PM Modi Ayodhya Visit: राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा से पहले पीएम मोदी का अयोध्या दौरा, 15000 करोड़ की देंगे सौगात
PM Modi Ayodhya Visit: पीएम क्षेत्र में रेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 2300 करोड़ रुपये की तीन रेल परियोजनाओं को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इन परियोजनाओं में रूमा चकेरी-चंदेरी तीसरी लाइन परियोजना शामिल है। श्रीराम मंदिर तक पहुंच बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री अयोध्या में चार नवविकसित, चौड़ी और सौंदर्यीकृत सड़कों का उद्घाटन करेंगे
Ram Mandir: PM मोदी 30 दिसंबर को अयोध्या में भव्य रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट का करेंगे उद्घाटन
Ayodhya Ram Mandir: भगवान राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार (30 दिसंबर) को अयोध्या का महत्वपूर्ण दौरा करेंगे। इस दौरान वहां के पुनर्विकसित रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करेंगे। साथ ही नई अमृत भारत एवं वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे और नवनिर्मित अयोध्या एयरपोर्ट का भी उद्घाटन करेंगे। बता दें कि अयोध्या एयरपोर्ट का नाम बदलकर अब महर्षि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट अयोध्या धाम कर दिया गया है। अभी तक इस एयरपोर्ट को मर्यादा पुरूषोत्तम श्रीराम इंटरनेशनल एयरपोर्ट कहा जाता था। इससे पहले यहां के रेलवे स्टेशन का नाम भी अयोध्या जंक्शन से बदलकर अयोध्या धाम कर दिया गया था। PM मोदी लगभग 11:00 बजे अयोध्या पहुंचेंगे।
15000 करोड़ की देंगे सौगात
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने बताया, "पीएम मोदी 30 दिसंबर को उत्तर प्रदेश के अयोध्या का दौरा करेंगे। वह सुबह करीब 11.15 बजे पुनर्विकसित अयोध्या रेलवे स्टेशन (Ayodhya Railway Station) का उद्घाटन करेंगे। फिर नई अमृत भारत ट्रेनों और वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। वह कई अन्य रेल परियोजनाओं को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। दोपहर करीब सवा 12 बजे प्रधानमंत्री नवनिर्मित अयोध्या एयरपोर्ट (Ayodhya Airport) का उद्घाटन करेंगे।" इसके बाद प्रधानमंत्री एक सार्वजनिक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे जहां वह राज्य में 15,700 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
एयरपोर्ट की खासियत (Ayodhya Airport)
इनमें अयोध्या और उसके आसपास के क्षेत्रों के विकास के लिए लगभग 11,100 करोड़ रुपये की परियोजनाएं और पूरे उत्तर प्रदेश में अन्य परियोजनाओं से संबंधित लगभग 4600 करोड़ रुपये की परियोजनाएं शामिल हैं। PMO ने कहा कि इसके अलावा कई नई परियोजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी जो अयोध्या और उसके आसपास नागरिक सुविधाओं के सौंदर्यीकरण और सुधार में योगदान देंगी। बयान में बताया गया कि अयोध्या के अत्याधुनिक एयरपोर्ट का पहला चरण 1,450 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित किया गया है। एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन का क्षेत्रफल 6500 वर्गमीटर होगा, जो सालाना लगभग 10 लाख यात्रियों की सेवा करने के लिए तैयार रहेगा।
टर्मिनल भवन का अग्रभाग अयोध्या के आगामी श्रीराम मंदिर की मंदिर वास्तुकला को दर्शाता है। टर्मिनल भवन के अंदरूनी हिस्सों को भगवान श्रीराम के जीवन को दर्शाते हुए स्थानीय कला, चित्रों और भित्ति चित्रों से सजाया गया है। एयरपोर्ट का टर्मिनल भवन विभिन्न सुविधाओं से लैस है जिनमें इंसुलेटेड रूफिंग सिस्टम, एलईडी लाइटिंग, वर्षा जल संचयन, फव्वारे के साथ भूनिर्माण, जल उपचार संयंत्र, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, सौर ऊर्जा संयंत्र शामिल हैं।
PMO ने कहा कि एयरपोर्ट से क्षेत्र में संपर्क में सुधार होगा, जिससे पर्यटन, व्यावसायिक गतिविधियों और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलेगा। पुनर्विकसित अयोध्या रेलवे स्टेशन का पहला चरण 240 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित किया गया है। अयोध्या धाम जंक्शन रेलवे स्टेशन के रूप में जाना जाने वाला तीन मंजिला आधुनिक रेलवे स्टेशन लिफ्ट, एस्केलेटर, फूड प्लाजा, पूजा की जरूरतों के लिए दुकानें, क्लॉक रूम, चाइल्ड केयर रूम, वेटिंग हॉल जैसी सभी आधुनिक सुविधाओं से लैस है।
'अमृत भारत एक्सप्रेस' और 6 नई 'वंदे भारत' को दिखाएंगे हरी झंडी
दौरे के दौरान पीएम देश में सुपरफास्ट यात्री ट्रेनों की नई श्रेणी ‘अमृत भारत एक्सप्रेस’ को हरी झंडी दिखाएंगे। अमृत भारत ट्रेन एक एलएचबी पुश पुल ट्रेन है जिसमें गैर वातानुकूलित कोच हैं। इस ट्रेन में बेहतर त्वरण के लिए दोनों छोर पर लोको हैं। यह रेल यात्रियों के लिए सुंदर और आकर्षक डिजाइन वाली सीटें, बेहतर सामान रैक, उपयुक्त मोबाइल धारक के साथ मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, LED लाइट, CCTV, सार्वजनिक सूचना सिस्टम जैसी बेहतर सुविधाएं प्रदान करता है।
प्रधानमंत्री दो नई अमृत भारत ट्रेनों दरभंगा-अयोध्या-आनंद विहार टर्मिनल अमृत भारत एक्सप्रेस और मालदा टाउन-सर एम. विश्वेश्वरैया टर्मिनस (बेंगलुरु) अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री 6 नई वंदे भारत ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाएंगे। इनमें श्री माता वैष्णो देवी कटरा-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस, अमृतसर-दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस, कोयम्बटूर-बैंगलोर कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस, मैंगलोर-मडगांव वंदे भारत एक्सप्रेस, जालना-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस और अयोध्या-आनंद विहार टर्मिनल वंदे भारत एक्सप्रेस शामिल हैं।
इन्हें भी राष्ट्र को करेंगे समर्पित
पीएम क्षेत्र में रेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 2300 करोड़ रुपये की तीन रेल परियोजनाओं को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इन परियोजनाओं में रूमा चकेरी-चंदेरी तीसरी लाइन परियोजना शामिल है। श्रीराम मंदिर तक पहुंच बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री अयोध्या में चार नवविकसित, चौड़ी और सौंदर्यीकृत सड़कों का उद्घाटन करेंगे। इनके नाम क्रमश: रामपथ, भक्तिपथ, धर्मपथ और श्रीराम जन्मभूमि पथ हैं।
इसके अलावा पीएम कई परियोजनाओं का उद्घाटन और राष्ट्र को समर्पित करेंगे जो नागरिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करेंगी और अयोध्या और उसके आसपास के सार्वजनिक स्थानों का सौंदर्यीकरण करेंगी। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी अयोध्या के लिए कुछ नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। साथ ही उत्तर प्रदेश में अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन और राष्ट्र को समर्पित करेंगे।