फाइनेंस मिनिस्टर निर्मला सीतारमण ने पंजाब एंड महाराष्ट्र कोऑपरेटिव (PMC) बैंक के ग्राहकों को भरोसा दिलाया है कि वह इस मामले में RBI गवर्नर से बात करेंगी। उन्होंने कहा कि सीधे तौर पर इस मामले में फाइनेंस मिनिस्ट्री कुछ नहीं कर सकती क्योंकि बैंकिंग रेगुलेटर RBI है।
मुंबई में मीडिया से बात करते हुए सीतारमण ने कहा, "आज शाम एकबार फिर मैं RBI गवर्नर से बात करूंगी और PMC बैंक के ग्राहकों की मुश्किल के बारे में बताऊंगी। मैं उनसे अपील करूंगी कि वह लोगों को अपना पैसा निकालने की इजाजत दे। मैं निश्चित तौर पर इस मुद्दे पर आज शाम RBI गवर्नर से बात करूंगी।"
PMC मामले की जांच करने वाले दल में फाइनेंस मिनिस्ट्री के दो सचिव भी शामिल होंगे। इसमें RBI की तरफ एक डिप्टी गवर्नर लेवल का अधिकारी भी शामिल होगा। सीतारमण ने कहा कि अगर किसी कानूनी संशोधन के जरिए रेगुलेटर को मजबूत बनाकर बैंकों में होने वाली गड़बड़ियों को रोका जा सकता है तो यह कदम भी उठाया जाएगा।
फाइनेंस मिनिस्टर गुरुवार को मुंबई के BJP ऑफिस गई थीं। वहां BJP ऑफिस के बाहर PMC बैंक के ग्राहकों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। सीतारमण महाराष्ट्र चुनाव के मुद्दे पर मीडिया ब्रीफिंग करने वाली थी। लेकिन ग्राहकों के प्रदर्शन की वजह से उन्होंने पहले परेशान ग्राहकों से मुलाकात की और यह भरोसा जताया कि वह इस मामले में RBI से बात करेगी।