Ayodhya News Live: पीएम मोदी के दौरे से पहले 300 क्विंटल फूलों से सजी अयोध्या नगरी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शनिवार (30 दिसंबर) को अयोध्या का दौरा करने से पहले उत्तर प्रदेश के इस धार्मिक नगरी को दिव्य रूप देने के लिए फूलों से सजाया जा रहा है।। पुनर्विकसित मार्ग 'राम पथ' के मध्य में स्थापित बिजली के सजावटी खंभों के चारों ओर नारंगी और पीले रंग के गेंदे के फूलों की माला लपेटी जा रही हैं। इन खंभों के शीर्ष पर बने डिजाइन धार्मिक प्रतीकों को दर्शाते हैं। पीएम मोदी दौरे के बाद पुनर्विकसित रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करेंगे। साथ ही नई अमृत भारत व वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे और नवनिर्मित अयोध्या एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे।
देश के विभिन्न हिस्सों से आए कई श्रमिक राम कथा पार्क में फूलों से कलात्मक आकार बना रहे हैं। सजावट के लिए भगवान राम, उनके धनुष एवं तीर, भगवान हनुमान, धार्मिक तिलक आदि की छवियों से प्रेरणा ली गई है। शहर के विभिन्न हिस्सों की फूलों से सजावट में जुटे सीतापुर निवासी एक कर्मी ललित कुमार सिंह ने कहा कि अयोध्या 30 दिसंबर को भव्य दिखाई देगी। ललित सिंह ने पीटीआई से कहा, "मैंने फूलों से कई सजावटी डिजाइन बनाए हैं, जिनमें धनुष और तीर पकड़े हुए भगवान राम की पुष्प छवि भी शामिल है। इसे बनाने में 40 से 45 मिनट लगे और इसके लिए करीब 7 से 8 किलोग्राम फूलों का इस्तेमाल किया गया।"
इन सजावटी संरचनाओं का उपयोग राम पथ, धर्म पथ, एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन सहित अन्य स्थानों पर सजावट के लिए किया जाएगा। सिंह ने कहा, "सैकड़ों कर्मचारी सजावट के काम में जुटे हैं और लगभग 300 क्विंटल फूल कोलकाता, दिल्ली, गाजीपुर और अन्य स्थानों से लाए गए हैं।"