Kolkata Rape-Murder Case: आरोपी ने 4 महिलाओं से की शादी, 3 को छोड़ा और 1 की मौत, फोन से पोर्न वीडियो बरामद

Kolkata Doctor Murder: कोलकाता पुलिस के सूत्रों ने बताया कि कोलकाता के एक सरकारी अस्पताल में महिला ट्रेनी डॉक्टर की कथित हत्या और यौन उत्पीड़न के आरोपी ने अपना अपराध कबूल कर लिया है। पुलिस को आरोपी संजय रॉय के मोबाइल फोन पर एक पोर्न वीडियो भी मिला है

अपडेटेड Aug 11, 2024 पर 7:54 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Kolkata Doctor Murder: आरोपी के पड़ोसियों ने बताया कि वह अक्सर देर रात नशे की हालत में घर लौटता था

Kolkata Doctor Rape-Murder Case: कोलकाता में ट्रेनी डॉक्टर के साथ बलात्कार और फिर हत्या के आरोप में गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपी संजय रॉय ने चार महिलाओं से शादी की थी। रिपोर्ट के मुताबिक उसकी पिछली तीन पत्नियां उसके "गलत आचरण" के कारण उसे छोड़कर चली गईं। यह दावा उसके पड़ोसियों ने 'इंडिया टुडे टीवी' से बातचीत में किया है। उनके अनुसार, रॉय ने चार बार शादी की। उसकी तीन पत्नियां उसके दुर्व्यवहार के कारण उसे छोड़ गईं। जबकि उसकी चौथी पत्नी की पिछले साल कैंसर से मौत हो गई। पड़ोसियों ने बताया कि आरोपी अक्सर देर रात नशे की हालत में घर लौटता था।

कोलकाता पुलिस के सूत्रों ने न्यूज 18 को बताया कि पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के एक सरकारी अस्पताल में महिला ट्रेनी डॉक्टर की कथित हत्या से पहले यौन उत्पीड़न करने के आरोपी ने अपना अपराध कबूल कर लिया है। पुलिस को आरोपी संजय रॉय के मोबाइल फोन पर एक पोर्न वीडियो भी मिला है।

मां ने किया बचाव


हालांकि, संजय रॉय (Sanjay Roy) की मां मालती रॉय ने अपने बेटे के खिलाफ लगाए गए आरोपों को खारिज किया। उन्होंने दावा किया कि उसने पुलिस के दबाव में अपराध करना स्वीकार किया है। उन्होंने कहा, "मेरा बेटा निर्दोष है। उसने पुलिस के दबाव में अपराध करना स्वीकार किया है।"

रॉय एक नागरिक स्वयंसेवक। उसको उत्तरी कोलकाता के आरजी कर सरकारी अस्पताल में एक पोस्ट ग्रेजुएट ट्रेनी डॉक्टर के बलात्कार और हत्या में कथित संलिप्तता के लिए शनिवार को गिरफ्तार किया गया था। 31 वर्षीय पीड़िता का शव अस्पताल के सेमिनार हॉल में मिला।

युवती के साथ दरिंदगी

चार पन्नों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला कि महिला के गुप्तांगों से खून बह रहा था। उसके शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान थे। रिपोर्ट में कहा गया है, "उसकी दोनों आंखों और मुंह से खून बह रहा था, चेहरे पर चोट के निशान थे। पीड़िता के गुप्तांगों से भी खून बह रहा था। उसके पेट, बाएं पैर, गर्दन, दाहिने हाथ, अनामिका और होठों पर भी चोटें हैं।"

एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी व्यक्ति अस्पताल से जुड़ा नहीं है। लेकिन वह मेडिकल संस्थान के विभिन्न विभागों में अक्सर आता-जाता रहता था। पुलिस अधिकारियों ने यह भी दावा किया कि गिरफ्तार आरोपी पूछताछ के दौरान बार-बार बयान बदलता रहा।

कोलकाता में भारी प्रदर्शन

इस घटना से शहर के डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और मेडिकल छात्रों में भारी आक्रोश फैल गया है। आरजी कर मेडिकल कॉलेज, नेशनल मेडिकल कॉलेज और मेडिकल कॉलेज, कोलकाता सहित विभिन्न सरकारी अस्पतालों के जूनियर डॉक्टरों और छात्रों ने विरोध प्रदर्शन और जुलूस निकाले।

इसी तरह के विरोध प्रदर्शन बर्धमान मेडिकल कॉलेज और बांकुरा सम्मिलानी मेडिकल कॉलेज जैसे जिला अस्पतालों में भी हुए, जिसमें आरोपियों को कड़ी सजा देने और अस्पतालों में महिलाओं की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की गई।

कोलकाता पुलिस का बयान

कोलकाता के पुलिस कमिश्नर विनीत गोयल ने शनिवार को कहा कि यह सुनिश्चित किया जाएगा कि महिला के यौन उत्पीड़न और हत्या के आरोपी को दोषी पाए जाने पर कठोरतम सजा मिले। गोयल ने कहा, "यह एक जघन्य अपराध है और गिरफ्तार व्यक्ति कथित तौर पर परिस्थितिजन्य साक्ष्यों तथा रात की ड्यूटी के दौरान मौजूद रहे अन्य डॉक्टरों से मिले विवरण के आधार पर इसमें शामिल लगता है।"

उन्होंने कहा, "एसआईटी का गठन किया गया है और सबूतों के आधार पर व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।" गोयल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि यह हत्या के साथ-साथ यौन उत्पीड़न का भी मामला है।

ये भी पढ़ें- कौन है पिंकी चौधरी, जिसे यूपी पुलिस ने किया गिरफ्तार? बांग्लादेशी बताकर झुग्गी में रह रहे मुसलमानों को पीटने का आरोप

उन्होंने कहा कि पोस्टमॉर्टम की वीडियोग्राफी की गई और प्रक्रिया के दौरान मृतका के परिवार के सदस्य मौजूद थे। पुलिस प्रमुख ने कहा, "जहां तक ​​आरोपी की बात है, तो अपराध में उसकी गहरी संलिप्तता है। वह बड़ा अपराधी है।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।