Cyclone Michaung LIVE: मिचौंग आंध्र के करीब पहुंचा, 9000 से अधिक लोगों को निकाला गया
चक्रवाती तूफान मिचौंग आंध्र प्रदेश के बेहद करीब पहुंच चुका है। तूफान के दस्तक देने से पहले तटीय जिलों से 9000 से अधिक लोगों को दूसरे सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है। रायलसीमा और तटीय आंध्र के कई हिस्सों में सोमवार से भारी बारिश हो रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान तिरूपति जिले सहित कुछ स्थानों पर 39 सेमी बारिश दर्ज की गई। श्रीकाकुलम, विजयनगरम, विशाखापत्तनम, काकीनाडा, राजमहेंद्रवरम, भीमावरम, एलुरु, विजयवाड़ा, मछलीपट्टनम, गुंटूर, ओंगोल, नेल्लोर और तिरूपति में लगातार बारिश हो रही है। बारिश के कारण कुछ स्थानों पर सड़क परिवहन बाधित हुआ है। तिरूपति, नेल्लोर, कृष्णा और गुंटूर जिलों के कुछ हिस्सों में निचले इलाकों में पानी भर गया।