी ने बताया कि आरोपी व्यक्ति अस्पताल से जुड़ा नहीं है, लेकिन मेडिकल संस्थान के अलग-अलग विभागों में अक्सर आता-जाता रहता था। पोस्टमार्टम की चार पन्नों की शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, महिला के गुप्तांग से खून बह रहा था और शरीर के दूसरे हिस्सों में चोट के निशान थे। मृत पाई गई ट्रेनी डॉक्टर चेस्ट मेडिसिन डिपार्टमेंट की दूसरे साल की छात्रा थी और बृहस्पतिवार को नाइट ड्यूटी पर तैनात थी

अपडेटेड Aug 10, 2024 पर 4:27 PM
Story continues below Advertisement
Kolkata Doctor Murder: ट्रेनी डॉक्टर की रेप के बाद हुई हत्या! पोस्टमार्ट रिपोर्ट में कई चौंकाने वाले खुलासे, एक गिरफ्तार

पश्चिम बंगाल के कोलकाता में आरजी कर मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी बिल्डिंग की चौथी मंजिल पर शुक्रवार सुबह रहस्यमय हालात में एक महिला डॉक्टर का अर्धनग्न शव मिला था। उसकी प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यौन उत्पीड़न के बाद हत्या किए जाने का संकेत मिला है। पुलिस ने बताया कि आत्महत्या की संभावना से भी इनकार किया गया है और अब ताला पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। इस मामले में पुलिस ने एक शख्स को भी गिरफ्तार किया है।

न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, अधिकारी ने बताया कि आरोपी व्यक्ति अस्पताल से जुड़ा नहीं है, लेकिन मेडिकल संस्थान के अलग-अलग विभागों में अक्सर आता-जाता रहता था। पुलिस अधिकारी ने बताया, "हमने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जो कि बाहरी है। उसकी संदिग्ध गतिविधियों से ऐसा लगता है कि वह अपराध में शामिल था।"

उन्होंने बताया कि पुलिस ने PGT डॉक्टर की मौत की जांच के सिलसिले में शुक्रवार रात दो इंटर्न डॉक्टर से भी पूछताछ की। वहीं एक पुलिस अधिकारी ने कहा, "यह निश्चित रूप से आत्महत्या का मामला नहीं है। महिला की यौन उत्पीड़न के बाद हत्या की गई थी।"


गुप्तांगों से निकल रहा था खून

PTI ने शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट के हवाले से बताया की चार पन्नों की रिपोर्ट के अनुसार, महिला के गुप्तांग से खून बह रहा था और शरीर के दूसरे हिस्सों में चोट के निशान थे।

रिपोर्ट में कहा गया है, "उसकी दोनों आंखों और मुंह से खून बह रहा था, चेहरे और नाखून पर चोट के निशान थे। पीड़िता के गुप्तांग से भी खून बह रहा था। उसके पेट, बाएं पैर, गर्दन, दाएं हाथ, रिंग फिंग और होंठों पर भी चोट के निशान थे।"

गर्दन की हड्डी भी टूटी हुई थी

कोलकाता पुलिस के एक और वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अपराध सुबह तीन से छह बजे के बीच हुआ। उन्होंने कहा, "उसकी गर्दन की हड्डी भी टूटी हुई पाई गई।"

उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि पहले उसका गला घोंटा गया। उन्होंने कहा, "हम पोस्टमार्टम की पूरी रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं, जिससे हमें अपराधियों की पहचान करने में मदद मिलेगी।"

कोलकाता पुलिस ने इस हत्या की जांच के लिए एक SIT भी बनाई है।

डॉक्टर पिता ने लगाया था रेप आरोप

मृत पाई गई ट्रेनी डॉक्टर चेस्ट मेडिसिन डिपार्टमेंट की दूसरे साल की छात्रा थी और बृहस्पतिवार को नाइट ड्यूटी पर तैनात थी। ट्रेनी डॉक्टर के शव पर चोट के निशान मिले हैं।

