Microsoft layoff : प्रमुख रणनीतिक क्षेत्रों में भर्ती करती रहेगी माइक्रोसॉफ्ट, छंटनी के बाद Satya Nadella ने दिलाया भरोसा

Microsoft layoff : चीफ एग्जीक्यूटिव सत्या नाडेला ने कर्मचारियों को भेजे एक नोट में कहा कि यह छंटनी मार्च के अंत तक की जाएगी। हालांकि, कंपनी अपने प्रमुख रणनीतिक क्षेत्रों में भर्तियां जारी रखेगी। निकाले जाने वाले कर्मचारियों को मार्केट से ज्यादा सेवरेंस पैकेज, छह महीने तक हेल्थकेयर कवरेज सहित कई सुविधाएं दी जाएंगी। अमेरिका के बाहर तैनात कर्मचारियों को संबंधित देश के कानून के तहत सुविधाएं दी जाएंगी

अपडेटेड Jan 19, 2023 पर 10:31 AM
Microsoft layoff : सत्या नडेला ने कहा, इन दिनों हर उद्योग के सभी संगठन सतर्कता बरत रहे हैं। दुनिया के कुछ हिस्सों में मंदी दिख रही है। दूसरे हिस्सों में इसकी आशंकाएं बनी हुई हैं

Microsoft layoff : माइक्रोसॉफ्ट ने 18 जनवरी को 10,000 कर्मचारियों को निकालने का ऐलान किया, जो उसकी ग्लोबल वर्कफोर्स के 5 फीसदी के बराबर हैं। इससे कंपनी को 1.2 अरब डॉलर की बचत होगी। कंपनी ने कहा कि उसके क्लाउड कंप्यूटिंग कस्टमर्स अपना खर्च घटा रहे हैं और संभावित मंदी से निपटने के लिए यह जरूरी हो गया है। इस संबंध में माइक्रोसॉफ्ट के चीफ एग्जीक्यूटिव सत्या नडेला (Satya Nadella) ने कर्मचारियों को भेजे एक नोट में कहा कि यह छंटनी मार्च के अंत तक की जाएगी। हालांकि, उन्होंने भरोसा दिलाया कि कंपनी अपने प्रमुख रणनीतिक क्षेत्रों में भर्तियां जारी रखेगी।

छंटनी के शिकार कर्मचारियों को मिलेगा यह पैकेज

सॉफ्टवेयर कंपनी के चीफ ने यह भी बताया कि निकाले जाने वाले कर्मचारियों को मार्केट से ज्यादा सेवरेंस पैकेज, छह महीने तक हेल्थकेयर कवरेज, छह महीने के लिए स्टॉक अवार्ड्स, करियर ट्रांजिशन सर्विस और टर्मिनेशन से पहले 60 दिन का नोटिस सहित कई सुविधाएं दी जाएंगी। अमेरिका के बाहर तैनात कर्मचारियों को संबंधित देश के कानून के तहत सुविधाएं दी जाएंगी।


कुछ हिस्सों में दिख रही है मंदी

नडेला ने कहा, “इन दिनों बदलाव बिल्कुल स्पष्ट है। महामारी के दौरान कस्टमर्स ने डिजिटल खर्च बढ़ाया, लेकिन अब हर उद्योग के सभी संगठन सतर्कता बरत रहे हैं। दुनिया के कुछ हिस्सों में मंदी दिख रही है। दूसरे हिस्सों में इसकी आशंकाएं बनी हुई हैं।”

सत्या नडेला ने भरोसा जताया कि इस कवायद के बाद कंपनी ज्यादा मजबूत और ज्यादा प्रतिस्पर्धी बनकर सामने आएगी। लेकिन हमें तीन प्राथमिकताओं पर जमीनी स्तर पर काम करने की जरूरत है।

Layoff News: Microsoft में 10,000 एंप्लॉयीज की छंटनी, ग्राहकों की इन बदलती जरूरतों को बताया जिम्मेदार

पहली, हम अपने रेवेन्यू के आधार पर कॉस्ट स्ट्रक्चर में बदलाव करेगी। साथ ही जहां कस्टमर डिमांड दिख रही है, वहां पर जोर दिया जाएगा। नडेला ने कहा, “भले ही हम छंटनी कर रहे हैं, लेकिन प्रमुख रणनीतिक क्षेत्रों में भर्तियां जारी रहेंगी।”

दूसरी, कंपनी अपने भविष्य के लिए रणनीतिक क्षेत्रों में निवेश जारी रखेगी। नडेला ने कहा, “इसका मतलब है कि हम कंपनी की ग्रोथ और दीर्घकालिक प्रतिस्पर्धा वाले क्षेत्रों में पूंजी और टैलेंट दोनों का आवंटन करते रहेंगे।”

तीसरी, कंपनी अपने लोगों के साथ गरिमा और सम्मान के साथ-साथ पारदर्शितापूर्ण व्यवहार करेगी। नडेला ने कहा कि यह फैसले मुश्किल थे, लेकिन जरूरी भी थे। इससे कर्मचारियों, उनकी जिंदगी, हमारे साथियों और दोस्त प्रभावित होते हैं। कंपनी इस दौर में छंटनी के शिकार लोगों को पूरा समर्थन देगी।

सत्या नडेला ने कहा, “मैं अभी तक Microsoft के लिए योगदान देने वाले हर शख्स को धन्यवाद देता हूं और उनका आभारी हूं।”

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।