Foodlink F&B IPO: 10 बातें, जान लें ₹361 करोड़ के इश्यू में निवेश से पहले, एक्पर्ट्स ने दी खास सलाह

Foodlink F&B IPO: FY24 में रेवेन्यू के हिसाब से देश की सबसे बड़ी ऑर्गेनाइज्ड, अल्ट्रा-लग्जरी और लग्जरी कैटरिंग कंपनी एफएंडबी अब लिस्टिंग की तैयारी में है जिसका आईपीओ खुल चुका है। कंपनी फिलहाल घाटे में है। ऐसे में आईपीओ में पैसे लगाने से पहले चेक करें 10 अहम बातें और जानिए एनालिस्ट्स का क्या कहना है

अपडेटेड Nov 26, 2026 पर 10:58 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Foodlink F&B IPO: फूडलिंक एफएंडबी के आईपीओ के तहत ₹192 करोड़ के नए शेयर जारी होंगे।

Foodlink F&B IPO: भारत और भारत के बाहर लग्जरी कैटरिंग और क्लाउड सर्विस देने वाली फूडलिंक एफएंडबी होल्डिंग्स का आईपीओ खुल चुका है। इसके ₹361 करोड़ के आईपीओ के तहत नए शेयर जारी होंगे और ऑफर फॉर सेल के तहत भी शेयरों की बिक्री होगी। यहां इस आईपीओ से जुड़ी 10 अहम बातें बताई जा रही है, जिसे जान लें और फिर आईपीओ में निवेश से जुड़ा फैसला लें।

1. प्राइस बैंड और लॉट साइज

फूडलिंक एफएंडबी होल्डिंग्स के ₹360.76 करोड़ के आईपीओ में ₹181-₹191 के प्राइस बैंड और 78 शेयरों के लॉट में पैसे लगा सकते हैं।

2. अहम डेट्स


फूडलिंक एफएंडबी का आईपीओ आज 26 नवंबर को खुला है और 20 नवंबर को बंद होगा। आईपीओ के तहत शेयरों का अलॉटमेंट 1 दिसंबर को फाइनल होगा। फिर बीएसई और एनएसई पर 3 दिसंबर को एंट्री होगी।

3. एंकर बुक

आईपीओ खुलने से पहले फूडलिंक एफएंडबी ने 11 निवेशकों से ₹162 करोड़ जुटाए। सबसे अधिक ₹35.01 करोड़ के 18.33 लाख शेयर एमीकॉर्प ग्रुप की एमीकॉर्प कैपिटल (मॉरीशस) को मिले। इसके बाद आईटीआई म्यूचुअल फंड ने ₹27.5 करोड़ में 14.39 लाख शेयर हासिल किए। एंकर बुक में निप्पॉन इंडिया, फाउंडर्स कलेक्टिव फंड, एसजी फिनसर्व, कॉग्निजेंट कैपिटल, एसवीएएन वेलोसिटी फंड, सेंट कैपिटल फंड और मेरु इन्वेस्टमेंट फंड ने भी पैसे लगाए।

4. आईपीओ में कितने शेयर होंगे जारी

फूडलिंक एफएंडबी के आईपीओ के तहत ₹192 करोड़ के नए शेयर जारी होंगे। इसके अलावा ₹2 की फेस वैल्यू वाले 88,35,382 शेयरों की ऑफर फॉर सेल विंडो के तहत बिक्री होगी। ऑफर फॉर सेल विंडो के जरिए इसके प्रमोटर्स और शेयरहोल्डर्स अपनी हिस्सेदारी हल्की करेंगे।

5. रजिस्ट्रार

फूडलिंक एफएंडबी के आईपीओ का रजिस्ट्रार एमयूएफजी इनटाइम इंडिया है यानी कि शेयरों का अलॉटमेंट फाइनल होने के बाद इसकी साइट पर जारी अलॉटमेंट स्टेटस देख सकेंगे कि कितने शेयर मिले। इसके अलावा बीएसई और एनएसई की साइट पर भी स्टेटस देख सकेंगे।

6. कैसे होगा आईपीओ के पैसों का इस्तेमाल?

ऑफर फॉर सेल का पैसा शेयर बेचने वाले प्रमोटर्स और शेयरहोल्डर्स को मिलेगा। वहीं नए शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹21.40 करोड़ दो सेंट्रलाइज्ड किचन बनाने, ₹50.81 करोड़ चार कैजुअल डाइनिंग रेस्टोरेंट्स बनाने के लिए मैटेरियल सब्सिडियरी FGRCS में निवेश, ₹21.00 करोड़ अपना और FGRCS का कर्ज हल्का करने, ₹41.50 करोड़ दो बैंक्वेट बनाने और बाकी पैसे आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च होंगे।

