Mihir Shah: कौन है मिहिर शाह? शिवसेना नेता के बेटे पर मुंबई में BMW कार से महिला को रौंदने का आरोप

Mumbai BMW hit-and-run case: वर्ली थाने के एक अधिकारी ने बताया कि महिला की पहचान कावेरी नखवा (45) के तौर पर की गई है। वह रविवार तड़के करीब साढ़े पांच बजे एनी बेसेंट रोड पर अपने पति प्रदीप के साथ दुपहिया वाहन से जा रही थीं, तभी BMW कार के चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और उन्हें टक्कर मार दी

अपडेटेड Jul 08, 2024 पर 2:46 PM
Story continues below Advertisement
BMW Accident In Mumbai: 24 साल का मिहिर शाह शिवसेना नेता राजेश शाह का बेटा है

BMW Accident In Mumbai: मुंबई के वर्ली इलाके में रविवार को BMW कार ने एक दुपहिया वाहन को टक्कर मार दी, जिससे उस पर सवार एक महिला की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले में कार के मालिक राजेश शाह और उसमें सवार राजऋषि राजेंद्रसिंह बिदावत पर मामला दर्ज करने के बाद रविवार शाम उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। राजेश शाह पालघर में शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) का स्थानीय नेता है। पुलिस ने बताया कि जिस BMW कार ने टक्कर मारी, उस कार को मिहिर शाह चला रहा था। 24 साल का मिहिर शाह शिवसेना नेता राजेश शाह का बेटा है।

वर्ली थाने के एक अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि महिला की पहचान कावेरी नखवा (45) के तौर पर की गई है। वह रविवार तड़के करीब साढ़े पांच बजे एनी बेसेंट रोड पर अपने पति प्रदीप के साथ दुपहिया वाहन से जा रही थीं, तभी BMW कार के चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और उन्हें टक्कर मार दी।

वर्ली थाने के अधिकारी ने बताया कि कार मालिक राजेश शाह और उसमें सवार राजऋषि राजेंद्रसिंह बिदावत को घटना के बाद थाने लाया गया और प्रारंभिक जांच में दुर्घटना में उनकी कथित भूमिका स्थापित होने के बाद शाम को दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।


सीएम बोले- किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा

इस बीच, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि कानून सभी के लिए बराबर है और किसी को बख्शा नहीं जाएगा। यह पूछने पर कि क्या इस दुर्घटना में शामिल व्यक्ति शिवसेना के एक नेता का बेटा है, इस पर शिंदे ने कहा, "कानून सभी के लिए बराबर है और सरकार हर मामले को एक ही नजरिए से देखती है। इस दुर्घटना के लिए कोई अलग नियम नहीं होगा। सब कुछ कानून के अनुसार किया जाएगा।"

उन्होंने कहा, "पुलिस किसी को नहीं बचाएगी। मुंबई में हुई दुर्घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। मैंने पुलिस विभाग से सख्त कार्रवाई करने के लिए बात की है।" शिवसेना (UBT) नेता और स्थानीय विधायक आदित्य ठाकरे ने X पर एक पोस्ट में कहा कि वह राजेश शाह के राजनीतिक जुड़ाव पर बात नहीं करेंगे, लेकिन उम्मीद है कि सरकार किसी का बचाव नहीं करेगी।

ठाकरे ने कहा कि उन्होंने और विधान परिषद सदस्य सुनील शिंदे ने घटना में जान गंवाने वाली महिला के पति प्रदीप नखवा से मुलाकात की और आरोपियों को न्याय के दायरे में लाने के लिए हरसंभव मदद का वादा किया।

कौन है मिहिर शाह?

- BMW दुर्घटना मामले में आरोपी 24 वर्षीय मिहिर शाह शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) के नेता राजेश शाह का बेटा है। दुर्घटना के समय, मिहिर कथित तौर पर लग्जरी कार चला रहा था और उसके साथ उसका ड्राइवर राजऋषि राजेंद्रसिंह बिदावत भी था, जो फिलहाल पुलिस हिरासत में है।

- महाराष्ट्र पुलिस द्वारा मामले में कार मालिक और मिहिर शाह के पिता राजेश शाह और उसमें सवार राजऋषि राजेंद्रसिंह बिदावत पर मामला दर्ज करने के बाद रविवार शाम उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।

- मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मिहिर ने 10वीं तक पढ़ाई की है। उसने उसके बाद आगे की पढ़ाई नहीं की। वह महाराष्ट्र में अपने पिता के रियल एस्टेट व्यवसाय में मदद कर रहा था। बाद में BMW को बांद्रा ईस्ट इलाके के कला नगर में लावारिस हालत में पाया गया।

- पुलिस के मुताबिक, मिहिर ने ऑटो-रिक्शा में भागने से पहले अपनी कार बांद्रा में छोड़ दी थी। उसका साथी राजर्षि बिदावत भी ऑटो-रिक्शा लेकर दुर्घटना के बाद बोरीवली आ गया।

ये भी पढ़ें- Panchkula Accident: हरियाणा के पंचकूला में बड़ा हादसा, स्कूल बस पलटने से 40 बच्चे घायल

- हिंदुस्तान टाइम्स के हवाले से पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी ने शनिवार रात जुहू के एक बार में शराब पी थी। घर लौटते समय वह गाड़ी चला रहा था और तेज रफ्तार BMW ने उस स्कूटर को टक्कर मार दी जिस पर प्रदीप और कावेरी घर लौट रहे थे।

- इंडिया टुडे की रिपोर्ट में कहा गया है कि पुलिस की जांच में ये सामने आया है कि हिट एंड रन केस से कुछ घंटे पहले मिहिर शाह अपने दोस्तों के साथ एक पब में गया था। हालांकि पब मालिक ने कहा है कि मिहिर ने शराब नहीं पी थी, बल्कि उसने केवल रेड बुल पी थी।

- आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है, जिसमें 105 (हत्या की श्रेणी में न आने वाली गैर इरादतन हत्या), 281 (मानव जीवन को खतरे में डालने वाली तेज और लापरवाही से गाड़ी चलाना), 125-B (जीवन और व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालना), 238, 324(4) (नुकसान और क्षति पहुंचाने के लिए शरारत करना) शामिल हैं।

- यह मामला ऐसे वक्त में सामने आया है जब दो महीने से भी कम समय पहले 19 मई को पुणे के कल्याणी नगर में पोर्श कार दुर्घटना हुई थी जिसमें कथित तौर पर शराब के नशे में गाड़ी चला रहे नाबालिग ने एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी थी जिसमें दो आईटी इंजीनियरों की मौत हो गई थी।

- यह मामला राष्ट्रीय स्तर पर तब सुर्खियों में आया जब किशोर न्याय बोर्ड ने लड़के को आसान शर्तों पर जमानत दे दी। वहीं, पुणे पुलिस ने यह खुलासा किया कि आरोपी के माता-पिता और ससून अस्पताल के चिकित्सकों ने शराब जांच को निष्प्रभावी बनाने के लिए रक्त के नमूने बदलने और दुर्घटना के संबंध में कथित तौर पर परिवार के ड्राइवर को जिम्मेदार ठहराने का प्रयास किया था।

MoneyControl News

MoneyControl News

First Published: Jul 08, 2024 11:13 AM

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।