Get App

लाइव ब्लॉग

MoneyControl News JANUARY 08, 2024 / 7:35 PM IST

Today News Highlights: पीएम मोदी बोले- गरीबों के स्वास्थ्य के लिए वरदान साबित हो रही है 'विकसित भारत संकल्प यात्रा'

Viksit Bharat Sankalp Yatra News Highlights: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कहा कि वर्तमान केंद्र सरकार छोटे किसानों को मुसीबतों से बाहर निकालने के लिए निरंतर काम कर रही है और कृषि में सहकारिता को बढ़ावा देना इसी सोच का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जबकि पूर्व की सरकारों में किसान के सशक्तीकरण की चर्चा सिर्फ पैदावार एवं उसकी उपज की बिक्री के इर्द-गिर्द ही सीमित रही। PM ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए विकसित भारत संकल्प यात्रा के लाभार्थियों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि गरीबों के स्वास्थ्य के लिए विकसित भारत संकल्प यात्रा वरदान साबित हो रही है

Viksit Bharat Sankalp Yatra News Highlights: 'विकसित भारत संकल्प यात्रा' के लाभार्थियों के साथ वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से संवाद करने के बाद सोमवार को अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 'मोदी की गारंटी' वाली इस यात्रा का सबसे बड़ा मकसद है कि कोई भी हकदार सरकारी योजना के लाभ से छूटना नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि कई बार जागरूकता की कमी से या दूसरे कारणों से कुछ लोग

PM मोदी ने बताया कि 'विकसित भारत संकल्प यात्रा' के दौरान दो करोड़ से ज्यादा गरीबों के स्वास्थ्य की जांच हुई है
PM मोदी ने बताया कि 'विकसित भारत संकल्प यात्रा' के दौरान दो करोड़ से ज्यादा गरीबों के स्वास्थ्य की जांच हुई है
JANUARY 08, 2024 / 5:44 PM IST

India-Maldives Row News Live: कोरोना महामारी के बाद से हर साल दो लाख भारतीय जा रहे हैं मालदीव

प्रधानमंत्री मोदी की लक्षद्वीप यात्रा के बाद मालदीव के मंत्रियों के अपमानजनक बयान को लेकर भारत और मालदीव में राजनयिक विवाद के बीच आंकड़ों से पता चला है कि इस द्वीपीय देश में आने वाले पर्यटकों में सर्वाधिक संख्या भारतीयों की रही है और कोविड-19 महामारी के बाद से हर साल दो लाख से अधिक भारतीय मालदीव जा रहे हैं। मालदीव के पर्यटन मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, 2023 में 2.03 लाख से अधिक भारतीयों ने इस द्वीपीय देश की यात्रा की।

साल 2022 में यह संख्या 2.4 लाख से अधिक थी और 2021 में 2.11 लाख से अधिक भारतीयों ने मालदीव की यात्रा की। मालदीव उन कुछ देशों में शामिल है जो महामारी के दौरान अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के लिए खुले रहे और उस दौरान करीब 63,000 भारतीयों ने मालदीव को पर्यटन के लिए चुना था। मालदीव में 2018 में, 90,474 आगंतुकों के साथ भारतीयों की संख्या पांचवें स्थान पर रही। 2019 में, भारत इस मामले में पिछले वर्ष की तुलना में लगभग दोगुनी संख्या (1,66,030) के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गया।

    JANUARY 08, 2024 / 5:11 PM IST

    India-Maldives Row News Live: MakeMyTrip पर लक्षद्वीप को लेकर सर्च में 3,400% की वृद्धि, विरोध के बाद बैकफुट पर मालदीव