7. कंपनी के बारे में

फूडलिंक एफएंडबी होल्डिंग्स रेस्टोरेंट चलाती है और साथ ही शादी-ब्याह, बड़े आयोजनों, कॉर्पोरेट इवेंट्स और लग्जरी पार्टियों के लिए खाने-पीने की पूरी व्यवस्था करती है। इसका कारोबार तीन सेगमेंट- इवेंट कैटरिंग, कैजुअल डाइनिंग रेस्टोरेंट्स और क्लाउड किचन, और बैंक्वेट्स और इंटीग्रेटेड एफएंडबी सर्विसेज में है। इसके रेस्टोरेंट चाइना बिस्त्रो (China Bistro), इंडिया बिस्त्रो (India Bistro), ग्लोकल (Glocal) और आर्ट ऑफ दम (Art of Dum) ब्रांड्स से चल रहे हैं। जेड लग्जरी बैंक्वेट्स (Jade Luxury Banquets) के जरिए यह बड़े कार्यक्रमों के लिए बैंक्वेट और खाने-पीने की इंटीग्रेटेड सर्विसेज देती है। साथ ही यह यूएई में अपनी इंटरनेशनल सब्सिडियरी के जरिए ग्लोबल फूड और हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री में भी है।

8. कितनी बड़ी है कंपनी?

फूडलिंक एफएंडबी का कारोबार भारत के साथ-साथ यूएई, यूके और मलेशिया में भी है। इसके अलावा कंपनी ने स्विट्जरलैंड, तुर्की, इटली, स्पेन, संयुक्त अरब अमीरात, फ्रांस, ओमान, कतर, मिस्र, जॉर्डन, मालदीव, थाईलैंड, नाइजीरिया, यूनाइटेड किंगडम और मलेशिया में भी अपनी सर्विसेज दी हैं। कंपनी 28 कैजुअल डाइनिंग रेस्टोरेंट्स और क्लाउड किचन चला रही है, जोकि भारत और यूएई में है, जिसमें 15 देश के दो शहरों में 10 जगहों पर है और 13 यूएई के दो शहरों में 7 जगहों पर हैं। देश में कंपनी 5 सेंट्रलाइज्ड किचन हैं जो महाराष्ट्र के मुंबई, गुजरात के अहमदाबाद, पंजाब के मोहाली, तेलंगाना के हैदराबाद और नई दिल्ली में स्थित हैं।

9. कैसी है कारोबारी सेहत?

फूडलिंक एफएंडबी के वित्तीय सेहत की बात करें तो इसकी सेहत थोड़ी कमजोर हुई है और यह मुनाफे से घाटे में आ गई है। वित्त वर्ष 2024 में इसे ₹15.35 करोड़ का शुद्ध घाटा हुआ था लेकिन फिर वित्त वर्ष 2025 में यह ₹14.26 करोड़ का शुद्ध मुनाफा हुआ था, जो वित्त वर्ष 2026 में ₹29.11 करोड़ पर पहुंच गया। हालांकि इस दौरान टोटल इनकम लगातार बढ़ी है और सालाना करीब 23% की रफ्तार यानी सीएजीआर से ₹572.26 करोड़ पर पहुंच गया। चालू वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही में कंपनी को ₹16.15 करोड़ का शुद्ध घाटा हुआ था और ₹222.18 करोड़ का टोटल इनकम हासिल हुआ था। सितंबर 2026 के आखिरी में कंपनी के रिजर्व और सरप्लस में ₹205.55 करोड़ पड़े थे।

10. क्या कहना है एनालिस्ट्स का?

आईपीओ पर ब्रोकरेजेज का रुझान मिला-जुला है। एसबीआई सिक्योरिटीज ने सतर्क रुझान अपनाया है और न्यूट्रल रेटिंग दी है तो आनंद राठी ने लॉन्ग टर्म निवेशकों को पैसे लगाने की सलाह दी है। एसबीआई सिक्योरिटीज का मानना है कि ऑर्गेनाइज्ड लग्जरी कैटरिंग की बढ़ती मांग, रेस्टोरेंट और बैंक्वेट नेटवर्क के विस्तार, और कन्वेंशन, प्रदर्शनी और इवेंट वेन्यू पर एक्स्क्लूसिव फूड एंड बेवरेज सर्विसेज से कंपनी की ग्रोथ को बढ़ावा मिलेगा लेकिन इवेंट कैटरिंग बिजनेस में सीजनलिटी यानी मौसमी उतार-चढ़ाव, एग्जीक्यूशन रिस्क और रेस्टोरेंट और क्लाउट किचव पोर्टफोलियो से जुड़ा रिस्क भी है। वहीं आनंद राठी का मानना है कि ऑर्गेनाइज्ड लग्जरी कैटरिंग की बढ़ती मांग और रेस्टोरेंट, बैंक्वेट और इंटीग्रेटेड फूड सर्विसेज में कंपनी के विस्तार से लॉन्ग टर्म ग्रोथ की अच्छी संभावनाएं हैं।

Crystal Crop IPO Listing: 17 गुना सब्सक्रिप्शन के बाद 2% का लिस्टिंग गेन, ₹272 के शेयरों की सुस्त एंट्री

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।