Kolkata Doctor Death: रेजिडेंट डॉक्टरों की आज देशव्यापी हड़ताल, दिल्ली के 10 सरकारी अस्पतालों में सेवाएं प्रभावित

Kolkata Doctor Rape-Murder Case: पश्चिम बंगाल के रेजिडेंट डॉक्टर पीड़ितों के लिए न्याय की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। FORDA के सदस्यों ने सोमवार, 12 अगस्त को अस्पतालों में अनिश्चित काल के लिए वैकल्पिक सेवाएं बंद कर दीं। उत्तर प्रदेश, पंजाब और जम्मू के रेजिडेंट डॉक्टर भी आज (12 अगस्त) से हड़ताल पर हैं

अपडेटेड Aug 12, 2024 पर 11:34 AM
Story continues below Advertisement
Kolkata Doctor Rape-Murder Case: 12 अगस्त को अस्पतालों में अनिश्चितकालीन के लिए वैकल्पिक सेवाएं बंद कर दीं

Kolkata Doctor Rape-Murder Case: फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (FORDA) ने कोलकाता के सरकारी आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में एक महिला पोस्टग्रेजुएट ट्रेनी डॉक्टर के साथ रेप और हत्या के खिलाफ सोमवार (12 अगस्त) को देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। पश्चिम बंगाल के रेजिडेंट डॉक्टर पीड़ितों के लिए न्याय की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। FORDA के सदस्यों ने सोमवार, 12 अगस्त को अस्पतालों में अनिश्चित काल के लिए वैकल्पिक सेवाएं बंद कर दीं।

दिल्ली में 10 सरकारी अस्पतालों के डॉक्टरों ने कोलकता में रेजीडेंट डॉक्टर के दुष्कर्म एवं हत्या मामले को लेकर सोमवार को अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी। रेजीडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (आरडीए) ने एक बयान में बताया कि मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज, राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल, लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज, वीएमएमसी और सफदरजंग हॉस्पिटल, दीनदयाल उपाध्याय हॉस्पिटल, जीटीबी, इहबास, डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर मेडिकल कॉलेज तथा राष्ट्रीय क्षय एवं श्वसन रोग संस्थान के डॉक्टर सोमवार सुबह 9 बजे शुरू हुई इस हड़ताल में शामिल हैं।

फोर्डा इंडिया (Forda India) के सचिव डॉ. मीत घोनिया ने कहा, "फोरडा के आह्वान के बाद दिल्ली के सभी 10 सरकारी अस्पतालों के आरडीए आज से हड़ताल पर हैं। उत्तर प्रदेश, पंजाब और जम्मू के रेजिडेंट डॉक्टर भी आज (12 अगस्त) से हड़ताल पर हैं। अन्य सभी राज्य आरडीए आज से हड़ताल में शामिल हो जाएंगे।"


इमरजेंसी सेवाएं चालू

आरडीए के अनुसार, अनिश्चतकालीन हड़ताल के दौरान सभी बाह्यरोगी विभाग (ओपीडी), ऑपरेशन थिएटर और वार्ड ड्यूटी बंद रहेगी, लेकिन इमरजेंसी सेवाएं सामान्य दिनों की तरह चालू रहेंगी, ताकि यह सुनिश्चित हो कि आपात चिकित्सा वाले रोगियों को परेशानी न हो।

फेडरेशन ऑफ रेजीडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (फोरडा) ने कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में ड्यूटी के दौरान ट्रेनी डॉक्टर के दुष्कर्म और हत्या मामले को लेकर यह कदम उठाया है। पश्चिम बंगाल के इस सरकारी अस्पताल के सेमीनार हॉल में गुरुवार रात को 32 वर्षीय डॉक्टर का शव अर्द्ध नग्न हालत में मिला था।

बयान में कहा गया है, "आरजी कर कॉलेज में हमारे सहकर्मियों के साथ एकजुटता व्यक्त करते हुए, हम 12 अगस्त से अस्तपालों में वैकल्पिक सेवाओं के देशव्यापी निलंबन की घोषणा करते हैं। यह निर्णय सोच-समझकर लिया गया है। यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि हमारी आवाज सुनी जाए और न्याय एवं सुरक्षा की मांगों को बिना किसी देरी के स्वीकार किया जाए।"

CBI जांच की मांग

भारतीय जनता पार्टी (BJP) की पश्चिम बंगाल इकाई के प्रमुख सुकांत मजूमदार ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा को पत्र लिखकर कोलकाता में राज्य सरकार के अस्पताल में महिला डॉक्टर के साथ बर्बर यौन उत्पीड़न और उसकी हत्या से संबंधित मामले की केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग की है।

ये भी पढ़ें- Kolkata Rape-Murder Case: आरोपी ने 4 महिलाओं से की शादी, 3 को छोड़ा और 1 की मौत, फोन से पोर्न वीडियो बरामद

केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री मजूमदार ने नड्डा को लिखे पत्र में कहा, "निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए सीबीआई से जांच कराने की मांग बढ़ रही है। अपराध की गंभीरता और त्वरित न्याय की आवश्यकता को देखते हुए, मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि आप सीबीआई जांच की पैरवी करें और सुनिश्चित करें कि मामले में तेजी से कार्रवाई हो ताकि दोषियों को न्याय के कठघरे में लाया जा सके।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।