Get App

लाइव ब्लॉग

MoneyControl News DECEMBER 27, 2023 / 5:57 PM IST

Breaking News Today LIVE: नए साल पर मोदी सरकार का बिहार को तोहफा! गंगा नदी पर बनेगा 6 लेन केबल ब्रिज, 3,064 करोड़ रुपये होंगे खर्च

Breaking News Today in Hindi LIVE: नए साल पर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने बिहार को बड़ा तोहफा दिया है। केंद्र सरकार ने बिहार में 6 लेन केबल ब्रिज बनाने का ऐलान किया। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बुधवार को इसकी जानकारी देते हुए एक प्रेस कॉन्फेंस में कहा कि बिहार में दीघा से सोनपुर जिले के बीच गंगा नदी पर 6 लेन केबल ब्रिज बनाने का निर्णय लिया गया है। इसे 42 महीने में पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसे बनाने में 3,064 करोड़ रुपये खर्च होंगे। बड़ी बात ये है कि इस पुल के नीचे से बड़े जहाज भी आसानी से आ जा सकेंगे

Breaking News Today in Hindi LIVE:  केंद्र सरकार ने बुधवार (27 दिसंबर) को केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में कई अहम फैसले लिए। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने पत्रकारों को बताया कि बिहार में दीघा से सोनपुर जिले के बीच गंगा नदी पर 6 लेन केबल ब्रिज बनाने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सड़क और परिवहन मंत्रालय से जुड़े निर्णय लिए गए हैं जो त्रिपुरा और असम के लिए

Breaking News Today Highlights: केंद्र सरकार ने बुधवार को केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में कई अहम फैसले लिए
Breaking News Today Highlights: केंद्र सरकार ने बुधवार को केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में कई अहम फैसले लिए
DECEMBER 27, 2023 / 5:57 PM IST

Amit Shah News Live: गृह मंत्री ने जारी किया पंडित जसराज की स्मृति में डाक टिकट

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को पंडित जसराज के हैदराबाद संगीत समारोह के 50 साल पूरे होने पर उनकी स्मृति में डाक टिकट जारी किया। इसकी जानकारी देते हुए शाह ने कहा, "पंडित जसराज के हैदराबाद संगीत समारोह के 50 साल पूरे होने पर भारतीय डाक विभाग ने इनकी स्मृति में एक डाक टिकट जारी किया है। पंडित जसराज ने 8 दशक तक भारतीय संगीत, पुष्टिमार्गीय संगीत और वैष्णव परंपरा के सभी भक्ति पदों को भारत और विश्व के सभी संगीत प्रेमियों के लिए चिरंजीवी बनाया।"

    DECEMBER 27, 2023 / 5:32 PM IST

    'MPhil मान्यताप्राप्त डिग्री नहीं है', UGC ने छात्रों को दी चेतावनी

    यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन (UGC) ने एक चेतावनी जारी कर छात्रों को विश्वविद्यालयों से मास्टर ऑफ फिलॉसफी (MPhil) प्रोग्राम को लेकर आगाह किया है। UGC ने बुधवार को यह कहते हुए विश्वविद्यालयों को एमफिल कोर्सेज की पेशकश के खिलाफ आगाह किया कि यह मान्यताप्राप्त डिग्री नहीं है। उसने छात्रों को भी ऐसे कोर्सेज में दाखिले के खिलाफ चेताया। यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन ने विश्वविद्यालयों को अकादमिक वर्ष 2023-24 के लिए किसी भी एमफिल कार्यक्रम में एडमिशन तत्काल रोक देने को कहा है।

