Monkeypox का खतरा: मुंबई ने संभावित मरीजों के लिए तैयार किया आइसोलेशन वार्ड, एयरपोर्ट पर यात्रियों की हो रही जांच

दुनिया के कई देशों में मंकीपॉक्स (Monkeypox) के बढ़ते केस को देखते हुए मुंबई ने एयरपोर्ट पर यात्रियों की जांच और संदिग्ध मरीजों के लिए आइसोलेशन वार्ड की व्यवस्था की है

अपडेटेड May 23, 2022 पर 4:29 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
मंकीपॉक्स (Monkeypox) जानवरों से इंसानों में फैलने वाला एक संक्रामक रोग है

दुनिया के कई देशों में मंकीपॉक्स (Monkeypox) के बढ़ते केस को देखते हुए मुंबई (Mumbai) ने अभी से इसके खिलाफ खुद को तैयार करना शुरू कर दिया है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने सोमवार को बताया कि उसने संदिग्ध मरीजों को अलग रखने के लिए मुंबई के कस्तूरबा अस्पताल में 28 बेड वाला एक आइसोलेशन वार्ड (Isolation Ward) तैयार किया है। बता दें कि बेल्जियम हाल ही में मंकीपॉक्स के मरीजों के लिए आइसोलेशन सिस्टम लागू करना वाला दुनिया का पहला देश बना है।

BMC के एक अधिकारी ने बताया कि अब तक मुंबई में मंकीपॉक्स के किसी भी संदिग्ध मरीज या किसी मामले की पुष्टि की कोई जानकारी नहीं मिली है। मंकीपॉक्स जानवरों से इंसानों में फैलने वाला एक संक्रामक रोग है। BMC ने बताया कि एयरपोर्ट पर अधिकारिक इस बीमारी से प्रभावित देशों से आने वाले यात्रियों की जांच कर रहे हैं।

BMC ने बताया, "संदिग्ध मरीजों को अलग रखने के लिए कस्तूरबा अस्पताल में एक आइसोलेशन वार्ड (28 बेड वाला) तैयार किया गया है। संदिग्ध मरीजों के नमूने पुणे स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी (NIV) में जांच के लिए भेजे जाएंगे।" साथ ही मुंबई के सभी अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों को सूचित किया गया है कि वे मंकीपॉक्स के किसी भी संदिग्ध मामले के बारे में कस्तूरबा अस्पताल को सूचित करें और ऐसे मरीजों को वहां भेजें।


यह भी पढ़ें- Ethos IPO: 25 मई को होगा शेयरों का अलॉटमेंट, जानिए GMP से क्या मिल रहा लिस्टिंग को लेकर संकेत

BMC की तरफ से जारी एक एडवाइजरी के मुताबिक, मंकीपॉक्स पशुओं से फैलने वाला वायरल संक्रामक बीमारी है, जो मुख्य रूप से मध्य और पश्चिम अफ्रीका के वर्षावन वाले क्षेत्रों में होता है और कभी-कभी अन्य क्षेत्रों में भी इस संक्रमण के मामले देखे गए हैं। एडवाइजरी में बताया गया है, "मंकीपॉक्स में आमतौर पर बुखार, दाने निकलने और सूजन जैसे लक्षण दिखते और इससे मेडिकल से जुड़ी कई जटिलताएं हो सकती हैं।"

BMC ने कहा कि ये लक्षण आमतौर पर दो से चार सप्ताह तक दिखते हैं और धीरे-धीरे ठीक हो जाते हैं। कभी कभी मामले गंभीर हो सकते हैं और इस रोग से मृत्यु दर 1-10 प्रतिशत तक है। यह बीमारी जानवरों से इंसानों में और फिर इंसानों से इंसानों में फैल सकती है। एडवाइजरी में कहा गया है, "वायरस कटी-फटी त्वचा (भले ही दिखाई न दे), आंख, नाक या मुंह के जरिए शरीर में प्रवेश करता है।"

मंकीपॉक्स का रोग पनपने की अवधि आमतौर पर 7 से 14 दिनों की होती है, लेकिन यह 5-21 दिनों तक भी हो सकती है और इस अवधि के दौरान व्यक्ति आमतौर पर संक्रामक नहीं होता है। परामर्श में कहा गया है, "एक संक्रमित व्यक्ति दाने दिखने से 1-2 दिन पहले तक बीमारी फैला सकता है और तब तक संक्रामक बना रह सकता है जब तक कि सभी दाने मुरझा कर ठीक नहीं हो जाएं।"

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।