सलमान खान को पनवेल फार्महाउस में मारने की थी साजिश, लॉरेंस बिश्नोई गैंग के 4 शूटर गिरफ्तार

पिछले महीने मुंबई पुलिस के सूत्रों ने CNN-News18 को बताया कि Salman Khan के घर के बाहर फायरिंग मामले में दो हथियार सप्लायर में से एक अनुज थापन ने लॉक-अप में आत्महत्या कर ली। दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान पुलिस स्टेशन में आकस्मिक मौत की रिपोर्ट दर्ज की गई है

अपडेटेड Jun 01, 2024 पर 11:19 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
फिल्म अभिनेता सलमान खान को मारने के लिए एक और साजिश का खुलासा हुआ है।

फिल्म अभिनेता सलमान खान को मारने के लिए एक और साजिश का खुलासा हुआ है। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने महाराष्ट्र के पनवेल में अपने फार्महाउस में मौजूद सलमान खान पर हमले की योजना बनाई थी। इस हमले में पाकिस्तान से लाए गए ऑटोमैटिक हथियारों का इस्तेमाल किया जाना था। इस मामले में नवी मुंबई पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पाकिस्तान से AK-47, M-16 और AK-92 जैसे ऑटोमैटिक हथियार मंगवाए जाने थे। यह साजिश लॉरेंस, उसके भाई अनमोल बिश्नोई और गोल्डी बरार द्वारा रची गई थी।

Salman Khan के घर के बाहर भी हुई थी फायरिंग

पिछले महीने मुंबई पुलिस के सूत्रों ने CNN-News18 को बताया कि सलमान के घर के बाहर फायरिंग मामले में दो हथियार सप्लायर में से एक अनुज थापन ने लॉक-अप में आत्महत्या कर ली। दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान पुलिस स्टेशन में आकस्मिक मौत की रिपोर्ट दर्ज की गई है।


23 वर्षीय आरोपी ने लॉक-अप के शौचालय में चादर से फांसी लगा ली थी। उसे सरकारी जीटी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस के अनुसार थापन को शूटर सागर पाल और विक्की गुप्ता को हथियार सप्लाई करने के आरोप में पंजाब से सोनू कुमार बिश्नोई के साथ गिरफ्तार किया गया था।

सूत्रों के अनुसार पुलिस यह भी जांच करेगी कि थापन ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। इस बीच, सलमान के घर के बाहर कथित तौर पर गोलियां चलाने वाले दो अन्य विक्की गुप्ता और सागर पाल भी पुलिस की हिरासत में हैं। घटना वाली रात मोटरसाइकिल पर इलाके से निकलते हुए सीसीटीवी में कैद होने के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। गोलीबारी मामले के आरोपियों के जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े होने की बात पता चली है। घटना के तुरंत बाद लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई ने फेसबुक पोस्ट में हमले की जिम्मेदारी ली।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।