वनतारा में 7 हफ्ते के नन्हे हाथी 'राजा' को मिलेगी नई जिंदगी, इलाज के लिए किया जा रहा एयरलिफ्ट
वनतारा की पशु चिकित्सकों की टीम पिछले सात सप्ताह से राजा का उसके मालिक के घर पर ही इलाज कर रही है। लेकिन, अब उसकी हालत को देखते हुए राज को बेहतर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
राजा का जन्म 2 अक्टूबर 2026 को असम के गोगामुख में हुआ था
असम के सात हफ्ते के नन्हे हाथी राजा को एक नई जिंदगी मिलने जा रही है। जन्म के कुछ समय बाद नन्हे हाथी राजा के पैर में फ्रैक्चर हो गया था और उसे इलाज की जरूरत थी। वहीं असम से गुजरात के जामनगर स्थित वनतारा पशु अस्पताल में राजा को इलाज के लिए ले जाया जा रहा है। पिछले सात सप्ताह से उसका इलाज उसके मालिक के घर पर ही चल रहा था लेकिन अब उसे वनतारा लाया जा रहा है, जहां उसका बेहतर इलाज होगा। राजा को असम से एयरलिफ्ट कर गुजरात के वनतारा लाया जाएगा। आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला
नन्हे हाथी को किया जाएगा एयरलिफ्ट
बता दें कि, वनतारा की पशु चिकित्सकों की टीम पिछले सात सप्ताह से राजा का उसके मालिक के घर पर ही इलाज कर रही है। लेकिन, अब उसकी हालत को देखते हुए राज को बेहतर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, ताकि उसके ठीक होने की उम्मीद बढ़ सके। राजा अभी बहुत छोटा और नाजुक है, इसलिए उसे 2,500 किलोमीटर से ज्यादा की दूरी सड़क के रास्ते ले जाना सेफ ऑपशन नहीं है। यह भारत में इस तरह का तीसरा एयरलिफ्ट ऑपरेशन है। इसे वनतारा के फाउंडर अनंत अंबानी की पहल पर अंजाम दिया जा रहा है। जिससे, राजा को बिना देरी के सुरक्षित तरीके से बेहतर इलाज और खास देखभाल मिल सके।
वंतारा के CEO ने क्या कहा
वनतारा के CEO विवान करानी ने प्रेस बयान में कहा कि, "राजा जन्म से ही टूटे पैर की समस्या से जूझ रहा है, लेकिन उसने कभी हिम्मत नहीं हारी। पिछले सात हफ्तों से वह अपनी पूरी ताकत के साथ जिंदगी की लड़ाई लड़ रहा है। अब उसकी मदद करने की जिम्मेदारी हमारी है। उन्होंने कहा कि अनंत अंबानी के सहयोग से जिस सफर को सड़क के रास्ते पूरा करने में कई दिन लगते, वह हवाई जहाज से कुछ ही घंटों में पूरा हो जाएगा। वनतारा में राजा को दोबारा खड़े होने, चलने और भविष्य में दौड़ने का हर संभव मौका दिया जाएगा।"
कब हुआ था राजा का जन्म
बता दें कि, राजा का जन्म 2 अक्टूबर 2026 को असम के गोगामुख में हुआ था। उसकी मां की उम्र उस समय सिर्फ 11 साल थी और वह पहली बार मां बनी थी। कम उम्र और अनुभव की कमी के कारण वह घबराई हुई थी। जन्म के तुरंत बाद उसने अपने बच्चे को लात मार दी, जिससे राजा के दाहिने पिछले पैर की जांघ की हड्डी (फीमर) टूट गई। यह चोट उसे जन्म के पहले ही दिन लग गई थी। जिस उम्र में राजा को अपनी मां के साथ चलना और खड़े होना सीखना चाहिए था, उस समय वह चोट के कारण अपने पैरों पर खड़ा भी नहीं हो पा रहा था। वह अपने पैरों पर वजन डालने में भी असमर्थ था। इतना ही नहीं, उसे मां का पहला दूध भी नहीं मिल सका, जिसे कोलोस्ट्रम कहा जाता है। यह दूध नवजात हाथी को शुरुआती ताकत और बीमारियों से लड़ने की क्षमता देने में मदद करता है।
