IPO में रिटेल निवेश की ₹2 लाख की लिमिट बढ़ेगी? जानिए क्या है SEBI का प्लान

अभी आईपीओ में रिटेल इनवेस्टर्स 2 लाख रुपये तक के शेयरों के लिए बोली लगा सकते हैं। सेबी इस लिमिट पर विचार कर सकता है। यह सीमा 16 साल से नहीं बदली है। IPO में रिटेल निवेशकों के लिए आवेदन की अधिकतम सीमा अक्टूबर 2010 में बढ़ाकर 2 लाख रुपये की गई थी

अपडेटेड Nov 27, 2026 पर 6:41 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
SEBI ने IPO से जुड़े नियमों और इश्यू जारी करने की प्रक्रिया की समीक्षा के लिए एक वर्किंग ग्रुप बनाया है।

सेबी आईपीओ में रिटेल इनवेस्टर्स के बोली लगाने की लिमिट में बदलाव कर सकता है। अभी आईपीओ में रिटेल इनवेस्टर्स 2 लाख रुपये तक के शेयरों के लिए बोली लगा सकते हैं। सेबी इस लिमिट पर विचार कर सकता है। यह सीमा 16 साल से नहीं बदली है।

सेबी ने इसलिए अब तक नहीं बढ़ाई यह लिमिट 

SEBI के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर जीवन सोनपरोते ने मुंबई में आयोजित Moneycontrol FiDEX 2.0 कार्यक्रम में कहा कि रेगुलेटर ने पहले भी इस सीमा की समीक्षा करने की कोशिश की है, लेकिन इसमें बदलाव की खास जरूरत महसूस नहीं हुई। इसकी वजह यह है कि रिटेल निवेशक आमतौर पर IPO में एक लॉट के लिए ही आवेदन करते हैं। एक लॉट की कीमत करीब 15,000 रुपये होती है।


लिमिट बढ़ने का ज्यादा असर नहीं पड़ेगा 

सोनपरोते ने कहा कि अगर रिटेल निवेशकों के लिए IPO आवेदन की सीमा को बढ़ाकर 5 लाख रुपये भी कर दिया जाए, तो जरूरी नहीं कि निवेशक ज्यादा रकम लगाएं। उनके मुताबिक, रिटेल निवेशक आमतौर पर एक लॉट के लिए आवेदन करते हैं और इसकी कीमत करीब 15,000 रुपये होती है। ऐसे में सीमा बढ़ने के बावजूद उनके आवेदन की रकम में खास बदलाव आने की संभावना नहीं है।

SEBI पहले ही एक वर्किंग ग्रुप बना चुका है

SEBI ने IPO से जुड़े नियमों और इश्यू जारी करने की प्रक्रिया की समीक्षा के लिए पहले ही एक वर्किंग ग्रुप गठित किया है। सोनपरोते के मुताबिक, रिटेल निवेशकों के लिए आवेदन की सीमा की समीक्षा भी इस समूह के विचार-विमर्श का हिस्सा हो सकती है। इसका मतलब है कि ₹2 लाख की मौजूदा सीमा पर चर्चा हो सकती है, लेकिन इसे बढ़ाने का अंतिम फैसला वर्किंग ग्रुप की समीक्षा और रेगुलेटर के विचार के बाद ही होगा।

यह भी पढ़ें: Foodlink F&B IPO: 10 बातें, जान लें ₹361 करोड़ के इश्यू में निवेश से पहले, एक्सपर्ट्स ने दी खास सलाह

16 साल पहले बढ़ी थी रिटेल निवेश की सीमा

IPO में रिटेल निवेशकों के लिए आवेदन की अधिकतम सीमा अक्टूबर 2010 में बढ़ाकर 2 लाख रुपये की गई थी। उस समय SEBI के चेयरमैन सीबी भावे थे। इससे पहले मार्च 2005 से यह सीमा 1 लाख रुपये थी। इसके बाद कई बार अलग-अलग पक्षों की ओर से इस सीमा को बढ़ाने की मांग उठी, लेकिन SEBI ने अब तक कोई बदलाव नहीं किया। सेबी ने पाया था कि ज्यादातर रिटेल इनवेस्टर्स आईपीओ में शेयरों के एक लॉट के लिए अप्लाई करते हैं।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।