PFI नेताओं के खिलाफ NIA और ED की बड़ी कार्रवाई, 24 घंटे में 100 से ज्यादा लोग गिरफ्तार

NIA की अगुवाई में उत्तर प्रदेश, केरल और कर्नाटक समेत 10 राज्यों में PFI के खिलाफ कई ठिकानों पर छापेमारी की गई है। इसमें 100 से ज्यादा लोग गिरफ्तार हुए हैं

अपडेटेड Sep 22, 2022 पर 12:59 PM
Story continues below Advertisement
NIA और ED ने केरल में PFI के राज्य और जिला स्तरीय नेताओं के दफ्तरों और घरों पर तलाशी अभियान शुरू किया है।

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) और प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) के कई ठिकानों और उससे जुड़े लिंक पर देश भर में छापेमारी की है। पीएफआई से जुड़े लोगों पर टेरर फंडिंग और कैंप चलाने के मामले में ED और NIA ने उत्तर प्रदेश, केरल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु समेत कई राज्यों में छापेमारी की है। NIA और ED की रडार पर PFI के चेयरमैन ओएमए सलाम भी हैं। जिनके घर पर आधी रात को छापेमारी की गई।

सूत्रो से मिली जानकारी के मुताबिक, NIA, ED और राज्य पुलिस की संयुक्त टीमों ने 11 राज्यों में अब तक कुल 106 PFI सदस्यों को गिरफ्तार किया है। जिसमें आंध्र प्रदेश से 5, असम से 9, दिल्ली से 3, कर्नाटक से 20, केरल से 22, मध्य प्रदेश से 4, महाराष्ट्र से 20, पुडुचेरी से 3, राजस्थान से 2, तमिलनाडु से 10 और उत्तर प्रदेश से 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

NIA की बड़ी कार्रवाई


एजेंसियों की ओर से की गई गिरफ्तारियों में से ज्यादातर उन लोगों को पकड़ा गया है जो छापेमारी के दौरान स्पॉट के आसपास धरना प्रदर्शन कर रहे थे। ये सभी PFI के सदस्य हैं। NIA की अब तक की यह सबसे बड़ी कार्रवाई है। जिसके तहत PFI के कई ठिकानों पर छापेमारी की गई है। जांच एजेंसियों की ओर से ये तलाशी आतंकवाद को फंडिंग करने, ट्रेनिंग कैंप आयोजित करने और प्रतिबंधित संगठनों में शामिल होने के लिए लोगों को कट्टरपंथी बनाने में शामिल व्यक्तियों के घरों और कार्यालयों में की जा रही है।

Moneycontrol Hindi Daily Essential: हर जरूरी खबर जो आपके लिए जानना जरूरी है

ANI ने बताया कि NIA ने कोयंबटूर, कुड्डालोर, रामनाड, डिंडुगल, थेनी और थेनकासी सहित तमिलनाडु में कई स्थानों पर PFI के नेताओं के घरों की तलाशी ली है। जानकारी के अनुसार, पुरसावक्कम में चेन्नई PFI राज्य प्रमुख कार्यालय में भी तलाशी ली जा रही है। बताया जा रहा है कि NIA और ED के अधिकारी आधी रात से ही PFI नेताओं के घरों पर छापेमारी कर रहे हैं। जिसमें मलप्पुरम जिले के मंजेरी में PFI  अध्यक्ष ओएमए सलाम का घर और PFI ऑफिस भी शामिल है। छापेमारी के दौरान PFI कार्यकर्ताओं ने मलप्पुरम में ओएमए सलाम के घर के बाहर धरना-प्रदर्शन भी किया।

NIA ने 18 सितंबर को की थी छापेमारी

इससे पहले राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने 18 सितंबर को आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में 23 जगहों पर छापेमारी की थी। जहां कराटे प्रशिक्षण केंद्र के नाम पर प्रतिबंधित संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) के ट्रेनिंग कैंप चलाए जा रहे थे। NIA ने निजामाबाद, कुरनूल, गुंटूर और नेल्लोर जिले में रेड की थी। सूत्रों के अनुसार, इन जगहों पर आतंकी गतिविधियों की जानकारी मिली थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।