      DECEMBER 27, 2023 / 4:03 PM IST

      Bihar News Live: बिहार में 6 लेन केबल ब्रिज बनाने का ऐलान

      केंद्र सरकार ने बिहार में 6 लेन केबल ब्रिज बनाने का ऐलान किया। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बुधवार को इसकी जानकारी देते हुए एक प्रेस कॉन्फेंस में कहा, "बिहार में दीघा से सोनपुर जिले के बीच गंगा नदी पर 6 लेन केबल ब्रिज बनाने का निर्णय लिया गया है। इसे 42 महीने में पूरा किया जाएगा और इसे बनाने में 3,064 करोड़ रुपये खर्च होंगे... बड़ी बात ये है कि इस पुल के नीचे से बड़े जहाज भी आसानी से आ जा सकेंगे।

        DECEMBER 27, 2023 / 3:38 PM IST

        Rajnath in J&K Live: 'पूरा विश्वास है सेना जम्मू कश्मीर से आतंकवाद का सफाया कर देगी'

        रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सैनिकों की वीरता के लिए बुधवार को उनकी सराहना की और कहा कि उन्हें इस बात का पूरा विश्वास है कि सेना जम्मू कश्मीर की धरती से आतंकवाद का पूरी तरह से सफाया कर देगी। रक्षा मंत्री ने सीमावर्ती जिले राजौरी में सैनिकों को संबोधित करते हुए कहा, "मुझे आपकी वीरता और दृढ़ता पर विश्वास है...जम्मू कश्मीर से आतंकवाद का सफाया होना चाहिए और आपको इस प्रतिबद्धता से आगे बढ़ना चाहिए। मुझे पूरा विश्वास है कि आपको विजय मिलेगी।" मंत्री हाल में पुंछ में हुए आतंकवादी हमले के मद्देनजर सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करने के लिए एक दिवसीय दौरे पर यहां पहुंचे। इस हमले में चार सैनिक शहीद हो गए थे।

          DECEMBER 27, 2023 / 3:03 PM IST

          MPPSC Exam 2019 Result Live: मध्य प्रदेश राज्य सेवा परीक्षा का रिजल्ट जारी

          मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) ने राज्य सेवा परीक्षा 2019 का रिजल्ट जारी कर दिया है। शीर्ष 10 सफल उम्मीदवारों में 7 महिलाओं ने जगह बनाई है। एमपीपीएससी के एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि मंगलवार देर रात घोषित परिणाम के मुताबिक प्रिया पाठक राज्य सेवा परीक्षा 2019 में शीर्ष स्थान पर रहीं। वह उप जिलाधिकारी (डिप्टी कलेक्टर) पद पर चयनित हुई हैं।

          अधिकारी ने बताया कि डिप्टी कलेक्ट पद पर चयनित शीर्ष 10 उम्मीदवारों में क्रमश: शिवांगी बघेल, पूजा सोनी, राहुल कुमार पटेल, निधि मिश्रा, हरनीत कौर कलसी, सौरभ मिश्रा, सलोनी अग्रवाल, रितिका पाटीदार और आशुतोष महादेव सिंह ठाकुर शामिल हैं।

          उन्होंने बताया कि राज्य सेवा परीक्षा 2019 के लिए मूलत: 571 पदों के लिए विज्ञापन जारी किया गया था। लेकिन सरकारी नौकरियों में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) को 27 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने का मुकदमा मध्यप्रदेश हाई कोर्ट में लंबित होने के कारण फिलहाल इनमें से 87 प्रतिशत पदों का चयन परिणाम घोषित किया गया है।

            DECEMBER 27, 2023 / 2:37 PM IST

            PM Modi News Live: सहकारी समितियों को ग्रामीण जीवन का हिस्सा बनाने पर सरकार का जोर

            प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि उनकी सरकार सहकारी समितियों को ग्रामीण जीवन का एक मजबूत हिस्सा बनाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि इसके मद्देनजर दूध तथा चीनी उत्पादन जैसे क्षेत्रों में पहचान बनाने के बाद अब कृषि और मत्स्य पालन जैसे क्षेत्रों में तेजी लाई जा रही है। 'विकसित भारत संकल्प यात्रा' के लाभार्थियों के साथ बातचीत में पीएम मोदी ने बुधवार को कहा कि पिछले 10 वर्षों में उनकी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के करोड़ों लाभार्थियों के जीवन में आया बदलाव साहस, संतुष्टि और सपनों की कहानी है।

