Panchkula Accident: हरियाणा के पंचकूल में सोमवार (8 जुलाई) सुबह बड़ा हादसा हो गया। पंचकूला जिले के पिंजौर में नौल्टा गांव के पास हरियाणा रोडवेज की बस पलटने से 40 से ज्यादा स्कूली बच्चे घायल हो गए। घायल बच्चों को इलाज के लिए पिंजौर अस्पताल और पंचकूला के सेक्टर 6 सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक महिला को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। वर्तमान में दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार, अधिक यात्री तथा सड़क की खराब स्थिति को माना जा रहा है।
मौके पर तमाम अधिकारी पहुंच गए हैं और मामले की जांच कर रहे हैं। पहाड़ी क्षेत्र के पास हुई इस दुर्घटना में घायल होने वाले बच्चों की संख्या के बारे में फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। हालांकि, न्यूज एजेंसी ANI ने बताया कि बस में करीब 60 से अधिक छात्र सवार थे।
कालका के एक पुलिस अधिकारी ने फोन पर पीटीआई को बताया, "हरियाणा रोडवेज की बस से हुई दुर्घटना में घायल हुए लोगों में कुछ स्कूली छात्र भी शामिल हैं।" जब पूछा गया कि इस दुर्घटना में कितने स्कूली छात्र घायल हुए हैं, तो अधिकारी ने कहा, "हम पूरी जानकारी जुटा रहे हैं।" पुलिस ने बताया कि छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पंचकूला की CMO डॉ. मुक्ता कुमार ने बताया, "...एक स्कूल बस दुर्घटनाग्रस्त हुई है... पिंजौर में 46 घायलों का भर्ती किया गया है जिसमें 3 व्यस्क भी शामिल हैं और बाकी बच्चे हैं... सभी बच्चों की हमने जांच कर ली है... फिलहाल स्थिति सामान्य है... एक घायल महिला को बाहर रेफर किया गया है जो हादसे के समय बस के बाहर थी... "
पंचकूला बस हादसे पर पंचकूला उपायुक्त डॉ. यश गर्ग ने बताया, "बस में काफी मात्रा में सवारियां सवार थीं जिसमें से कई स्कूली बच्चे थे... बस पलटने के क्या कारण हैं उसकी जांच की जा रही है। फिलहाल हमारा मुख्य उद्देश्य राहत बचाव है... सभी बच्चे सामान्य हैं। किसी बच्चे को गंभीर चोटें नहीं आई हैं... 4 व्यस्क घायल भी यहां लाए गए हैं जिसमें से एक 60 वर्षीय महिला है... घायल महिला को इलाज के लिए चंडीगढ़ रेफर किया गया है... एक मरीज को ICU में शिफ्ट कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त जितने भी अन्य लोग घायल हैं वो सामान्य हैं..."
तेज रफ्तार की वजह से हुई दुर्घटना
पुलिस को संदेह है कि हरियाणा रोडवेज की बस तेज रफ्तार से चल रही थी, जिसकी वजह से ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया और बस पलट गई। पुलिस ने बताया कि बस में क्षमता से ज्यादा लोग सवार थे और सड़कों की खराब हालत भी दुर्घटना के कारणों में से एक हो सकती है। एक प्रत्यक्षदर्शी ने NDTV को बताया कि बस खचाखच भरी हुई थी और उसमें करीब 70 बच्चे सवार थे।
मौक पर मौजूद हरियाणा पुलिस के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि घायलों को पिंजौर अस्पताल और सेक्टर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सुबह-सुबह हुई इस दुर्घटना में एक महिला यात्री की हालत गंभीर है, जिसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है।