Kolkata Case: आरजी कर के पूर्व प्रिंसिपल की पत्नी ने खरीदी दो संपत्ति, ED का दावा- कोलकाता सरकार से मंजूरी भी नहीं ली

Kolkata Doctor Rape-Murder Case: कोलकाता में जूनियर डॉक्टर सरकारी आर.जी. कर अस्पताल में ट्रेनी महिला डॉक्टर के बलात्कार-हत्या के विरोध में धरना दे रहे हैं। उन्होंने मंगलवार रात भर अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखा। सर्वोच्च न्यायालय द्वारा आंदोलन समाप्त करने के लिए दी गई डेडलाइन शाम तक बीत जाने के बाद भी उनका विरोध जारी रहा

अपडेटेड Sep 11, 2024 पर 11:35 AM
Story continues below Advertisement
Kolkata Doctor Rape-Murder Case: पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष की पत्नी ने बिना मंजूरी के दो अचल संपत्तियां खरीदी हैं

Kolkata Doctor Rape and Murder Case: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मंगलवार (10 सितंबर) को दावा किया कि कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष की पत्नी ने पश्चिम बंगाल सरकार के अधिकारियों से मंजूरी के बिना दो अचल संपत्तियां खरीदीं। जांच एजेंसी ने एक बयान में कहा कि उसे 6 सितंबर को कोलकाता में 7 स्थानों पर घोष और उनके करीबी रिश्तेदारों के घरों की तलाशी ली। इस दौरान डॉक्टर दंपति के स्वामित्व वाले लगभग आधा दर्जन घरों, फ्लैट और एक फार्महाउस से संबंधित दस्तावेज मिले।

पीटीआई के मुताबिक, ED ने केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की FIR का संज्ञान लेने के बाद कथित वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में संदीप घोष पर मामला दर्ज किया है। 9अगस्त को अस्पताल में 31 वर्षीय पोस्ट ग्रेजुएट ट्रेनी डॉक्टर के साथ बलात्कार और हत्या के बाद पूर्व प्रिंसिपल जांच के दायरे में आ गए।

ED ने कहा कि घोष की पत्नी डॉ. संगीता घोष ने राज्य सरकार के अधिकारियों से उचित मंजूरी के बिना दो अचल संपत्तियां खरीदीं। दिलचस्प बात यह है कि डॉ. संगीता घोष को साल 2021 में डॉ. संदीप घोष द्वारा संपत्ति खरीदने के लिए कार्योत्तर स्वीकृति दी गई थी। इस अवधि के दौरान, संदीप घोष आरजी कर अस्पताल के प्रिंसिपल के रूप में तैनात थे। जबकि डॉ. संगीता घोष वहां सहायक प्रोफेसर के रूप में तैनात थीं।


एजेंसी ने कहा कि छापेमारी के दौरान मुर्शिदाबाद में एक फ्लैट, कोलकाता में तीन फ्लैट, कोलकाता में दो घरों के अलावा उनके स्वामित्व वाले एक फार्महाउस से संबंधित दस्तावेज मिले हैं। ED ने कहा, "तलाशी के दौरान डॉ. संदीप घोष से संबंधित कई अन्य आपत्तिजनक दस्तावेज और डिजिटल डिवाइस जब्त किए गए। इन दस्तावेजों को प्रथम दृष्टया संदेह के आधार पर जब्त किया गया था कि ये संपत्तियां अपराध की आय से खरीदी गई थीं।"

कोलकाता की एक अदालत ने मंगलवार (10 सितंबर) को सीबीआई मामले में संदीप घोष को 23 सितंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया। अदालत ने उनके सुरक्षाकर्मी अफसर अली और दो कथित सहयोगियों मेडिकल उपकरण विक्रेता बिप्लब सिंघा और फार्मेसी दुकान के मालिक सुमन हजारा को भी 23 सितंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

ये भी पढ़ें- Trump Vs Kamala Debate: 'पुतिन आपको लंच में खा जाएंगे...' ऐतिहासिक प्रेसिडेंशियल डिबेट में यूक्रेन युद्ध पर कमला हैरिस का ट्रंप पर तीखा हमला

ट्रेनी महिला डॉक्टर 9 अगस्त को आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के सेमिनार हॉल में मृत पाई गई थी, जिसके बाद पूरे देश में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए। कोलकाता पुलिस के सिविक वालंटियर संजय रॉय को इस मामले के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था। फिलहाल, मामले की जांच सीबीआई कर रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।