उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले सूबे में सियासी हलचल काफी तेजी हो चली है। सभी राजनीतिक पार्टियां नफा-नुकसान का आकलन कर रही हैं और अपने सियासी मोहरों को फिट करने की कोशिश कर रही हैं। वहीं उत्तर प्रदेश में जारी सियासी हलचल के बीच कांग्रेस ने भी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ गठबंधन को अंतिम रूप देने और संगठन को मजबूत करने में जुटी है।
कांग्रेस का मिशन यूपी
न्यूज18 की रिपोर्ट के मुताबिक, कांग्रेस ने सीटों के बंटवारे पर बातचीत पूरी करने के लिए 15 दिसंबर की समयसीमा तय की है। इसके अलावा, पार्टी दिसंबर के मध्य में सहारनपुर में राहुल गांधी की बड़ी रैली के साथ चुनावी अभियान की शुरुआत करने की योजना बना रही है। कांग्रेस ने अपने ‘मिशन यूपी’ की शुरुआत के लिए सहारनपुर को चुना है, जिसके पीछे राजनीतिक वजहें भी हैं। सहारनपुर से कांग्रेस सांसद और यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद प्रतिनिधित्व करते हैं। पार्टी ने 2024 के लोकसभा चुनाव में यह सीट जीती थी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के इस जिले में मुस्लिम और दलित मतदाताओं की अच्छी संख्या है। ऐसे में कांग्रेस इसे इन दोनों वर्गों को अपने साथ जोड़ने के लिहाज से अहम मान रही है।
इस रैली के जरिए कांग्रेस अपने जमीनी संगठन को मजबूत करने की कोशिश करेगी। पार्टी को उभरते हुए आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और AIMIM के गठबंधन से भी चुनौती मिल सकती है। वहीं, सहारनपुर नगर और सहारनपुर देहात की सीटें उन 181 विधानसभा क्षेत्रों में शामिल हैं, जिन्हें कांग्रेस ने सपा के साथ सीट बंटवारे की बातचीत में अपने हिस्से के लिए प्रस्तावित किया है।
100 से ज्यादा सीटों की मांग
कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच गठबंधन को लेकर सीटों के बंटवारे पर बातचीत जारी है। चुनाव प्रचार के लिए पर्याप्त समय मिल सके, इसलिए कांग्रेस के रणनीतिकार 15 दिसंबर तक इस चर्चा को पूरा करना चाहते हैं। हालांकि, दोनों दलों के बीच सीटों की संख्या को लेकर सहमति नहीं बन पाई है। कांग्रेस 100 से ज्यादा उन सीटों की मांग कर रही है, जहां उसे जीत की संभावना दिखती है, जबकि सपा के कुछ नेता इससे कम सीटें देने के पक्ष में बताए जा रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने यूपी इकाई को सपा के खिलाफ सार्वजनिक बयान देने से बचने की सलाह दी है, ताकि दोनों दलों के मतभेद का असर INDIA गठबंधन पर न पड़े।
प्रियंका गांधी के हाथ में कमान
कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर औपचारिक बातचीत अभी शुरू नहीं हो पाई है। तय बैठकें भी टाल दी गई हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, सोनिया गांधी की किताब के विमोचन के दौरान अखिलेश यादव, डिंपल यादव, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के बीच इस मुद्दे पर अनौपचारिक चर्चा हुई। इस दौरान सीट बंटवारे पर आगे बातचीत शुरू करने से पहले एक औपचारिक समन्वय समिति बनाने का सुझाव दिया गया, जिस पर राहुल गांधी ने सहमति जताई। कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन की बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए प्रियंका गांधी वाड्रा की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय कमेटी बनाई है। इस पैनल में पार्टी के महासचिव के.सी. वेणुगोपाल के अलावा राजेंद्र पाल गौतम, आराधना मिश्रा और मसूद भी शामिल हैं। यह कमेटी सपा के साथ सीटों के बंटवारे से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेगी।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।