कोल इंडिया की सब्सिडियरी 'महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड' की आज, 27 नवंबर को शेयर बाजार में एंट्री मायूस करने वाली रही। कंपनी का शेयर BSE पर 2 प्रतिशत घाटे के साथ ₹133.15 पर और NSE पर 1.47 प्रतिशत घाटे के साथ ₹134 पर लिस्ट हुआ। फाइनल IPO प्राइस ₹136 प्रति शेयर था। ₹8,981.12 करोड़ का यह पब्लिक इश्यू 19 नवंबर को खुला था और 23 नवंबर को बंद हुआ। यह 1.52 गुना भरा। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 4.95 गुना, नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 0.66 गुना, रिटेल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 0.48 गुना, कर्मचारियों के लिए रिजर्व हिस्सा 0.22 गुना और शेयरहोल्डर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 0.56 गुना सब्सक्राइब हुआ।
महानदी कोलफील्ड्स मुख्य रूप से ओडिशा में काम करती है और इसने वित्त वर्ष 2026 में भारत के कुल घरेलू कोयला उत्पादन में 21 प्रतिशत का योगदान दिया। कोल इंडिया के उत्पादन में इसकी हिस्सेदारी 28.4 प्रतिशत रही। वित्त वर्ष 2026 के दौरान भारत के कुल कोयला उत्पादन में कोल इंडिया का योगदान लगभग 74 प्रतिशत था।
IPO में कोल इंडिया ने बेचा 10 प्रतिशत हिस्सा
महानदी कोलफील्ड्स में कोल इंडिया के पास पूरी 100 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। IPO में इसने 10 प्रतिशत हिस्सेदारी को बेचा। IPO में कोल इंडिया की ओर से 66.18 करोड़ शेयरों का ऑफर फॉर सेल रहा। नए शेयर जारी नहीं हुए। महानदी कोलफील्ड्स ने IPO की ओपनिंग से एक दिन पहले एंकर निवेशकों से ₹2,295 करोड़ जुटाए थे।
Mahanadi Coalfields की वित्तीय सेहत
कंपनी का वित्त वर्ष 2025-26 में शुद्ध मुनाफा 1.3 प्रतिशत की गिरावट के साथ 10,678 करोड़ रुपये रहा। रेवेन्यू 2.6 प्रतिशत की गिरावट के साथ 30,550 करोड़ रुपये हो गया। वित्त वर्ष 2026 में महानदी कोलफील्ड्स का उत्पादन 218.31 मिलियन टन रहा। इस IPO के लिए SBI कैपिटल मार्केट्स लिमिटेड, एक्सिस कैपिटल लिमिटेड, BOB कैपिटल मार्केट्स लिमिटेड, IDBI कैपिटल मार्केट्स एंड सिक्योरिटीज लिमिटेड और IIFL कैपिटल सर्विसेज लिमिटेड 'बुक-रनिंग लीड मैनेजर' हैं। रजिस्ट्रार Kfin Technologies है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।