Mumbai Metro: मुंबई वालों के लिए खुशखबरी! अब इस रूट पर भी दौड़ेगी मेट्रो, पीएम मोदी आज करेंगे उद्घाटन

Mumbai Metro: प्रधानमंत्री मोदी आज मुंबई का दौरा करेंगे। इस दौरे के दौरान वह शहरी यात्रा को सुगम बनाने और स्वास्थ्य सेवा को मजबूत करने के उद्देश्य से 38,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे। पीएम मोदी राष्ट्र को लगभग 12,600 करोड़ रुपये लागत वाली मुंबई मेट्रो रेल लाइन 2A और 7 समर्पित करेंगे

अपडेटेड Jan 19, 2023 पर 10:32 AM
Mumbai Metro: BJP की नजरें आर्थिक रूप से समृद्ध BMC चुनावों में शिवसेना को हराने पर टिकीं हैं

Mumbai Metro: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) आज यानी गुरुवार (19 जनवरी) को मुंबई में लगभग 38,800 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और दो मेट्रो लाइनों को हरी झंडी दिखाएंगे। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया गया है कि पीएम मोदी राष्ट्र को लगभग 12,600 करोड़ रुपये लागत वाली मुंबई मेट्रो रेल लाइन 2A और 7 समर्पित करेंगे। पीएम मोदी बांद्रा कुर्ला परिसर में MMRDA मैदान पर आयोजित एक समारोह में सात मल जल शोधन प्लांट, सड़क कंक्रीटीकरण परियोजना और छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के पुनर्विकास कार्य की आधारशिला भी रखेंगे।

बता दें कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) की नजरें आर्थिक रूप से समृद्ध बृहन्मुंबई महानगर पालिका (BMC) चुनावों में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) को हराने पर टिकीं हैं। हालांकि, बीएमसी चुनाव की तारीखों की घोषणा अभी नहीं की गई है।

मेट्रो प्रोजेक्ट के बारे में जानें


दहिसर (पूर्व) और डीएन नगर (येलो लाइन) को जोड़ने वाली मेट्रो लाइन 2A लगभग 18.6 किलोमीटर लंबी है। जबकि अंधेरी (पूर्व) एवं दहिसर (पूर्व) (रेड लाइन) को जोड़ने वाली मेट्रो लाइन 7 लगभग 16.5 किलोमीटर लंबी है। दिलचस्प बात है कि प्रधानमंत्री मोदी ने ही 2015 में इन लाइन की आधारशिला रखी थी। विज्ञप्ति के अनुसार, प्रधानमंत्री ‘मुंबई 1 मोबाइल ऐप’ और ‘नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (मुंबई 1)’ (NCMC) की भी शुरुआत करेंगे।

बयान में बताया गया कि यह मोबाइल ऐप यात्रा को सुगम बनाने में मदद करेगा। इसे मेट्रो स्टेशन के प्रवेश द्वार पर दिखाया जा सकता है। यह यूपीआई के माध्यम से टिकट खरीदने के लिए डिजिटल पेमेंट में सहायता करेगा। विज्ञप्ति के अनुसार, कार्ड शुरू में मेट्रो गलियारों में इस्तेमाल किया जाएगा और बाद में स्थानीय ट्रेनों एवं बसों सहित सार्वजनिक परिवहन के अन्य वाहनों तक इसका बड़े पैमाने पर विस्‍तार किया जा सकता है।

प्लांट और अस्पताल सहित अन्य प्रोजेक्ट का करेंगे उद्घाटन

इसमें बताया गया कि यात्रियों को कई कार्ड या नकदी ले जाने की आवश्यकता नहीं होगी। एनसीएमसी कार्ड त्वरित एवं कॉन्टेक्ट लेस डिजिटल लेनदेन को सक्षम करेगा, प्रक्रिया सरल हो जाएगी। प्रधानमंत्री लगभग 17,200 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सात मल जल शोधन प्लांटों का शिलान्यास करेंगे। ये प्लांट मलाड, भांडुप, वर्सोवा, घाटकोपर, बांद्रा, धारावी और वर्ली में स्थापित किए जाएंगे, जिनकी संयुक्त क्षमता लगभग 2,460 एमएलडी होगी।

पीएम मोदी मुंबई में स्वास्थ्य देखभाल के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 20वें ‘हिंदू हृदय सम्राट बालासाहेब ठाकरे आपला दवाखाना’ का उद्घाटन करेंगे। विज्ञप्ति में बताया गया है कि इस पहल के जरिए लोगों को स्वास्थ्य जांच, दवाएं और निदान जैसी आवश्यक चिकित्सा सेवाएं नि:शुल्क प्रदान की जाती हैं।

प्रधानमंत्री मुंबई में तीन अस्पतालों- 360-बिस्‍तरों वाले भांडुप मल्टीस्पेशियलिटी म्युनिसिपल अस्पताल, गोरेगांव (पश्चिम) में 306 बिस्‍तरों वाले सिद्धार्थ नगर अस्पताल, और 152 बिस्‍तरों वाले ओशिवारा प्रसूति गृह- के पुनर्विकास की भी आधारशिला रखेंगे। विज्ञप्ति के अनुसार, इससे शहर के लाखों निवासियों को लाभ होगा और उन्हें उच्च श्रेणी की चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।

ये भी पढ़ें- Microsoft layoff : प्रमुख रणनीतिक क्षेत्रों में भर्ती करती रहेगी माइक्रोसॉफ्ट, छंटनी के बाद Satya Nadella ने दिलाया भरोसा

इसमें बताया गया है कि प्रधानमंत्री मुंबई की लगभग 400 किलोमीटर सड़कों को पक्‍का करने के लिए सड़क निर्माण परियोजना शुरू करेंगे। यह परियोजना लगभग 6,100 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की जाएगी। मुंबई में लगभग कुल 2,050 किलोमीटर सड़कों के विस्‍तार में से 1,200 किलोमीटर से अधिक सड़कों को या तो पक्‍का कर दिया गया है या उन्हें पक्‍का किए जाने की प्रक्रिया जारी है। शेष लगभग 850 किलोमीटर सड़कों में गड्ढे हैं जिससे परिवहन में दिक्कत होती है। सड़क को पक्‍का करने की परियोजना का उद्देश्य इस चुनौती को दूर करना है।

विज्ञप्ति के अनुसार, पीएम मोदी दक्षिण मुंबई में छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के पुनर्विकास की भी आधारशिला रखेंगे। यह कार्य 1,800 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पूरा किया जाएगा। इसके अलावा, प्रधानमंत्री ‘पीएम स्वनिधि योजना’ के तहत एक लाख से अधिक लाभार्थियों के स्वीकृत लोन का ट्रांसफर भी शुरू करेंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।