कोल इंडिया की दिग्गज कंपनी की लिस्टिंग कल! फ्लैट एंट्री के आसार के बीच क्या हो निवेशकों की स्ट्रैटेजी? जानिए
Mahanadi Coalfields IPO Listing: कोल इंडिया की सब्सिडियरी महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड के शेयर कल 27 नवंबर को शेयर बाजार में लिस्ट होने जा रहे हैं। ₹8,981 करोड़ के इस मेगा आईपीओ की फ्लैट शुरुआत होने के संकेत मिल रहे हैं। एक्सपर्ट्स से जानिए लिस्टिंग के बाद क्या हो रणनीति? शेयर होल्ड करें या मुनाफा वसूली करें
एक्सपर्ट्स के मुताबिक, लंबी अवधि के निवेशकों के लिए कंपनी का आउटलुक मजबूत बना हुआ है
Mahanadi Coalfields IPO Listing: सरकारी दिग्गज कंपनी कोल इंडिया की सबसे बड़ी कोयला उत्पादक इकाई महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड (MCL) के शेयर कल शुक्रवार, 27 नवंबर को एक्सचेंज पर डेब्यू करने जा रहे हैं। बाजार विश्लेषकों का मानना है कि शेयर की लिस्टिंग सपाट रह सकती है, वैसे लंबी अवधि के निवेशकों के लिए कंपनी का आउटलुक मजबूत बना हुआ है।
₹129 से ₹136 प्रति शेयर के प्राइस बैंड वाला यह ₹8,981 करोड़ का आईपीओ 23 नवंबर को बोली के आखिरी दिन पूरी तरह सब्सक्राइब हो गया था। इससे पहले कंपनी ने एंकर निवेशकों से ₹2,295 करोड़ जुटाए थे।
लिस्टिंग के बाद निवेशकों के लिए क्या है स्ट्रैटेजी?
बाजार विशेषज्ञों ने निवेशकों के नजरिए के हिसाब से अलग-अलग रणनीति अपनाने की सलाह दी है:
लॉन्ग-टर्म निवेशक: लंबी अवधि का नजरिया रखने वाले निवेशकों को शेयर होल्ड करने की सलाह दी गई है। मजबूत कैश फ्लो और नियमित डिविडेंड की संभावना को देखते हुए यह स्टॉक लंबी अवधि के पोर्टफोलियो के लिए बेहतर माना जा रहा है।
शॉर्ट-टर्म निवेशक: जिन निवेशकों ने सिर्फ लिस्टिंग गेन के मकसद से आईपीओ में पैसा लगाया है, वे लिस्टिंग पर मुनाफा मिलने की स्थिति में प्रॉफिट बुकिंग कर बाहर निकलने पर विचार कर सकते हैं।
क्यों खास है महानदी कोलफील्ड्स का कारोबार?
महानदी कोलफील्ड्स देश की सबसे बड़ी एकल कोयला उत्पादक कंपनी है और मुख्य रूप से थर्मल-ग्रेड नॉन-कोकिंग कोयले का खनन करती है। देश के कुल कोयला संसाधनों में कंपनी की हिस्सेदारी करीब 9.8% है, जबकि वित्त वर्ष 2026 में भारत के कुल घरेलू कोयला उत्पादन में इसने 21% का योगदान दिया।
कंपनी ओडिशा के तालचेर और इब वैली कोलफील्ड्स में 17 खदानों का संचालन करती है। इसके पास 9,840 मिलियन टन का प्रमाणित कोयला भंडार है, जो करीब 45 साल की खनन क्षमता दर्शाता है।
मशीनीकृत ओपनकास्ट खनन, बेहतर रेल कनेक्टिविटी और पांच बंदरगाहों तक सीधी पहुंच इसकी लॉजिस्टिक्स लागत को कम रखती है। वित्त वर्ष 2026 में कंपनी का EBITDA मार्जिन 41.7% और रिटर्न ऑन नेट वर्थ (RoNW) 53.8% रहा है।
भविष्य के विस्तार और ग्रीन एनर्जी पर बड़ा दांव
आने वाले वर्षों में कंपनी की ग्रोथ को रफ्तार देने के लिए कई बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम चल रहा है। कंपनी अपनी वार्षिक कोल वॉशरी क्षमता को 10 मिलियन टन (MTPA) से बढ़ाकर लगभग तीन गुना यानी 37 मिलियन टन करने की योजना बना रही है।
कोयला गैसीफिकेशन, रिन्यूएबल एनर्जी, मिनरल माइनिंग और रेयर अर्थ एलिमेंट्स जैसे उभरते क्षेत्रों में कारोबार फैलाने की तैयारी है। साथ ही कंपनी ने पवन ऊर्जा और पंप्ड एनर्जी स्टोरेज प्रोजेक्ट्स के लिए ओडिशा सरकार के साथ समझौते (MoU) किए हैं और 80 MW / 320 MWh का बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (BESS) प्रोजेक्ट भी हासिल किया है।
वैल्यूएशन और OFS का गणित
ऊपरी प्राइस बैंड ₹136 के हिसाब से कंपनी का मार्केट कैप करीब ₹90,010 करोड़ बैठता है। पोस्ट-इश्यू कैपिटल पर यह शेयर वित्त वर्ष 2026 की आय के करीब 8.4 गुना और EV/EBITDA के 5.9 गुना पर उपलब्ध है, जिसे विश्लेषक उचित वैल्यूएशन मान रहे हैं। वहीं, वित्त वर्ष 2026 की एकमुश्त आय और टैक्स क्रेडिट को हटाकर देखें तो यह करीब 9 गुना आय पर है, जो पैरेंट कंपनी कोल इंडिया के मुकाबले लगभग 30% प्रीमियम दर्शाता है।
यह पूरा आईपीओ कोल इंडिया की ओर से ऑफर फॉर सेल (OFS) है, यानी इससे जुटाई गई रकम कंपनी के बजाय कोल इंडिया के पास जाएगी। इस साल पब्लिक मार्केट में उतरने वाली यह कोल इंडिया की तीसरी सब्सिडियरी है; इससे पहले जनवरी में भारत कोकिंग कोल लिमिटेड की लिस्टिंग हुई थी और मार्च में सेंट्रल माइन प्लानिंग एंड डिजाइन इंस्टीट्यूट का आईपीओ पूरा हुआ था।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। शेयर बाजार में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। पैसा लगाने से पहले हमेशा अपने वित्तीय सलाहकार या एक्सपर्ट से सलाह जरूर लें। मनीकंट्रोल की ओर से किसी को भी पैसा लगाने की कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।