भारतीय नौसेना का एक मिग 29-‘के’ (MiG 29K Crash) लड़ाकू विमान बुधवार को गोवा में तकनीकी खराबी के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गया। राहत की बात है कि विमान को उड़ा रहा पायलट सुरक्षित बच निकलने में सफल रहा। जानकारी के मुताबिक, नियमित उड़ान के दौरान मिग-29K में तकनीकी खराबी के संकेत मिले।. जिसके बाद पायलट ने विमान से कूद कर अपनी जान बचाई।
पायलट की हालत स्थिर बताई जा रही है। वहीं, घटना के कारणों की जांच के लिए बोर्ड ऑफ इंक्वायरी (BOI) को आदेश दिया गया है। नौसेना के अनुसार यह विमान नियमित उड़ान पर था लेकिन जब यह बेस की तरफ वापस लौट रहा था तो इसमें तकनीकी खराबी आ गई। विमान को उड़ा रहा पायलट समय रहते सुरक्षित बच निकला।
तलाशी अभियान के दौरान पायलट का तुरंत पता लगा लिया गया और रिपोर्टों में कहा गया है कि पायलट की हालत स्थिर है। भारतीय नौसेना ने अपने बयान में कहा, "एक मिग 29K लड़ाकू विमान गोवा तट पर नियमित उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी आने के कारण समुद्र के ऊपर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। पायलट को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और पायलट की हालत स्थिर बताई जा रही है।"
नौसेना ने कहा कि विमान दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए बोर्ड ऑफ इंक्वायरी का गठन किया गया है। बता दें कि इससे पहले नवंबर 2020 में एक लड़ाकू पायलट की नवंबर 2020 में मिग-29K दुर्घटना के बाद मौत हो गई। जबकि एक पायलट को घटना के तुरंत बाद बचा लिया गया था। कमांडर निशांत सिंह का शव दुर्घटना के 11 दिन बाद बरामद किया गया था।
वहीं, एक और मिग 29K उसी साल फरवरी में पक्षियों की चपेट में आने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इसके अलावा नवंबर 2019 में एक मिग-29K ट्रेनर विमान गोवा के एक गांव के बाहर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हालांकि, दोनों पायलट सुरक्षित बाहर निकल गए थे।