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के केंद्र शासित प्रदेश लक्ष्यद्वीप जाने के बाद से इस भारतीय द्वीप के बारे में सर्च 3,400 प्रतिशत बढ़ गई है। भारत-मालदीव विवाद के बीच यात्रा संबंधी सेवाएं देने वाले प्लेटफॉर्म मेकमाईट्रिप (MakeMyTrip) ने सोमवार (8 जनवरी) को यह जानकारी दी। मेकमाईट्रिप ने सोशल नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया, "हमने प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा के बाद से लक्षद्वीप के लिए प्लेटफॉर्म पर सर्च में 3,400 प्रतिशत की वृद्धि देखी है।"

      JANUARY 08, 2024 / 4:31 PM IST

      Latest News Live: केजरीवाल ने गुजरात जेल में बंद AAP विधायक वसावा से की मुलाकात

      दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनके पंजाब के समकक्ष भगवंत मान ने सोमवार को राजपीपला के जेल में बंद आम आदमी पार्टी (AAP) विधायक चैतर वसावा से मुलाकात की। इस दौरान सीएम ने दावा किया कि सत्तारूढ़ बीजेपी का अत्याचार और तानाशाही सारी हदों को पार कर गई है। गुजरात के भरूच जिले के आदिवासी बहुल नेतरंग इलाके में रविवार को AAP प्रमुख केजरीवाल और मान ने वसावा के समर्थन में एक रैली को संबोधित किया। दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि वसावा अगले कुछ महीनों में होने वाले आम चुनाव में भरूच लोकसभा सीट से आप के उम्मीदवार होंगे।

      वसावा वर्तमान में नर्मदा जिले के डेडियापाड़ा से विधायक हैं। भरूच लोकसभा सीट वर्तमान में भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मनसुख वसावा के पास है। चैतर वसावा को 14 दिसंबर, 2023 को नर्मदा जिले में स्थानीय आदिवासियों द्वारा वन भूमि पर खेती से संबंधित एक मुद्दे को सुलझाने की कोशिश करते समय वन अधिकारियों को धमकी देने और हवा में गोली चलाने के मामले में गिरफ्तार किया गया था। मामले में उनकी पत्नी शकुंतलाबेन को भी गिरफ्तार किया गया था। केजरीवाल और अन्य AAP नेताओं ने राजपीपला जिला जेल में विधायक से मुलाकात की।

        JANUARY 08, 2024 / 3:53 PM IST

        India-Maldives row News live: मालदीव पर अमिताभ की दो टूक

        प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लक्षद्वीप दौरे के बाद मालदीव के मंत्रियों की अपमानजनक टिप्पणियों पर विवाद के बीच बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) ने भारत की आत्मनिर्भरता की सराहना करते हुए सोमवार को कहा कि लक्षद्वीप (Lakshadweep) और अंडमान (Andamans) अद्भुत रूप से सुंदर स्थान हैं। बिग बी के अलावा अभिनेता अक्षय कुमार, सलमान खान, श्रद्धा कपूर और क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, वेंकटेश प्रसाद तथा वीरेंद्र सहवाग द्वारा लोगों से मालदीव की जगह घरेलू द्वीपों की यात्रा करने की अपील किए जाने के बाद 81 वर्षीय एक्टर की भी टिप्पणी आई है।

          JANUARY 08, 2024 / 3:07 PM IST

          Rajya Sabha Election Live: संजय सिंह, स्वाति मालीवाल और एनडी गुप्ता ने दाखिल किया नामांकन

          दिल्ली से राज्यसभा की तीन सीटों के लिए 19 जनवरी को होने वाले चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी (AAP) के उम्मीदवारों संजय सिंह, स्वाति मालीवाल और एनडी गुप्ता ने सोमवार को नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। संजय सिंह, सुशील कुमार गुप्ता और एनडी गुप्ता का 6 साल का कार्यकाल 27 जनवरी को समाप्त हो रहा है। इस बार AAP ने सुशील गुप्ता की जगह दिल्ली महिला आयोग (DCW) की पूर्व अध्यक्ष मालीवाल को उम्मीदवार बनाया है।

