Budget 2023 : भारत का अगला सालाना बजट देश की ग्रोथ रेट को बनाए रखने के लिए बेहद ध्यान से तैयार किया जाएगा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Finance Minister Nirmala Sitharaman) ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि इसमें महंगाई से जुड़ी चिंताओं का भी ध्यान रखा जाएगा।
वित्त मंत्री इंटरनेशनल मॉनेटरी फंड (IMF) और वर्ल्ड बैंक (World Bank) की सालाना बैठक में भाग लेने वाशिंगटन डीसी पहुंची हैं। उन्होंने प्रतिष्ठित ब्रोकिंग्स इंस्टीट्यूट के जाने माने इकोनॉमिस्ट ईश्वर प्रसाद के साथ संवाद के दौरान अगले साल के बजट से जुड़े सवाल पर प्रतिक्रिया देते हुए यह बात कही।
ग्रोथ प्राथमिकता, लेकिन महंगाई है बड़ी चिंता
सीतारमण ने कहा, “फिलहाल कुछ खास बात (अगले बजट की) बताना मुश्किल है, क्योंकि अभी इसमें काफी समय है। लेकिन, ग्रोथ निश्चित रूप से प्राथमिकता रहेगी। अगर चिंताओं की बात करें तो महंगाई पहले आती है। इसलिए, महंगाई का समाधान निकालना होगा। लेकिन फिर आप ग्रोथ को कैसे रफ्तार देंगे, यह एक स्वाभाविक सवाल होगा।”
भारत का अगला बजट अगले साल फरवरी में पेश होगा और इसकी तैयारियां दिसंबर में होने की संभावना है।
उन्होंने कहा, “अहम बात यह है कि आप इन दोनों के बीच कैसे संतुलन कायम करने जा रहे हैं। निश्चित रूप से महामारी के बाद भारतीय अर्थव्यवस्था तेजी से उबर रही है और अगले साल भी ग्रोथ बरकरार रहेगी। कई संस्थान कह रहे हैं कि भारत की ग्रोथ कमजोर नहीं हो सकती है।”
सीतारमण ने कहा, इसलिए अगला बजट ध्यान से तैयार करना होगा जिससे ग्रोथ बनी रहे।
एक प्रश्न के उत्तर में, केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वैश्विक संकट ने भारत को एनर्जी, फर्टिलाइजर या फूड के मामले में प्रभावित किया है। हम इस सभी को लेकर सतर्क हैं और सुनिश्चित कर रहे हैं कि इसका बोझ जनता तक न पड़े।