Rajasthan Panchayat Election Results: जयपुर में कांग्रेस ने किया कमाल, भाजपा का बुरा हाल...जानें क्या है ताजा हाल

जयपुर जिले के पंचायत समिति चुनावों में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सबसे ज्यादा सीटों पर जीत हासिल की है। अब तक घोषित 313 सीटों के नतीजों में कांग्रेस के खाते में 174 सीटें आई हैं, जबकि भाजपा को 72 और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) को 49 सीटें मिली हैं

अपडेटेड Nov 20, 2026 पर 3:23 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जिलेवार नतीजे जारी किए जा रहे हैं

राजस्थान पंचायत चुनाव 2026 के नतीजें आज 20 नवंबर को सामने आ रहे हैं। वोटों की गिनती सुबह आठ बजे जारी है, वहीं अब तक सामने आए नतीजों में कांग्रेस के लिए अच्छी खबर है। जयपुर जिला पंचायत समिति चुनावों में कांग्रेस को बहुमत मिल गया है। अब तक की काउंटिंग में कांग्रेस ने कुल 313 सीटों में से 174 पर जीत दर्ज की है। वहीं, भाजपा को 72 सीटें मिली हैं। बता दें कि, राज्य के 37 जिलों में जिला मुख्यालयों पर एक साथ मतगणना हो रही है। राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक, कोटा, बारां, श्रीगंगानगर और करौली जिलों में मतगणना 17 दिसंबर को होगी।

कांग्रेस और भाजपा के बीच कड़ा मुकाबला

राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जिलेवार नतीजे जारी किए जा रहे हैं। ताजा रुझानों के अनुसार, पंचायत समिति चुनावों में कांग्रेस 153 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि भाजपा को 86 सीटों पर बढ़त मिली है। वहीं, अन्य दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों के खाते में 29 सीटें जाती दिख रही हैं। जिला परिषद चुनावों की बात करें तो 37 में से 29 सीटों के रुझान और नतीजे सामने आ चुके हैं। इनमें कांग्रेस 14 और भाजपा 12 सीटों पर आगे है। बाकी सीटों पर मुकाबला जारी है।


जयपुर में कांग्रेस की बड़ी जीत

जयपुर जिले के पंचायत समिति चुनावों में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सबसे ज्यादा सीटों पर जीत हासिल की है। अब तक घोषित 313 सीटों के नतीजों में कांग्रेस के खाते में 174 सीटें आई हैं, जबकि भाजपा को 72 और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) को 49 सीटें मिली हैं। अन्य उम्मीदवारों ने 18 सीटों पर जीत दर्ज की है। कांग्रेस ने जमवा रामगढ़ में 16, आंधी में 14, आमेर में 12 और कोटखावदा में 11 सीटें जीतीं। वहीं, शाहपुरा, माधोराजपुरा और बस्सी में पार्टी को 10-10 सीटें मिलीं। दूसरी ओर, भाजपा ने सांभर और चोमू में आठ-आठ सीटें जीतकर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।

वहीं जयपुर जिले की कई पंचायत समितियों में कांग्रेस ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए बड़ी संख्या में सीटें अपने नाम की हैं। जमवा रामगढ़ में पार्टी को 16 सीटों पर जीत मिली, जबकि आंधी में 14 सीटों पर सफलता हासिल हुई। इसके अलावा आमेर में 12, कोटखावदा में 11 और शाहपुरा, माधोराजपुरा व बस्सी में 10-10 सीटों पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की। इन नतीजों से जिले की ग्रामीण राजनीति में कांग्रेस की मजबूत पकड़ दिखाई दे रही है।

गौरतलब है कि प्रदेश के 41 जिलों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव चार चरणों में कराए गए थे। इसके लिए 22 और 28 अक्टूबर के साथ 3 और 14 नवंबर को मतदान हुआ था।

चार जिलों में मतगणना टली

राजस्थान के कोटा, बारां, श्रीगंगानगर और करौली जिलों में पंचायत चुनावों की मतगणना को आगे बढ़ा दिया गया है। राज्य निर्वाचन आयोग ने 18 नवंबर को आदेश जारी कर इन जिलों में मतगणना की तारीख 17 दिसंबर तय की है। पंचायत समिति चुनावों में कांग्रेस ने 8,042 उम्मीदवार उतारे थे, जबकि भाजपा की ओर से 7,969 प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा। वहीं, आयोग ने पहले ही 37 पंचायत समिति सदस्यों और चार जिला परिषद सदस्यों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया था। बाकी सीटों पर वोटों की गिनती डाक मतपत्रों से शुरू हुई, जिसके बाद ईवीएम और बैलेट पेपर के वोट गिने गए। चुनाव के बाद जिला परिषद सदस्य 25 नवंबर को अपने जिला प्रमुख चुनेंगे, जबकि पंचायत समिति सदस्य 27 नवंबर को प्रधान का चुनाव करेंगे। हालांकि, चार प्रभावित जिलों में जिला प्रमुख और पंचायत समिति प्रधान के चुनाव क्रमशः 22 और 24 दिसंबर को कराए जाएंगे।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।