          निर्वाचित होने के बाद एनडी गुप्ता और संजय सिंह का दूसरा कार्यकाल होगा। अधिकारियों ने बताया कि मालीवाल, एनडी गुप्ता और सिंह ने सिविल लाइंस स्थित दिल्ली परिवहन आयुक्त कार्यालय में अपना नामांकन दाखिल किया।

          यदि आवश्यक हुआ तो तीन खाली पदों को भरने के लिए चुनाव 19 जनवरी को होगा। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 9 जनवरी है। जबकि नामांकन पत्रों की जांच 10 जनवरी को होगी। वहीं, नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 12 जनवरी है।

            JANUARY 08, 2024 / 2:32 PM IST

            Latest Haryana News Live: ED ने हरियाणा पूर्व विधायक दिलबाग सिंह को किया गिरफ्तार

            प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अवैध खनन से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में हरियाणा के पूर्व विधायक दिलबाग सिंह (Dilbagh Singh) और उनके सहयोगी कुलविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। अवैध खनन मामले में INLD नेता अभय चौटाला के समधी एवं पार्टी के पूर्व विधायक दिलबाग सिंह के ठिकानों पर ED की कार्रवाई सोमवार को पांचवें दिन समाप्त हुई। पीटीआई के मुताबिक, छापेमारी समाप्त होने के बाद ED ने दिलबाग सिंह और उनके सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया।

              JANUARY 08, 2024 / 2:10 PM IST

              Viksit Bharat Sankalp Yatra Live: 2 करोड़ से ज्यादा गरीबों के स्वास्थ्य की जांच

              वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए विकसित भारत संकल्प यात्रा के लाभार्थियों से बातचीत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इस यात्रा के दौरान 2 करोड़ से ज्यादा गरीबों के स्वास्थ्य की जांच हुई है। इसी समय में 1 करोड़ लोगों की TB की बीमारी की भी जांच हुई है। जबकि 22 लाख लोगों की सिकल सेल एनीमिया की जांच हुई है। पीएम ने कहा कि ये सारे लोग गांव, गरीब, दलित, पिछड़े और आदिवासी समाज के लोग हैं।

              PM ने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा का सबसे बड़ा मकसद है कि कोई भी हकदार सरकारी योजना के लाभ से छूटना नहीं चाहिए। कई बार जागरूकता की कमी से या दूसरे कारणों से कुछ लोग सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों तक पहुंचना हमारी सरकार अपना दायित्व समझती है। इसलिए मोदी की गारंटी की ये गाड़ी गांव-गांव जा रही है।

                JANUARY 08, 2024 / 2:09 PM IST

                Viksit Bharat Sankalp Yatra: पीएम मोदी ने लाभर्तियों से की बात

                पीएम मोदी ने कहा कि 2-3 दिन पहले ही विकसित भारत संकल्प यात्रा ने अपने 50 दिन पूरे किए हैं। इतने कम समय में इस यात्रा से 11 करोड़ लोगों का जुड़ना अपने आप में अभूतपूर्व है। पीएम मोदी ने कहा कि समाज में अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकार खुद पहुंच रही है, उसे अपनी योजनाओं से जोड़ रही है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा सिर्फ सरकार की नहीं बल्कि देश की यात्रा बन चुकी है। सपनों, संकल्पों और भरोसे की यात्रा बन चुकी है।

                  JANUARY 08, 2024 / 1:54 PM IST

                  Viksit Bharat Sankalp Yatra programme Live: 'विकसित भारत संकल्प यात्रा' से जुड़े 11 करोड़ लोग

                  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए विकसित भारत संकल्प यात्रा के लाभार्थियों से बातचीत की। इस दौरान लाभार्थियों ने सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की सराहना की। पिछले साल 15 नवंबर को इस कार्यक्रम की शुरुआत के बाद से पीएम मोदी ने पूरे देश में 'विकसित भारत संकल्प यात्रा' के लाभार्थियों के साथ नियमित रूप से संवाद किया है। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि 2-3 दिन पहले ही विकसित भारत संकल्प यात्रा ने अपने 50 दिन पूरे किए हैं। इतने कम समय में इस यात्रा से 11 करोड़ लोगों का जुड़ना अपने आप में अभूतपूर्व है।

