Latest News LIVE: केंद्र ने 2 लाख मीट्रिक टन प्याज खरीदने का किया फैसला
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस ने मंगलवार को कहा कि आज मेरी जापान से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल से टेलीफोन पर बातचीत हुई। केंद्र ने 2 लाख मीट्रिक टन प्याज खरीदने का फैसला किया है। केंद्र ने घोषणा की है कि महाराष्ट्र के प्याज उत्पादकों के हित के लिए नासिक और अहमदनगर में विशेष खरीद केंद्र स्थापित किए जाएंगे। यहां 2410 रुपये प्रति क्विंटल पर प्याज खरीदी जाएगी, यह हमारे राज्य के प्याज उत्पादकों के लिए बड़ी राहत होगी।
वहीं, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि हम सभी जानते हैं कि पिछले कुछ दिनों में भारत सरकार के आदेश पर NAFED और NCCF ने नासिक, लासलगांव, अहमदनगर और इस पूरे क्षेत्र से 3 लाख टन प्याज खरीदा। प्याज पर 40% निर्यात शुल्क लगाया गया है ताकि भारत में पर्याप्त मात्रा में प्याज उपलब्ध हो। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आज सुबह 11 बजे से NAFED और NCCF नासिक, पिंपलगांव, लासलगांव, अहमदनगर और पूरे क्षेत्र से 2 लाख टन से अधिक प्याज की खरीद शुरू करेंगे।
उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर भविष्य में और भी खरीदारी की जाएगी। मध्य प्रदेश, गुजरात और अन्य क्षेत्रों में भी जहां प्याज उगाया जाता है वहां NAFED और NCCF प्याज खरीदेंगे ताकि किसानों को उनकी उपज का सही कीमत मिल सके। आज खरीद का मूल्य 2,410 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है...किसी भी किसान को चिंता करने की जरूरत नहीं है।