लग्जरी और प्रीमियम घड़ियों की देश की सबसे बड़ी रिटेलर इथोस लिमिटेड (Ethos Ltd) का इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) अपने आखिरी दिन शुक्रवार को पूरा सब्सक्राइब हो गया। कंपनी ने आईपीओ के तहत कुल 39,79,957 शेयर रखे थे, जिसके बदले में उसे 1.04 गुना या 41,38,650 शेयरों के लिए बोली मिली।
रिटेल निवेशकों ने अपने लिए आरक्षित रखे शेयरों का 84 सब्सक्राइब किया। वहीं नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) ने अपने कोटे के शेयरों के लिए 1.48 गुना अधिक बोली लगाई। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) ने अपने हिस्से के शेयरों को 1.06 गुना अधिक सब्सक्राइब किया।
25 मई को हो सकता है अलॉटमेंट
इस IPO का रजिस्ट्रार KFin Technologies Limited है। ऐसे में निवेशक अपने आवेदन की स्थिति को बीएसई की वेबसाइट के अलावा KFin Technologies की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर भी देख सकते हैं।
बाजार जानकारों के मुताबिक, इथोस के शेयरों का ग्रे मार्के प्रीमियम (GMP) बुधवार को 2 रुपये था। इसका मतलब है कि ग्रे मार्केट को कंपनी के शेयर मामूली प्रीमियम के साथ या इश्यू प्राइस पर फ्लैट लिस्ट होने की उम्मीद है।
30 मई को हो सकती है लिस्टिंग
बीएसई और एनएसई पर कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 30 मई 2022 को होने की उम्मीद है। कंपनी अपने आईपीओ से करीब 472 करोड़ रुपये जुटाने की योजना में है। इसमें से 375 करोड़ रुपये के फ्रेश शेयर जारी किए गए हैं। जबकि बाकी करीब 97 करोड़ के शेयरों कंपनी के प्रमोटरों और शेयरहोल्डरों ने बिक्री के लिए रखा है।
IPO से मिले पैसे को यहां खर्च करेगी कंपनी
कंपनी नए शेयर इश्यू करने से मिले कुछ पैसे का इस्तेमाल अपना लोन चुकाने के लिए करेगी। 234.96 करोड़ रुपये का इस्तेमाल वर्किंग कैपिटल की जरूरतों के लिए करेगी। 33.27 करोड़ रुपये का इस्तेमाल नए स्टोर खोलने और पुराने स्टोरों को बेहतर बनाने पर करेगी। कंपनी ने अपने शेयरों के लिए 836-878 रुपये का प्राइस बैंड रखा था। आईपीओ के बाद कंपनी में प्रमोटरों की हिस्सेदारी 19.36 फीसदी घटकर 61.65 फीसदी पर आ जाएगी।