                    JANUARY 08, 2024 / 1:37 PM IST

                    Ram Mandir Pran Pratishtha ceremony Live: न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर पर राम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा का होगा लाइव प्रसारण

                    उत्तर प्रदेश के अयोध्या में नवनिर्मित भव्य मंदिर में भगवान राम की मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा 22 जनवरी को होगी। राम मंदिर उद्घाटन की तैयारियां जोरों पर हैं। राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की तैयारियां सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि अमेरिका में भी जोर-शोर से चल रही है। अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित 'टाइम्स स्क्वायर' पर 22 जनवरी को अयोध्या में होने वाले राम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा का लाइव प्रसारण होगा। इतना ही नहीं, देश के सभी राज्यों में प्रसारण के अलावा, राम लला की प्राण-प्रतिष्ठा का प्रसारण विदेशों में विभिन्न भारतीय दूतावासों में भी किया जाएगा। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह का न्यूयॉर्क शहर के प्रसिद्ध टाइम्स स्क्वायर पर लाइव-स्ट्रीम किया जाएगा। इस कार्यक्रम को दुनिया भर में विभिन्न भारतीय दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों में भी लाइव दिखाया जाएगा।

                      JANUARY 08, 2024 / 1:18 PM IST

                      Karanpur Election Result Live: कांग्रेस में उत्साह

                      राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने कहा कि जनता समझ गई है कि सरकार बनने के बाद भी हमारी ताकत कम नहीं हुई, इसका फायदा हमें लोकसभा चुनाव में मिलेगा। राजस्थान में सरकार इनकी बनी लेकिन मंत्रिमंडल विस्तार में इन्हें (BJP) देरी हुई, यह कोई सरकार चलाने के तौर तरीके हैं? जनता पर पहले ही इनका प्रभाव खराब पड़ा है ऐसे में इसका फायदा हमें होगा। बता दें कि राजस्थान विधानसभा में प्रचंड जीत हालिस करने वाली भारतीय जनता पार्टी (BJP) को करणपुर से बड़ा झटका लगा है। करणपुर से बीजेपी प्रत्याशी और 8 दिन पहले मंत्री बने सुरेंद्र पाल सिंह टीटी चुनाव हार चुके हैं।

                        JANUARY 08, 2024 / 12:44 PM IST

                        Karanpur Election Result Live: करणपुर से कांग्रेस प्रत्याशी रुपिंदर सिंह की जीत

                        राजस्थान विधानसभा में प्रचंड जीत हालिस करने वाली भारतीय जनता पार्टी (BJP) को करणपुर से बड़ा झटका लगा है। करणपुर से बीजेपी प्रत्याशी और 10 दिन पहले मंत्री बने सुरेंद्र पाल सिंह टीटी चुनाव हार चुके हैं। बीजेपी के लिए यह इसलिए बड़ा झटका है,क्योंकि पार्टी इस उपचुनाव से पहले ही टीटी को मुख्यमंत्री भजन लाल कैबिनेट में मंत्री बना चुकी थी। इसलिए इस उपचुनाव में बीजेपी का सबकुछ दांव पर लगा हुआ था। श्रीगंगानगर जिले की करणपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी रुपिंदर सिंह कुन्नर ने सुरेंद्र पाल सिंह टीटी को करीब 12 हजार वोटों से हरा दिया है।

