इंडियन क्रिकेट टीम के पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू इस शनिवार को पटियाला जेल से रिहा हो सकते हैं। नवजोत एक रोड रेज के मामले में एक साल का सश्रम कारावास काट रहे हैं और उनकी इस सजा की अवधि पूरी होने के करीब है। ऐसे में इस शनिवार यानी 1 अप्रैल 2023 को नवजोत सिंह सिद्धू पटियाला जेल से बाहर आ सकते हैं। नवजोत सिंह सिद्धू के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से पोस्ट किए गए एक ट्वीट के अनुसार, संबंधित अधिकारियों ने उनकी कल जेल से रिहाई की पुष्टि की है।
शनिवार को जेल से रिहा होंगे सिद्धू
नवजोत सिंह सिद्धू के ऑफीशियल ट्विटर हैंडल से किए गए ट्वीट में यह लिखा गया था कि आप सभी को सूचित किया जाता है कि सरदार नवजोत सिंह सिद्धू को कल पटियाला जेल से रिहा किया जाएगा। (जैसा कि संबंधित अधिकारियों द्वारा सूचित किया गया है)। हालांकि इससे पहले नवजोत सिंह सिद्धू को 26 जनवरी 2023 को गणतंत्र दिवस के मौके पर रिहा किया जाना था, पर अब नवजोत 1 अप्रैल 2023 को जेल से बाहर आएंगे।
सुप्रीम कोर्ट ने ठहराया था सिद्धू को दोषी
बता दें कि नवजोत सिंह सिद्धू को यह एक साल की सजा एक सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के बाद दी गई थी। जस्टिस ए एम खानविलकर और जस्टिस एस के कौल की पीठ ने 58 वर्षीय सिद्धू को दी गई सजा के मुद्दे पर पीड़ित परिवार द्वारा दायर पुनर्विचार याचिका को स्वीकार कर लिया था। शीर्ष अदालत के आदेश के तुरंत बाद, पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रमुख ने आत्मसमर्पण कर दिया और कहा कि वे कानून की महिमा को प्रस्तुत करेंगे। पटियाला की सत्र अदालत से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक इस मामले की सुनवाई 33 साल से अधिक समय तक चली थी। हालांकि शीर्ष अदालत ने मई 2018 में सिद्धू को मामले में एक 65 वर्षीय व्यक्ति को "स्वेच्छा से चोट पहुंचाने" के अपराध के लिए दोषी ठहराया था।
नवजोत सिंह सिद्धू के खिलाफ क्या है मामला?
1988 में, सिद्धू को एक रोड रेज मामले में आरोपी बनाया गया था जिसमें पटियाला के गुरनाम सिंह की मौत हो गई थी। मामले में अभियोजन पक्ष के अनुसार, सिद्धू और उनके सहयोगी रूपिंदर सिंह संधू 27 दिसंबर, 1988 को पटियाला में शेरांवाला गेट क्रॉसिंग के पास एक सड़क के बीच में खड़ी जिप्सी में थे, जब पीड़िता और दो अन्य रास्ते में थे। जब वे चौराहे पर पहुंचे, तो यह आरोप लगाया गया कि मारुति कार चला रहे गुरनाम सिंह ने जिप्सी को सड़क के बीच में पाया और उसमें सवार सिद्धू और संधू को इसे हटाने के लिए कहा। इससे गरमागरम बहस छिड़ गई। खबरों के मुताबिक, सिद्धू ने गुरनाम सिंह के सिर पर वार किया था, जिससे बाद में उनकी मौत हो गई थी। सिद्धू को सितंबर 1999 में पटियाला की सत्र अदालत ने हत्या के आरोपों से बरी कर दिया था। हालांकि, दिसंबर 2006 में पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय ने फैसले को उलट दिया और सिद्धू और संधू को आईपीसी की धारा 304 (II) (गैर इरादतन हत्या) के तहत दोषी ठहराया। इसने उन्हें तीन साल की जेल की सजा सुनाई थी और प्रत्येक पर एक-एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया था। इसके बाद सिद्धू ने हाई कोर्ट के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी।