नवजोत सिंह सिद्धू शनिवार यानी 1 अप्रैल को जेल से रिहा होने जा रहे है। इस मौके पर उनकी पत्नी नवजोत कौर सिद्धू ने शुक्रवार को उनके लिए एक इमोशनल पोस्ट शेयर किया है। नवजोत कौर ने एक ट्वीट में कहा कि कांग्रेस नेता सिद्धू के पंजाब प्रेम ने उन्हें किसी मोहभाव के दायरे से बाहर कर दिया है। नवजोत कौर ने ट्वीट करते हुए लिखा कि, ये बात सच है कि नवजोत ने जो किया वह सही नहीं था। यहां तक कि मैनें भी उनके लिए सजा मांगी थी। लेकिन नवजोत का पंजाब के प्रति प्यार हर एक बात से ऊपर है। आपने जो मुझसे मांगा है मैं वह दूंगी लेकिन भगवान की इच्छा के खिलाफ नहीं। हर एक आदमी की अपनी नियति होती है। हमें उस पर सवाल उठाने का कोई हक नहीं है। अगर वाकई में किसी को सुधरने की जरूरत है तो वो हम खुद हैं। यही उसकी दुनिया और यही उसका कानून है।
शनिवार को जेल से छूट रहे हैं नवजोत सिंह सिद्धू
बता दें कि नवजोत सिंह सिद्धू को 1988 के एक रोड रेज मामले में एक साल सश्रम कारावास की सजा सुनाई गई है। यह सजा अब पूरी होने वाली है। ऐसे में कहा जा रहा है कि नवजोत सिंह सिद्धू इस शनिवार को जेल से बाहर आ सकते हैं। नवजोत सिंह सिद्धू पटियाला जेल में बंद हैं। नवजोत सिंह सिद्धू के ऑफीशियल ट्विटर हैंडल के मुताबिक जेल के अधिकारियों ने उनके बाहर आने की सूचना पर मुहर भी लगा दी है।
जनवरी में ही जेल से रिहा होने वाले थे सिद्धू
नवजोत सिंह सिद्धू जनवरी में ही जेल से रिहा होने वाले थे। नवजोत सिंह सिद्दू को यह एक साल की सजा सुप्रीम कोर्ट की तरफ से सुनाई गई थी। हालांकि पहले नवजोत को 26 जनवरी 2023 को ही जेल से रिहा किया जाना था पर अब वे 1 अप्रैल को जेल से रिहा होंगे। सिद्धू को साल 1988 में एक रोड रेज के केस में दोषी पाया गया था, जिसमें कि एक व्यक्ति गुरुनाम सिंह की मौत हो गई थी। पटियाला कोर्ट से सुप्रीम कोर्ट तक इस केस की सुनवाई 33 सालों तक चली थी।