                          JANUARY 08, 2024 / 12:36 PM IST

                          Ram Mandir inauguration News Live: बिहार के नेताओं के बिगड़े बोल

                          अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा से पहले बिहार में इंडिया गठबंधन (I.N.D.I.A. Alliance) के नेताओं की ओर से बयानबाजी शुरू हो गई है। खासकर बिहार के पूर्व सीएम लालू प्रसाद यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) में राम मंदिर पर विवादित बयानबाजी करने की होड़ सी मची हुई है। इसी कड़ी में अब गया के अतरी विधानसभा से RJD विधायक अजय यादव ने राम मंदिर उद्घाटन को लेकर विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा कि धार्मिक भावनाओं को भड़काने के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) 22 जनवरी के दिन राम मंदिर समारोह में भक्तों पर ब्लास्ट करा सकती है।

                            JANUARY 08, 2024 / 11:40 AM IST

                            Bilkis Bano Case LIVE Updates: गुजरात सरकार को फटकार

                            सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि बिलकिस बानो द्वारा 11 दोषियों की सजा की सजा को चुनौती देने वाली याचिका सुनवाई योग्य है। सुप्रीम कोर्ट का मानना है कि 13 मई, 2022 का फैसला (जिसने गुजरात सरकार को दोषी को माफ करने पर विचार करने का निर्देश दिया था) अदालत के साथ "धोखाधड़ी करके" और भौतिक तथ्यों को छिपाकर प्राप्त किया गया था। शीर्ष अदालत ने बिलकिस बानो से बलात्कार और उसके परिवार की हत्या के मामले में बिना सोचे समझे दोषियों की सजा माफ करने के लिए गुजरात सरकार को फटकार लगाई।

                              JANUARY 08, 2024 / 11:14 AM IST

                              Bilkis Bano Case LIVE Updates: 12 अक्टूबर को सुरक्षित रख लिया था फैसला

                              सुप्रीम कोर्ट ने बिलकिस बानो सामूहिक बलात्कार मामले और 2002 के गुजरात दंगों के दौरान उनके परिवार के 7 सदस्यों की हत्या के 11 दोषियों की सजा में छूट को चुनौती देने संबंधी याचिकाओं पर सोमवार को अपना फैसला सुनाया। जस्टिस बी. वी. नागरत्ना और जस्टिस उज्ज्वल भुइयां की पीठ ने 11 दिन की सुनवाई के बाद दोषियों की सजा में छूट को चुनौती देने संबंधी याचिकाओं पर पिछले साल 12 अक्टूबर को अपना आदेश सुरक्षित रख लिया था।

                              सुप्रीम कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रखते हुए केंद्र और गुजरात सरकार को 16 अक्टूबर तक 11 दोषियों की सजा में छूट संबंधी मूल रिकॉर्ड जमा करने का निर्देश दिया था। सुप्रीम कोर्ट ने पिछले साल सितंबर में मामले की सुनवाई करते हुए पूछा था कि क्या दोषियों को माफी मांगने का मौलिक अधिकार है। अदालत ने पहले की सुनवाई के दौरान गुजरात सरकार से कहा था कि राज्य सरकारों को दोषियों को सजा में छूट देने में 'चयनात्मक रवैया' नहीं अपनाना चाहिए और प्रत्येक कैदी को सुधार तथा समाज के साथ फिर से जुड़ने का अवसर दिया जाना चाहिए।

                                JANUARY 08, 2024 / 11:13 AM IST

                                Bilkis Bano Case LIVE Updates: बिलकिस के दोषियों की रिहाई का आदेश रद्द

                                सुप्रीम कोर्ट ने बिलकिस बानो मामले के दोषियों की रिहाई के गुजरात सरकार के फैसले को रद्द कर दिया है। सुप्रीम कोर्ट का मानना है कि दोषियों की सजा माफी का आदेश पारित करने के लिए गुजरात राज्य सक्षम नहीं है, बल्कि महाराष्ट्र सरकार सक्षम है। बिलकिस बानो केस में सोमवार को सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि राज्य (जहां किसी अपराधी पर मुकदमा चलाया जाता है और सजा सुनाई जाती है) वह दोषियों की माफी याचिका पर निर्णय लेने में सक्षम है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि बिलकिस बानो द्वारा 11 दोषियों की सजा की सजा को चुनौती देने वाली याचिका सुनवाई योग्य है