            प्रधानमंत्री ने कहा कि जब वह लोगों के साथ बातचीत करते हैं तो उनका आत्मविश्वास देखना उनके लिए संतुष्टि का एक बड़ा स्रोत रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले कुछ वर्षों में देश में लगभग 10 करोड़ महिलाएं स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हैं। इससे पहले, प्रधानमंत्री ने इस यात्रा के कुछ लाभार्थियों से संवाद भी किया।

              DECEMBER 27, 2023 / 1:59 PM IST

              NCR Fog News Live: ग्रेटर नोएडा में कोहरे का कहर

              दिल्ली-NCR सहित पूरे उत्तर भारत में बुधवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। कई इलाकों में विजिबिलिटी शून्य रही, जिससे हवाई एवं रेल सेवाएं प्रभावित हुई। ग्रेटर नोएडा के थाना जेवर क्षेत्र के दयानतपुर गांव के पास बुधवार सुबह घने कोहरे के चलते दर्जनों गाड़ियां आपस में टकरा गईं जिससे कई लोग घायल हो गए। अपर पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय) अशोक कुमार सिंह ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इस घटना में कई लोगों को चोट आई है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सिंह ने बताया कि बुधवार सुबह राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में घने कोहरे के चलते यमुना एक्सप्रेसवे के दयानतपुर गांव के पास एक ट्रक आगे चल रहे एक डंपर से टकरा गया। फिर उसके पीछे एक के बाद एक कर करीब दर्जन भर गाड़ियां टकराती चली गईं।

              उन्होंने बताया कि घायलों की संख्या अभी पता नहीं है। लेकिन कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ है। अधिकारी ने बताया कि सुबह करीब 7 बजे हुई इस घटना की सूचना पाकर पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि घायल लोगों को कैलाश अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया है। अपर उपायुक्त ने बताया कि सात गाड़ियां बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुई है, जबकि कई गाड़ियों को मामूली क्षति पहुंची है। उन्होंने बताया कि क्षतिग्रस्त वाहनों को हटा दिया गया है और सामान्य यातायात बहाल कर दिया गया है।

                DECEMBER 27, 2023 / 1:43 PM IST

                Defence Minister Rajnath in Poonch Live: राजौरी पहुंचे राजनाथ सिंह

                जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती जिले पुंछ में हाल ही में हुए आतंकवादी हमले में चार सैनिकों के वीरगति को प्राप्त होने के मद्देनजर सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बुधवार को एक दिवसीय दौरे पर राजौरी पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि राजनाथ सिंह का एयरपोर्ट पर उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और उत्तरी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने स्वागत किया। सिंह के साथ सेनाध्यक्ष जनरल मनोज पांडे भी मौजूद थे।

                  DECEMBER 27, 2023 / 1:06 PM IST

                  Robert Vadra News Live: रॉबर्ट वाड्रा की बढ़ेंगी मुश्किलें?

                  मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में आरोपी और भारत के भगोड़े कारोबारी आर्म्स डीलर संजय भंडारी के खिलाफ चल रहे मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पहली बार रॉबर्ट वाड्रा का नाम लिया है। ED ने मंगलवार को आरोप लगाया कि पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा ने लंदन में मनी लॉन्ड्रिंग के जरिए अर्जित एक प्रॉपर्टी का रेनोवेशन किया और उसमें रुके भी। ये जानकारी कथित बिचौलिए भंडारी के खिलाफ लॉन्ड्रिंग के मामले को लेकर दी गई है। एजेंसी ने यह भी कहा कि वाड्रा और उनके कथित सहयोगी सीसी थम्पी (दुबई स्थित कारोबारी जिसे जनवरी 2020 में गिरफ्तार किया गया था) ने फरीदाबाद में बड़ी मात्रा में जमीन खरीदी और एक-दूसरे के साथ वित्तीय लेनदेन किया।

