India Alliance Row Live: AAP और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज
I.N.D.I.A गठबंधन की प्रमुख पार्टियां आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। पंजाब के सीएम भगवंत मान ने चुटकी लेते हुए कहा, "माताएं अपने बच्चों को दुनिया की सबसे छोटी कहानी सुना सकती हैं- एक थी कांग्रेस..." इसके बाद, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता पवन खेड़ा के "एक था जोकर" बयान पर बवाल मच गया है। लोकसभा चुनाव से पहले केंद्र में सत्ताधारी बीजेपी को टक्कर देने के लिए विपक्षी दलों ने I.N.D.I.A गठबंधन गठबंधन बनाया है। लेकिन सीट बंटवारे को लेकर गठबंधन में दरार पैदा हो गया है। जैसे ही सीटों को लेकर बातचीत शुरू होती है, उससे पहले ही गठबंधन के नेताओं के बीच जुबानी जंग तेज हो जाती है।
चंडीगढ़ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भगवंत मान ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि विपक्षी पार्टी पंजाब और दिल्ली में इतिहास बन चुकी है। जब मान से पंजाब के कांग्रेस नेताओं की आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन को लेकर अनिच्छा के बारे में पूछा गया तो उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा, "पंजाब और दिल्ली में माताएं अपने बच्चों को दुनिया की सबसे छोटी कहानी सुना सकती हैं- एक थी कांग्रेस..."
भगवंत मान के इस बयान पर कांग्रेस ने जोरदार पलटवार किया है। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया हैंडल X पर आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए सोमवार को लिखा, "'आप' के और मोदी जी के विचार कितने मिलते हैं!! दोनों का सपना कांग्रेस मुक्त भारत का है। दोनों मुंह की खाएंगे। वैसे एक भोजपुरी पिक्चर का नाम है 'एक था जोकर'। आपने तो देखी होगी?"