पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में 9 अगस्त को सरकारी आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में रेप की घटना सामने आई थी। एक ट्रेनी महिला डॉक्टर की रेप करके हत्या कर दी गई थी। उसका शव बरामद होने के बाद देशभर में हड़कंप मच गया। हालांकि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस बीच फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन (Federation of All India Medical Association – FAIMA) ने आज यानी 13 अगस्त को ओपीडी की सेवाओं को पूरे देश में बंद करने का ऐलान किया है। वहीं कोलकाता के रेजीडेंट डॉक्टर पहले से ही हड़ताल में हैं। सोमवार को डॉक्टरों ने कैंडल मार्च निकाला था।
FAIMA ने सोशल मीडिया X पर कहा कि हम पूरे भारत में विरोध कर रहे डॉक्टरों के साथ खड़े हैं। हम पूरे देश के डॉक्टरों को आज से इस विरोध में शामिल होने का आह्वान करते हैं। हम न्याय चाहते हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को लिखा पत्र
इस बीच इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (Indian Medical Association - IMA) ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा को पत्र लिखा है। जिसमें महिला डॉक्टर के साथ हैवानियत की घटना के संबंध में तत्काल कार्रवाई करने की मांग की गई है। IMA ने मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है। ताकि दोषियों को न्याय के कटघरे में लाया जाए। इसके साथ ही, एसोसिएशन ने उन परिस्थितियों की विस्तार से जांच की मांग की है, जिसकी वजह से ऐसा अपराध हुआ है। इसके अलावा IMA ने डॉक्टरों विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा में सुधार के लिए कदम उठाने की भी मांग की है।
मुंबई में भी ओपीडी सेवाएं बंद
वहीं मुंबई में बीएमसी MARD के महासचिव डॉ अक्षय डोंगरदिवे ने कहा कि महिला डॉक्टर के साथ हुई घटना के अपराधियों को सजा मिलनी चाहिए। इसके लिए हमारा राष्ट्रीय अभियान शुरू हो गया है। सभी राज्यों में यह अभियान जारी है, महाराष्ट्र ने सुबह 9 बजे से हड़ताल का ऐलान किया है। महाराष्ट्र के सभी डॉक्टर सुबह 9 बजे से काम पर हड़ताल करने जा रहे हैं। BMC के डॉक्टर भी काम पर हड़ताल करने जा रहे हैं। पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए, मामले की CBI जांच होनी चाहिए और परिवार को मुआवजा मिलना चाहिए। हमारी मांग है कि न्याय हो... हमने महाराष्ट्र के सभी अस्पतालों में गैर-आपातकालीन सेवाएं बंद कर दी हैं। आपातकालीन सेवाएं जारी रहेंगी। मरीजों को कोई परेशानी नहीं होगी। हमें सिर्फ न्याय चाहिए।
पीड़िता को न्याय मिले, सरकार करे सख्त कार्रवाई- प्रियंका गांधी
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा कि कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में ट्रेनी डॉक्टर के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटना दिल दहलाने वाली है। कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा देश में बहुत बड़ा मुद्दा है। इसके लिए ठोस प्रयास की जरूरत है। उन्होंने कहा कि मेरी राज्य सरकार से अपील है कि इस मामले में फौरन और सख्त से सख्त कार्रवाई हो और पीड़िता के परिवार और साथी डॉक्टरों को न्याय मिले।