Delhi-Mumbai Expressway: राजस्थान में 10 हजार करोड़ का निवेश! कोटा-बूंदी में बनेंगे 9 नए इंडस्ट्रियल जोन

कोटा में छह और बूंदी में तीन नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जाएंगे। इसके लिए RIICO ने जमीन की व्यवस्था पहले ही कर ली है। साथ ही, राज्य सरकार ने इस योजना के लिए बजट भी मंजूर कर दिया है

अपडेटेड Nov 20, 2026 पर 4:05 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
कोटा में छह और बूंदी में तीन नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जाएंगे

राजस्थान सरकार दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के आसपास औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने की तैयारी कर रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसके तहत कोटा और बूंदी जिलों में नौ नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जाएंगे। इस योजना को राजस्थान स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट एंड इन्वेस्टमेंट कॉर्पोरेशन (RIICO) और राज्य का उद्योग विभाग मिलकर आगे बढ़ा रहे हैं। इस योजना से 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आने की उम्मीद है।

इसका मुख्य उद्देश्य दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और भारतमाला परियोजना के जरिए बेहतर सड़क संपर्क का लाभ उठाकर औद्योगिक विकास को गति देना है। इससे कोटा और बूंदी में नए उद्योगों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। माना जा रहा है कि इससे प्रदेश में नए उद्योग स्थापित होंगे और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

मिल चुकी है मंजूरी


LiveMint की रिपोर्ट के अनुसार, कोटा में छह और बूंदी में तीन नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जाएंगे। इसके लिए RIICO ने जमीन की व्यवस्था पहले ही कर ली है। साथ ही, राज्य सरकार ने इस योजना के लिए बजट भी मंजूर कर दिया है। ऐसे में जल्द ही इन औद्योगिक क्षेत्रों में प्लॉट आवंटित करने की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है। रिपोर्ट के अनुसार, राज्य सरकार ने नए औद्योगिक क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं विकसित करने के लिए वित्तीय और प्रशासनिक मंजूरी दे दी है। इसके तहत जमीन को समतल करने, सड़क निर्माण, बिजली और पानी की व्यवस्था के साथ-साथ जल निकासी की सुविधा भी तैयार की जाएगी।

खर्च होंगे 170.86 करोड़ रुपये

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के पास सबसे बड़ा इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल जोन (IIZ) विकसित किया जा रहा है। इसमें रामगंजमंडी क्षेत्र के राजूखेड़ा, बुधखान और छत्रपुरा गांवों की जमीन शामिल होगी। राज्य सरकार ने इस परियोजना के लिए 170.86 करोड़ रुपये का बजट तय किया है। इस औद्योगिक क्षेत्र से 800 से 1,000 करोड़ रुपये तक का निवेश आने की उम्मीद है।

बनाया जाएगा इंडस्ट्रियल पार्क

कोटा के कनवास क्षेत्र के धोती गांव में 22.78 हेक्टेयर जमीन पर नया औद्योगिक पार्क बनाया जाएगा। इस परियोजना के लिए सरकार ने 29.98 करोड़ रुपये का बजट तय किया है। रिपोर्ट के अनुसार, इस पार्क में सभी तरह के उद्योगों को स्थापित करने की अनुमति होगी, जिससे क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।