Cyclone Akvan: समुद्र में उठेंगी ऊंची लहरें! इन राज्यों में बारिश मचाएगी कहर, IMD ने जारी किया अलर्ट

पश्चिम बंगाल के पूर्वी मेदिनीपुर जिले में रातभर हुई बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। शुक्रवार सुबह भी आसमान में बादल छाए रहे और बारिश जारी रहने के कारण सड़कों पर लोगों की आवाजाही काफी कम रही। दीघा, मंदारमणि, ताजपुर और नंदीग्राम समेत जिले के कई इलाकों में सन्नाटा पसरा रहा

अपडेटेड Nov 20, 2026 पर 8:39 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
डीप डिप्रेशन और चक्रवाती तूफान के प्रभाव से शनिवार तक बारिश जारी रह सकती है

चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के कारण पश्चिम बंगाल के दक्षिणी इलाकों में मौसम खराब हो गया है। शुक्रवार सुबह गोपालपुर के पास आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तट पर तूफान का असर देखने को मिला। इसके असर से कोलकाता, दोनों मेदिनीपुर, बांकुरा और दक्षिण 24 परगना समेत कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है। बारिश के कारण लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हुई है। वहीं इसकी वजह से तटीय इलाकों में तेज हवाएं चल रही हैं। इसके साथ ही नदियों व समुद्र में भी तेज हलचल देखने को मिल रही है। आइए जानते हैं कैसा होगा मौसम

कोलकाता में बारिश बनीं आफत

पश्चिम बंगाल के पूर्वी मेदिनीपुर जिले में रातभर हुई बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। शुक्रवार सुबह भी आसमान में बादल छाए रहे और बारिश जारी रहने के कारण सड़कों पर लोगों की आवाजाही काफी कम रही। दीघा, मंदारमणि, ताजपुर, हल्दिया, कोलाघाट, तमलुक, नंदकुमार, भगवानपुर और नंदीग्राम समेत जिले के कई इलाकों में सन्नाटा पसरा रहा। लगातार बारिश के चलते तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की रोजमर्रा की गतिविधियों और कामकाज पर भी असर पड़ा है।


समुद्र में उठेगी ऊंची लहरें

सुंदरबन में लगातार बारिश और तेज हवाओं की आशंका से धान की खेती करने वाले किसानों की चिंता बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, डीप डिप्रेशन और चक्रवाती तूफान के प्रभाव से शनिवार तक बारिश जारी रह सकती है। वहीं लगातार बारिश और तेज हवाओं की वजह से शुक्रवार सुबह दीघा के समुद्र तटों पर सन्नाटा पसरा रहा। समुद्र में ऊंची लहरें उठने के चलते प्रशासन ने पर्यटकों की सुरक्षा के लिए चेतावनी जारी की है। बीच पर जगह-जगह अनाउंसमेंट कर लोगों को समुद्र से दूर रहने की सलाह दी जा रही है। सुरक्षा को देखते हुए शनिवार तक समुद्र में नहाने पर रोक लगा दी गई है और पर्यटकों को किनारे के पास जाने से भी मना किया गया है।

आसमान में छाए रहेंगे बादल

पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में बुधवार रात से लगातार बारिश हो रही है। आसमान में घने बादल छाए हैं और सुंदरबन के तटीय इलाकों में तेज हवाओं के साथ समुद्र और नदियां भी अशांत हैं। खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है। पश्चिम बंगाल के दक्षिणी जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। कोलकाता में शुक्रवार सुबह से ही बारिश हो रही है। वहीं, तटीय इलाकों में तेज हवाओं और समुद्र में उठ रही ऊंची लहरों को देखते हुए अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

किन राज्यों में होगी बारिश

आईएमडी के मुताबिक, असम, मेघालय, बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं, छत्तीसगढ़ और पूर्वी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। आंध्र प्रदेश, बिहार, पूर्वी मध्य प्रदेश और गंगीय पश्चिम बंगाल में भी 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। पूर्वोत्तर राज्यों, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। आंध्र प्रदेश में तेज हवाएं चलने, जबकि दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में घना कोहरा छाने की संभावना है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।