                  केंद्रीय एजेंसी ने पिछले हफ्ते एक NRI व्यवसायी थम्पी और एक ब्रिटिश नागरिक सुमित चड्ढा (जिसे भंडारी का बहनोई कहा जाता है) के खिलाफ चार्जशीट दायर करने के बाद ये दावे किए। दिल्ली की एक अदालत ने मंगलवार को चार्जशीट पर संज्ञान लिया और चड्ढा के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया। हालांकि, इस चार्जशीट में वाड्रा को आरोपी के रूप में नामित नहीं किया गया है।

                    DECEMBER 27, 2023 / 12:43 PM IST

                    Chennai Live news: चेन्नई में भोपाल गैस त्रासदी जैसा मामला

                    तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई (Chennai) से भोपाल गैस त्रासदी जैसा मामला सामने आया है। चेन्नई के एन्नोर में एक उर्वरक कंपनी से अमोनिया गैस लीक होने का मामला सामने आया है। गैस लीक होने पर लोगों ने बेचैनी की शिकायत की जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, गैस लीक होने के चलते कम से कम 25 लोगों की हालत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा। गैस प्राइवेट कंपनी की पाइपलाइन से लीक हुई थी। घटना के बाद पुलिस ने बताया कि फिलहाल हालात काबू में हैं।

                      DECEMBER 27, 2023 / 11:46 AM IST

                      Bharat Nyay Yatra Live: इंफाल से शुरू होगी यात्रा

                      'भारत न्याय यात्रा' पर कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने कहा, " ये यात्रा 14 जनवरी से इंफाल से शुरू होने वाली है और 20 मार्च को मुंबई में खत्म होगी। ये यात्रा 14 राज्यों और 85 जिलों को कवर करेगी। इसमें मणिपुर, नागालैंड, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र जैसे राज्य शामिल होंगे। ये बस यात्रा होगी लेकिन हम पैदल यात्रा भी करेंगे। भारत न्याय यात्रा का उद्देश्य-सबके लिए न्याय चाहिए है।"

                        DECEMBER 27, 2023 / 11:27 AM IST

                        Bharat Nyay Yatra Live: 6200 किलोमीटर का सफर तय करेंगे राहुल गांधी

                        कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा, "भारत जोड़ो यात्रा के बाद अब राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी भारत न्याय यात्रा निकालने वाली है। 14 जनवरी से लेकर 20 मार्च तक 14 राज्यों से होकर ये यात्रा होगी। मणिपुर से शुरुआत होगी और मुंबई में समाप्त होगी।" उन्होंने कहा कि ये यात्रा 6,200 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।...ये आर्थिक न्याय, सामाजिक न्याय और राजनीतिक न्याय के लिए यात्रा होगी।।

                          DECEMBER 27, 2023 / 11:08 AM IST

                          Weather Live Updates: इस सप्ताह जारी रहेगा कोहरे का कहर

                          भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मंगलवार को कहा कि अगले तीन-चार दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में घना कोहरा जारी रहने की आशंका है। मौसम पूर्वानुमान एजेंसी ने बताया, ''पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिम उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान 6 से 10 डिग्री सेल्सियस...वहीं, राजस्थान, पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश के अधिकांश हिस्सों और उत्तरी छत्तीसगढ़ तथा झारखंड के कुछ हिस्सों में 11-12 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।

                          IMD ने मंगलवार को कहा, ''पंजाब, दिल्ली, पश्चिम राजस्थान, उत्तर प्रदेश, झारखंड के कुछ हिस्सों और बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, गुजरात तथा पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में तापामान सामान्य से 2-3 डिग्री सेल्सियस ऊपर है।'' पूर्वानुमान में जताया है कि बुधवार-रविवार के दौरान पंजाब के कई हिस्सों में सुबह के शुरुआती घंटों में घना से बहुत घना कोहरा रहने की संभावना है। बुधवार-शुक्रवार के दौरान हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में तथा बुधवार को उत्तरी राजस्थान एवं उत्तरी मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में घना कोहरा रहने की उम्मीद है।

