Morbi Bridge Collapse: आज मोरबी जाएंगे PM मोदी, गुजरात में 2 नवंबर को राज्यव्यापी शोक का ऐलान, मृतकों की संख्या बढ़कर 134 हुई

Morbi Bridge Collapse: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मोरबी का दौरा करेंगे। इस दौरान पीएम मोदी पुल हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से मुलाकात करेंगे। घटना से जुड़े मामले में 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया है

अपडेटेड Nov 01, 2022 पर 10:30 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Morbi Bridge Collapse: मच्छु नदी पर बने केबल पुल रविवार को टूट गया था। इस हादसे में 40 महिलाओं और 34 बच्चों सहित 134 लोगों की मौत हो गई थी

Gujarat Morbi Bridge Collapse News: गुजरात के मोरबी शहर में एक केबल पुल टूटने की घटना में मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर सोमवार को 134 हो गई। इस बीच, हादसे के सिलसिले में 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। ब्रिटिश शासन काल के इस पुल के रखरखाव एवं संचालन की जिम्मेदारी जिन कंपनियों को दी गई थी, उसके खिलाफ एक मामला दर्ज किया गया है। मच्छु नदी पर स्थित पुल के टूटने के एक दिन बाद, सोमवार को भी बचाव अभियान जारी रहा।

गुजरात की राजधानी गांधीनगर से करीब 300 किमी दूरी पर स्थित एक सदी से अधिक पुराने इस पुल को व्यापक मरम्मत कार्य के बाद पांच दिन पहले ही फिर से खोला गया था। रविवार शाम साढ़े छह बजे जब यह पुल टूटा, उस समय इस पर काफी संख्या में लोग मौजूद थे। राजकोट रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) अशोक यादव ने बताया कि पुल टूटने की घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर 134 हो गई है।

9 लोग गिरफ्तार


पुलिस ने बताया कि पुल टूटने की घटना से जुड़े मामले के सिलसिले में सोमवार को नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मोरबी शहर में केबल पुल के रखरखाव और संचालन का काम देखने वाली एजेंसियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के आरोप में FIR दर्ज की है। FIR में कहा गया है कि मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद एजेंसी ने पुल को 26 अक्टूबर को लोगों के लिए खोल दिया था।

प्रधानमंत्री मोदी आज मोरबी जाएंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी मंगलवार को मोरबी का दौरा करेंगे। गुजरात के मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि पीएम मोदी मंगलवार दोपहर को मोरबी का दौरा करेंगे। इस दौरान पीएम मोदी पुल हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से मुलाकात करेंगे। वह मोरबी सिविल अस्पताल का दौरा भी करेंगे, जहां इलाज करा रहे घायलों का हालचाल जानेंगे।

ये भी पढ़ें- Petrol Diesel Price: आज सिलेंडर हुआ सस्ता लेकिन क्या पेट्रोल-डीजल के दाम भी हुए कम? यहां चेक करें रेट

पीएम मोदी ने रविवार को पुल टूटने की घटना में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने एक भावुक संदेश में कहा कि मैं केवडिया में हूं लेकिन मेरा मन मोरबी पुल हादसे में मरने वाले लोगों से जुड़ा हुआ है। प्रधानमंत्री ने कहा कि देशभर के कलाकारों को केवडिया में पारंपरिक नृत्य की प्रस्तुति देनी थी, लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए इसे रद्द कर दिया गया है।

उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की

प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात में मोरबी पुल टूटने के मामले पर सोमवार रात एक बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान अधिकारियों से घटना से प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद करने को कहा। अधिकारियों ने बताया कि गांधीनगर में राजभवन में हुई बैठक में प्रधानमंत्री को घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्यों के बारे में जानकारी दी गई। प्रधानमंत्री मोदी इस समय गुजरात के दौरे पर हैं।

पूरे राज्य में शोक की घोषणा

गुजरात सरकार ने मोरबी पुल हादसे के पीड़ितों को श्रद्धांजलि देने के लिए दो नवंबर को राज्यव्यापी शोक की घोषणा की है। यह फैसला त्रासदी के बाद की स्थिति की समीक्षा के लिए प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में हुई हुई बैठक में लिया गया।

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने ट्वीट किया, ‘‘गुजरात सरकार ने 2 नवंबर को राज्यव्यापी शोक मनाने का फैसला किया है। राज्य में (राष्ट्रीय) ध्वज आधा झुका रहेगा और कोई आधिकारिक समारोह नहीं होगा।’’ उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय बैठक में यह फैसला लिया गया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।