                                  JANUARY 08, 2024 / 10:57 AM IST

                                  Delhi Fog Live Updates: कोहरे की वजह से कई ट्रेनें लेट

                                  उत्तर भारत के कई राज्यों में ठंड और कोहरे की मार पड़ रही है। कोहरा पड़ने की वजह से विजबिलिटी बेहद कम हो गई है। ऐसे में कई ट्रेनें अपने तय समय देरी से चल रही हैं। उत्तर रेलवे की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक, दिल्ली में घने कोहरे की स्थिति के कारण राष्ट्रीय राजधानी में 20 ट्रेनों के आने में देरी हुई है।

                                    JANUARY 08, 2024 / 10:36 AM IST

                                    India-Maldives Diplomatic Row Live: मालदीव के उच्चायुक्त इब्राहिम शाहीब को भारत ने किया तलब

                                    भारत-मालदीव के बीच तकरार बढ़ता जा रहा है। मालदीव के उच्चायुक्त इब्राहिम शाहीब को भारत सरकार ने नई दिल्ली में तलब किया है। भारत में मालदीव के राजदूत इब्राहिम शाहीब सोमवार सुबह दिल्ली के साउथ ब्लॉक में विदेश मंत्रालय से बाहर निकलते हुए देखे गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लक्षद्वीप दौरे पर मालदीव के सांसद की पोस्ट पर विवाद के बीच वह विदेश मंत्रालय पहुंचे थे। पढ़ें, पूरी खबर...

                                      JANUARY 08, 2024 / 10:14 AM IST

                                      Chhattisgarh News Updates Updates: पूर्व सीएम भूपेश बघेल के पिता का निधन

                                      छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल (Bhupesh Baghel) के पिता जी नंद कुमार बघेल का 8 जनवरी (सोमवार) को निधन हो गया है। नंद कुमार बघेल पिछले 3 महीने से राजधानी रायपुर के श्रीबालाजी हॉस्पिटल में भर्ती थे। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। सोमवार को सुबह उन्होंने अस्पताल में ही आखिरी सांस ली।

                                        JANUARY 08, 2024 / 9:50 AM IST

                                        Chandigarh Schools News Updates: चंडीगढ़ में 13 जनवरी तक स्कूल रहेंगे बंद

                                        चंडीगढ़ में सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों में कक्षा 8 तक के छात्रों के लिए 13 जनवरी तक स्कूल बंद रहेंगे। इस बात की जानकारी स्कूल शिक्षा निदेशक ने दी है। चंडीगढ़ में बढ़ती ठंड को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। इससे बच्चों को सुबह ठंड और कोहरे के बीच स्कूल जाने से निजात मिलेगी। वहीं, हायर क्लासेस यानी कक्षा 9वीं से 12वीं तक के बच्चों के लिए क्लासेस सुबह 9.30 बजे से दोपहर में 3.30 बजे तक चलाई जाएंगी। इससे सुबह-शाम की ठंडी हवाओं और घने कोहरे से उनका बचाव होगा।

                                          JANUARY 08, 2024 / 9:39 AM IST

                                          Tamil Nadu Rains LIVE Updates: तमिलनाडु में बारिश से स्कूल बंद

                                          तमिलनाडु में लगातार बारिश के कारण नागापट्टिनम, किलवेलूर तालुक, विलुप्पुरम और कुड्डालोर, रानीपेट, वेल्लोर और तिरुवन्नामलाई में स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी की घोषणा कर दी गई है। आज (8 जनवरी) भी तमिलनाडु में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा नागापट्टिनम, किलवेलूर तालुक, विलुप्पुरम और कुड्डालोर में स्कूलों और कॉलेजों ने छुट्टी घोषित कर दी है।

                                            JANUARY 08, 2024 / 9:38 AM IST

                                            नमस्कार

                                            मनीकंट्रोल हिंदी के Live ब्लॉग में आपका स्वागत है।