सिंबायोटेक फार्मालैब का ₹1,757 करोड़ का इश्यू 24 अगस्त से खुल रहा है। इसके लिए प्राइस बैंड ₹938-₹988 प्रति शेयर और लॉट साइज 15 शेयर है। इश्यू में ₹150 करोड़ के 15 लाख नए शेयर जारी होंगे। साथ ही ₹1,607 करोड़ के 1.63 करोड़ शेयरों का ऑफर फॉर सेल (OFS) रहेगा। OFS में कंपनी की प्रमोटर सतवानी होल्डिंग्स LLP और निवेशक रोजवुड इनवेस्टमेंट्स व इंडिया बिजनेस एक्सीलेंस फंड-III अपने शेयर बेचेंगे। IPO 27 अगस्त को बंद होगा, जिसके बाद अलॉटमेंट 28 अगस्त को फाइनल होगा। कंपनी के शेयर NSE और BSE पर 1 सितंबर को लिस्ट हो सकते हैं। इश्यू में एंकर निवेशक 21 अगस्त को बोली लगा सकेंगे।
सिंबायोटेक फार्मालैब लिमिटेड एक फार्मास्युटिकल और बायोटेक्नोलॉजी कंपनी है। यह एक्टिव फार्मास्युटिकल इंग्रीडिएंट्स (APIs), न्यूट्रिशनल इंग्रीडिएंट्स और स्पेशिएलिटी प्रोडक्ट्स के डेवलपमेंट और मैन्युफैक्चरिंग का काम करती है। घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपनी सेवाएं देती है। रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस के मुताबिक, कंपनी में रोजवुड इनवेस्टमेंट्स के पास फिलहाल 34.78 प्रतिशत और इंडिया बिजनेस एक्सीलेंस फंड-III के पास 24.16 प्रतिशत हिस्सेदारी है। प्रमोटर्स के पास 36.4 प्रतिशत हिस्सा है।
IPO के लिए जेएम फाइनेंशियल लिमिटेड, एवेंडस कैपिटल प्राइवेट लिमिटेड, मोतीलाल ओसवाल इनवेस्टमेंट एडवाइजर्स लिमिटेड, नोमुरा फाइनेंशियल एडवाइजरी एंड सिक्योरिटीज (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड बुक रनिंग लीड मैनेजर है। रजिस्ट्रार MUFG Intime India Pvt.Ltd. है।
IPO के पैसे कैसे होंगे इस्तेमाल
कंपनी अपने IPO में नए शेयरों को जारी कर हासिल होने वाले पैसों का इस्तेमाल कर्ज चुकाने के लिए और आम कॉरपोरेट कामों के लिए करेगी। पब्लिक इश्यू के तहत 3 करोड़ शेयर सिंबायोटेक फार्मालैब के कर्मचारियों के लिए रिजर्व हैं। उन्हें फाइनल ऑफर प्राइस से 90 रुपये प्रति शेयर के डिस्काउंट पर शेयर मिलेंगे। बाकी बचे इश्यू में 50 प्रतिशत हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए, 35 प्रतिशत हिस्सा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए और 15 प्रतिशत हिस्सा नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व है।
Symbiotec Pharmalab की वित्तीय सेहत
वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान सिंबायोटेक फार्मालैब का रेवेन्यू 15 प्रतिशत बढ़कर 872.26 करोड़ रुपये हो गया। शुद्ध मुनाफा 14 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 109.90 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले रेवेन्यू 755.98 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 96.79 करोड़ रुपये था। वित्त वर्ष 2026 के दौरान कंपनी पर 387.91 करोड़ रुपये की उधारी थी। ग्रे मार्केट में कंपनी के शेयर 24.29 प्रतिशत प्रीमियम पर ट्रेड कर रहे हैं। ग्रे मार्केट एक अनऑथराइज्ड मार्केट है, जहां किसी कंपनी के शेयर उसकी लिस्टिंग तक ट्रेड करते हैं।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।