महाराष्ट्र में नांदेड़ (Nanded) के एक सरकारी अस्पताल में पिछले 24 घंटे में 12 शिशुओं समेत 24 लोगों की मौत हो गई। महाराष्ट्र के चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग के निदेशक डॉ. दिलीप म्हैसेकर ने पीटीआई को बताया कि पिछले 24 घंटे में, नांदेड़ सरकारी अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज (GMCH) में 24 लोगों की मौत हुई है। इनमें 12 शिशु हैं जिन्हें कुछ स्थानीय निजी अस्पतालों से यहां भेजा गया था। शेष मृतक वयस्क थे, जिनकी विभिन्न कारणों से मौत हुई। इस बीच, कांग्रेस नेता अशोक चव्हाण ने मंगलवार को दावा किया कि मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है, क्योंकि कल से अस्पताल में 7 और मरीजों की मौत हो गई है। इसके साथ ही मृतकों की संख्या बढ़कर 31 हो गई है।
चव्हाण ने X पर एक पोस्ट में लिखा, "नांदेड़ में मौत का सिलसिला जारी है। सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कल से 7 और मरीजों की दुर्भाग्यवश मृत्यु हो गई। मृतकों में 4 बच्चे भी शामिल हैं. राज्य सरकार को जिम्मेदारी तय करनी चाहिए।" मामले की जांच के लिए सोमवार को गठित तीन सदस्यीय विशेषज्ञ समिति मंगलवार दोपहर को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि इस संबंध में उचित कार्रवाई की जाएगी।
महाराष्ट्र कैबिनेट आज एक बैठक में नांदेड़ अस्पताल में हुई मौतों पर चर्चा करेगी। कैबिनेट इस घटना को लेकर जांच समिति बनाने पर फैसला कर सकती है। महाराष्ट्र सरकार में चिकित्सा शिक्षा मंत्री हसन मुश्रीफ ने कहा, "... छोटे बच्चों की संख्या 4-5 थी... मुझे बताया गया कि दवाइयों, डॉक्टरों की कोई कमी नहीं थी। इसके बावजूद ऐसा क्यों हुआ इसका हम जायजा लेंगे। इस मामले में समिति गठित की गई है, हमारे कमिश्नर और डायरेक्टर वहां गए हैं, मैं भी वहां जा रहा हूं।"
मृतकों में गर्भवती महिलाएं भी शामिल
कांग्रेस के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने कहा कि GMCH के डीन ने उन्हें 24 लोगों की मौत के बारे में बताया है। अस्पताल के डीन से मिली जानकारी का हवाला देते हुए उन्होंने कहा, "जिन 24 लोगों की मौत हुई है, उनमें से 6-7 नवजात थे और कुछ गर्भवती महिलाएं थीं। अन्य 70 मरीजों की हालत गंभीर है। कुछ लोगों की मौत अज्ञात जहर संबंधी कारण से हुई।"
चव्हाण ने कहा कि एकनाथ शिंदे सरकार को प्राथमिकता के आधार पर नांदेड़ GMCH के लिए मेडिकल स्टाफ के साथ-साथ धन की व्यवस्था करनी चाहिए। चव्हाण ने कहा कि अस्पताल में 500 बेड हैं, लेकिन फिलहाल लगभग 1,200 मरीज भर्ती हैं।
कांग्रेस का सरकार पर हमला
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया, "दवाओं की कमी के चलते महाराष्ट्र में 12 शिशुओं समेत 24 मरीजों की मौत का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें। शोक-संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।" उन्होंने कहा कि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो और पीड़ित परिवारों को मुआवजा दिया जाये।
कांग्रेस पार्टी ने X पर अपने आधिकारिक हैंडल के माध्यम से कहा, "महाराष्ट्र के सरकारी अस्पताल में 24 घंटे में 24 मरीजों की मौत की दुखद खबर सामने आई है। इनमें 12 बच्चे भी शामिल हैं। हमारी संवेदनाएं मृतकों के परिवारों के साथ हैं। ईश्वर उन्हें यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।"
पार्टी ने यह भी कहा, "खबरों के मुताबिक, मरीजों की मौत की एक वजह जरूरी दवाइयों की कमी है। यह बेहद गंभीर विषय है। इस मामले में लापरवाही बरतने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। सरकार को प्रचार से ज्यादा जमीन पर काम करने की जरूरत है।"