ट्रेनी डॉक्टर के पिता ने आरोप लगाया था कि आर जी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के अंदर उसके साथ बलात्कार किया गया और इसके बाद उसकी हत्या कर दी गई और अब सच्चाई को छिपाने का प्रयास किया जा रहा है।

ममता बनर्जी ने की माता-पिता से बात

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "ट्रेनी डॉक्टर का शव उसके साथियों ने इमरजेंसी बिल्डिंग के सेमिनार हॉल से बरामद किया। हम डॉक्टर्स, नर्सों और दूसरे लोगों से बात कर रहे हैं, जो कल रात उसके साथ ड्यूटी पर थे। मामले की जांच की जा रही है।’’

सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने महिला के माता-पिता को फोन किया और उन्हें दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

पीड़िता के पिता ने कहा, "मेरी बेटी की हत्या करने से पहले उसके साथ बलात्कार किया गया है। उसके शरीर पर चोट का निशान इसका साक्ष्य है। वह आधे कपड़ों में मिली है। सच को छिपाने की कोशिश की जा रही है। मैं नहीं समझ पा रहा हूं कि वे (अस्पताल अधिकारी) जांच में देरी क्यों कर रहे हैं।"

हत्यारे और पीड़िता के बीच हुई हाथापाई

अस्पताल की एक डॉक्टर ने नाम नहीं उजागर करने की शर्त पर कहा, "उन्होंने रात करीब दो बजे अपने जूनियर्स के साथ खाना खाया। इसके बाद वह सेमिनार रूम में चली गईं, क्योंकि वहां कोई अलग से आराम करने के लिए कमरा नहीं है।"

पुलिस अधिकारी ने बताया, "शव के गाल, नाक, होठ, भौंहों के बीच और गर्दन पर खरोंच के निशान हैं। इन निशानों से पता चलता है कि हत्यारे और पीड़िता के बीच हाथापाई हुई थी।" उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार की देर रात उसके साथ ड्यूटी पर मौजूद पांच लोगों से पूछताछ की जा रही है।

स्वास्थ्य सचिव एनएस निगम और कोलकाता पुलिस आयुक्त विनीत गोयल ने अस्पताल का दौरा किया और चिकित्सा प्रतिष्ठान के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। अस्पताल के अधिकारियों ने डॉक्टर की मौत की जांच के लिए तीन सदस्यों कमेटी भी बनाई है।

लोगों में गुस्सा, विरोध प्रदर्शन

आर जी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के पीजीटी डॉक्टर्स ने दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग करते हुए इरमजेंसी वार्ड को छोड़कर सभी विभागों में काम करना बंद कर दिया है। कई छात्र संगठनों ने महिला चिकित्सक की मौत की त्वरित जांच की मांग को लेकर रैली निकाली।

विधायक अग्निमित्र पॉल सहित कई विपक्षी BJP नेताओं ने भी अस्पताल का दौरा किया और मजिस्ट्रेट से स्वतंत्र जांच कराने की मांग की। सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के नेता डॉ. शांतनु सेन ने संवाददाताओं को बताया, "हम पूरी घटना की निष्पक्ष, पारदर्शी और विस्तृत जांच चाहते हैं।’’

‘इंडियन मेडिकल एसोसिएशन’ के अध्यक्ष रह चुके सेन ने कहा कि ममता बनर्जी प्रशासन हमेशा महिलाओं की सुरक्षा के पक्ष में रहा है। राज्यसभा के सदस्य रह चुके सेन ने कहा कि जांच शुरू हो चुकी है।

दूसरी तरफ ‘एसोसिएशन ऑफ हेल्थ सर्विस डॉक्टर्स’ के वरिष्ठ सदस्य डॉ. मानस गुमटा ने आरोप लगाया कि मामले को ‘दबाने’ की कोशिश की जा रही है। गुमटा ने कहा, "यह अप्रत्याशित है, और बंगाल में ऐसा पहले कभी नहीं हुआ।"

बरेली में सीरियल किलर गिरफ्तार, एक ही तरीके से 10 महिलाओं का किया कत्ल

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।