वनतारा से मांगी मदद
राजा की हालत को देखते हुए उसके मालिक और देखभाल करने वालों ने वनतारा से मदद मांगी। इसके बाद वनतारा की विशेष टीम 8 अक्टूबर 2026 को उसके पास पहुंची। जांच के दौरान एक्स-रे में पता चला कि राजा के दाहिने पैर की हड्डी पूरी तरह टूट गई थी और उसके दोनों हिस्से अपनी जगह से खिसककर अलग हो गए थे। इससे उसकी चोट काफी गंभीर हो गई थी। वनतारा की टीम ने राजा के टूटे पैर पर प्लास्टर बांधा और उसे सहारा देने के लिए स्लिंग का इस्तेमाल किया। साथ ही, उसे खास दूध देना शुरू किया और देखभाल करने वालों को जरूरी सामान व निर्देश दिए।
24 घंटे रख रहे नजर
10 अक्टूबर को राजा को पोहुमारा में उसके मालिक के घर वापस ले जाया गया, जहां वनतारा की टीम लगातार उसकी देखभाल और इलाज कर रही है। उसकी सेहत पर 24 घंटे नजर रखी जा रही है। इसके अलावा, उसके आराम करने की जगह के पास एक हाइड्रोथेरेपी तालाब भी बनाया गया है, ताकि पैर पर वजन डाले बिना वह हल्की गतिविधियां कर सके और शरीर को मजबूत बना सके। मां का दूध न मिलने और ठीक से चल-फिर न पाने के कारण राजा को कई अन्य परेशानियों का भी सामना करना पड़ा।
वनतारा की टीम ने राजा की सभी स्वास्थ्य समस्याओं को दूर करने के लिए खास इलाज शुरू किया। उसे संक्रमण से लड़ने के लिए एंटीबायोटिक्स, नसों के जरिए तरल पदार्थ, लिवर को सहारा देने वाली दवाएं, विटामिन और मिनरल्स दिए गए। इसके अलावा, पाचन सुधारने के लिए प्रोबायोटिक्स, घावों की देखभाल और उसकी जरूरत के अनुसार संतुलित आहार का भी खास ध्यान रखा गया।
गुवाहाटी से जामनगर ले जाया जा रहा
राजा को 20 नवंबर 2026 को एक विशेष विमान से गुवाहाटी से जामनगर ले जाया जा रहा है। करीब चार घंटे के इस सफर के लिए उसके आकार और जरूरतों के अनुसार खास क्रेट तैयार किया गया है, ताकि उसका टूटा हुआ पैर सुरक्षित रहे और उसे पूरा सहारा मिल सके। क्रेट के अंदर मुलायम और मोटी चादरें बिछाई गई हैं, जिससे उड़ान के दौरान उसे आराम मिले और शरीर पर दबाव पड़ने से होने वाले घावों से बचाया जा सके।
राजा के साथ वनतारा के पशु चिकित्सकों, पैरावेट्स और देखभाल करने वालों की एक विशेष टीम भी सफर करेगी। यह टीम पूरे रास्ते उसके दिल की धड़कन, सांस, शरीर का तापमान, पानी की कमी और ब्लड शुगर के स्तर पर लगातार नजर रखेगी। सफर के दौरान जरूरत पड़ने पर उसे दवाइयां, तरल पदार्थ और दूध भी दिया जाएगा, ताकि उसकी सेहत का पूरा ध्यान रखा जा सके। राजा की चोट को देखते हुए माना जा रहा है कि उसे पूरी जिंदगी विशेष देखभाल और नियमित निगरानी की जरूरत पड़ सकती है। वनतारा ने उसे लंबे समय तक इलाज और देखभाल देने की तैयारी की है।
बता दें कि वनतारा, गुजरात के जामनगर में स्थित वन्यजीवों के बचाव, इलाज, देखभाल और संरक्षण से जुड़ी एक पहल है। इसकी शुरुआत रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक अनंत अंबानी ने की थी।