                          मौसम विभाग ने आगे कहा, ''इस हफ्ते अलग-अलग दिनों में उत्तराखंड में कई इलाकों, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी सुबह-सुबह घना कोहरा की संभावना है।'' IMD ने यह भी बताया है कि एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के शनिवार से उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है। इसके प्रभाव और निचले स्तर की पूर्वी हवाओं की वजह से 30 दिसंबर से 2 जनवरी के दौरान उत्तर-पश्चिम और निकटवर्ती मध्य भारत में हल्की बारिश की संभावना है।

                            DECEMBER 27, 2023 / 10:50 AM IST

                            Breaking News Live Updates: 14 जनवरी से 'भारत न्याय यात्रा' शुरू करेंगे राहुल गांधी, मणिपुर से मुंबई तक होगी यात्रा

                            'भारत जोड़ो यात्रा' के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी अब मणिपुर से लेकर मुंबई तक 'भारत न्याय यात्रा' शुरू करेंगे। यह यात्रा 14 जनवरी 2024 को मकर संक्रांति से शुरू होगी और 20 मार्च तक चलेगी। कांग्रेस की तरफ से सोमवार को इसका ऐलान किया गया। राहुल गांधी ने पिछले साल 7 सितंबर को कन्याकुमारी से 'भारत जोड़ो यात्रा' शुरू की थी, जिसका समापन इस साल 30 जनवरी को श्रीनगर में हुआ था। इसके बाद से दूसरे चरण की यात्रा को लेकर अटकलें लगाई जा रही थी

                              DECEMBER 27, 2023 / 10:24 AM IST

                              Delhi Weather Live Updates: दिल्ली-NCR में छाया घना कोहरा

                              ठंड के बीच देश के कई राज्यों में कोहरे का कहर देखने को मिल रहा है। दिल्ली-NCR में बुधवार को सुबह घने कोहरे की चादर छाई रही। दिल्ली में सफदरजंग, आनंद विहार और इंडिया गेट जैसे कई इलाकों में घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम रही। अधिकारियों ने बताया कि कोहरे और कम विजिबिलिटी के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर लगभग 30 उड़ानों के संचालन में देरी हुई। इनमें अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी शामिल हैं। कोहरे के कारण एक दर्जन से अधिक ट्रेनों के आगमन में भी देरी हुई। मौसम संबंधी पूर्वानुमान के मुताबिक, दिल्ली और आसपास के इलाकों में इस वीकेंड बहुत घना कोहरा देखने को मिल सकता है।

                                DECEMBER 27, 2023 / 10:16 AM IST

                                Breaking News Today in Hindi LIVE: BJP ने अनुपम हाजरा को राष्ट्रीय सचिव पद से हटाया

                                भारतीय जनता पार्टी (BJP) के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पश्चिम बंगाल के नेता अनुपम हाजरा को पार्टी के राष्ट्रीय सचिव पद से हटा दियाहै। पूर्व लोकसभा सदस्य हाजरा पिछले कुछ समय से राज्य में पार्टी की कार्यप्रणाली के आलोचक रहे हैं। बीजेपी का यह निर्णय ऐसे दिन आया जब जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कई राजनीतिक कार्यक्रमों के लिए कोलकाता में थे। हाजरा को पद से हटाने को पार्टी के भीतर असंतुष्टों के लिए संगठनात्मक अनुशासन पर कायम रहने और नेतृत्व के रुख पर चलने के संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

                                  DECEMBER 27, 2023 / 9:59 AM IST

                                  मनीकंट्रोल के लाइव ब्लॉग में आप स्वागत है